विज्ञापन
This Article is From May 23, 2021

दिल्ली में बादल छाए रहने से मौसम रहा सुहाना, आज बारिश होने की संभावना

अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे, 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे उतरा

दिल्ली में बादल छाए रहने से मौसम रहा सुहाना, आज बारिश होने की संभावना
दिल्ली में शनिवार को बादल छाए रहे.
नई दिल्ली:

Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण मौसम काफी सुहावना रहा और अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शहर में पिछले तीन दिनों से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. रविवार को गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है.

दिल्ली में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के क्रमश: 37 डिग्री तथा 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है. राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से नौ डिग्री नीचे है.

शहर का मौसम संबंधी आधिकारिक आंकड़ा बताने वाली सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं पालम, लोधी रोड और आयानगर में क्रमश: 22 मिमी, 22.6 मिमी और 35 मिमी बारिश दर्ज की गई.

दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य तापमान से 16 डिग्री सेल्सियस कम था और 1951 के बाद से मई महीने का यह सबसे कम तापमान था.

गौरतलब है कि 15 मिमी से नीचे दर्ज की गई बारिश को ''हल्का'' माना जाता है, 15 मिमी से 64.5 मिमी के बीच ''मध्यम'', 64.5 मिमी और 115.5 मिमी के बीच ''भारी'' जबकि 115.6 मिमी और 204.4 मिमी के बीच की बारिश को ''बहुत भारी'' की श्रेणी में रखा जाता है. 204.4 मिमी से ऊपर की बारिश को ''बेहद भारी'' वर्षा माना जाता है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather, Delhi, Clouds
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com