विज्ञापन

यही बात बनाती है अभिषेक शर्मा को धुरंधरों का धुरंधर बल्लेबाज, पाकिस्तान के लिए फिर बने काल, इतने की स्ट्राइक रेट से कूटे रन

पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली.

यही बात बनाती है अभिषेक शर्मा को धुरंधरों का धुरंधर बल्लेबाज, पाकिस्तान के लिए फिर बने काल, इतने की स्ट्राइक रेट से कूटे रन
पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा

पाकिस्तान के खिलाफ जब भी अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी करने उतरते हैं, रन अपने आप निकलते नजर आते हैं. एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भी उन्होंने 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत की गोल्ड जीत की नींव रख दी. आंकड़े गवाही देते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक का बल्ला हमेशा आग उगलता है. भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत के कई हीरो रहे, लेकिन अगर किसी एक खिलाड़ी ने शुरुआत में ही मुकाबले का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया तो वह अभिषेक शर्मा थे. बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने सिर्फ 28 गेंदों पर 61 रन कूट दिए और पाकिस्तान के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया.

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के खिलाफ यह कोई पहली बार नहीं था. अभिषेक का रिकॉर्ड बताता है कि उन्हें इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ बल्लेबाजी करना बेहद पसंद है. पाकिस्तान के खिलाफ खेले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वह 135 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका औसत 45 का और स्ट्राइक रेट 190.14 का रहा है. उन्होंने 71 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 10 छक्के लगाए हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 74 रन रहा है.

एशियन गेम्स फाइनल में भी अभिषेक ने शुरुआत से ही आक्रमण का रास्ता चुना. स्पिनरों की मददगार मानी जा रही पिच पर उन्होंने पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं. 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने वाले अभिषेक ने अपनी पारी में 7 छक्के जड़े. उनके आक्रामक तेवर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत ने पावरप्ले में ही 81 रन जोड़ दिए थे.

वैभव सूर्यवंशी के जल्दी आउट होने के बाद पाकिस्तान को वापसी की उम्मीद थी, लेकिन अभिषेक ने किसी भी गेंदबाज को जमने नहीं दिया. अहमद दानियाल से लेकर सुफयान मोकीम और अराफात मिन्हास तक, हर गेंदबाज उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का शिकार बना. उनकी पारी ने पाकिस्तान की रणनीति को शुरुआती ओवरों में ही बिखेर दिया.

अभिषेक के आउट होने के बाद भारत की पारी थोड़ी धीमी जरूर पड़ी और स्कोर 5 विकेट पर 133 तक पहुंच गया, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे. बाद में तिलक वर्मा ने नाबाद 51 और शिवम दुबे (27) रन की पारी ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को 211 रन तक पहुंचाया. जवाब में पाकिस्तान की टीम 6 विकेट पर 192 तक ही पहुंच सकी. फाइनल में खेली गई 61 रन की यह पारी केवल एक अर्धशतक नहीं थी, बल्कि गोल्ड मेडल की नींव थी. यही वजह है कि जब एशियन गेम्स 2026 के फाइनल को याद किया जाएगा, तो अभिषेक शर्मा की 28 गेंदों वाली विस्फोटक पारी का जिक्र सबसे पहले होगा.

पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा का T20I में प्रदर्शन

मैच: 3
रन: 135
औसत: 45.00
स्ट्राइक रेट: 190.14
सर्वोच्च स्कोर: 74
अर्धशतक: 1
चौके: 7
छक्के: 10

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com