वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन ने सोमवार को कहा कि भारतीय टीम बहुत खतरनाक है लेकिन माना कि उनकी टीम पीछे नहीं हटने वाली और वह इस चुनौती का इंतजार कर रही है. भारतीय टीम ने तीन मैच की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को 2-1 से शिकस्त दी और अब मंगलवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैच की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मेहमान टीम से भिड़ेगी. हुसैन ने मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘वे (भारत) जानते हैं कि हम किस तरह का क्रिकेट खेलते हैं। हम जानते हैं कि वे एक खतरनाक टीम हैं लेकिन हम भी पीछे नहीं हटने वाले हैं. '' उन्होंने कहा, ‘‘दोनों टीमें इस चुनौती का इंतजार कर रही हैं. यह सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि कौन सबसे अच्छी योजना बनाता है और कौन उसे सबसे अच्छी तरह लागू करता है.हम उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करेंगे जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं. ''
हुसैन ने कहा कि बाएं हाथ के स्पिनर होने के नाते मजबूत खिलाड़ियों से भरे भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप के खिलाफ गेंदबाजी करना आसान नहीं है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मतलब है कि आप गेंदबाजी करने से डरते नहीं हैं, बल्कि आप उस चुनौती का आनंद लेते हैं, हम जानते हैं कि भारत के टी20 के शीर्ष खिलाड़ी शीर्ष तीन में शामिल हैं. ''
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सामान्य तौर पर पावरप्ले में गेंदबाजी करना काफी डरावना होता है, खासकर जब आप स्पिनर हों। पिच पर आपके पास काम करने के लिए कम जगह होती है और फिर आपके दो खिलाड़ी बाहर होते हैं। जब आपके पास अच्छी बल्लेबाजी वाली पिचें हों और ये खिलाड़ी ऊंचे स्ट्राइक रेट से रन बनाते हों तो यह और भी मुश्किल हो जाता है. ''
वेस्टइंडीज के स्पिनर ने कहा, ‘‘लेकिन इसके साथ ही बहुत सारा डेटा उपलब्ध है, भले ही मैंने इन खिलाड़ियों के खिलाफ बहुत ज्यादा नहीं खेला हो, बहुत सारा डेटा उपलब्ध है इसलिए आप अपनी योजना बना सकते हैं, आपके पास कुछ विकल्प हो सकते हैं जिन्हें आप लेकर आना चाहते हैं. '' हुसैन मंगलवार को अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे. उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार ढलना और योजनाओं को लागू करना किसी भी गेंदबाज के लिए महत्वपूर्ण है.
(IANS के अनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें | नंबर-1 पर 6 छक्कों वाला रिकॉर्ड, वैभव सूर्यवंशी ने चुनी अपनी टॉप 6 Wishlist
यह भी पढ़ें | वैभव सूर्यवंशी को लेकर कोच ने साफ की रणनीति, बोले- प्लेइंग इलेवन में खेलने या बेंच पर बैठने...
यह भी पढ़ें | भारत-वेस्टइंडीज पहला टी20 आज, फ्री में कैसे देखें LIVE मुकाबला?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं