जब भी दुनिया के सबसे बेहतरीन स्मार्टफोन कैमरों की बात होती है, तो iPhone का नाम सबसे ऊपर आता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके iPhone के इस जादुई कैमरे के पीछे एक भारतीय दिमाग का बहुत बड़ा हाथ है? जी हां, हम बात कर रहे हैं आलोक देशपांडे (Alok Deshpande) की, जो इस समय टेक दिग्गज Apple में 'Director, Camera & Photos Software' के पद पर हैं. जानते हैं उनके बारे में.
कौन हैं आलोक देशपांडे? (Who is Alok Deshpande?)
आलोक देशपांडे एप्पल के कैलिफोर्निया स्थित हेडक्वार्टर (Cupertino) में पिछले 9 साल से भी ज्यादा समय से काम कर रहे हैं. अक्टूबर 2023 में उन्हें प्रमोट करके 'Director, Camera & Photos Software' बनाया गया था. इससे पहले वह करीब छह साल से ज्यादा समय तक एप्पल में 'Senior Manager, Camera Software' के रूप में काम कर चुके हैं.
आपके iPhone कैमरे को दिए ये धांसू फीचर्स
आलोक देशपांडे और उनकी टीम ने ही iPhone के उन फीचर्स को तैयार किया है जिन्होंने स्मार्टफोन फोटोग्राफी की परिभाषा बदल दी. एप्पल के कई बड़े लॉन्च का हिस्सा रहे आलोक के नाम के साथ SmartHDR, Deep Fusion, Night Mode और Semantic Rendering जैसे कमाल के फीचर्स जुड़े हैं.
स्टैनफोर्ड छोड़ शुरू किया था खुद का स्टार्टअप
आलोक देशपांडे ने साल 2003 में दुनिया की Stanford University में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई शुरू की थी. लेकिन सिर्फ दो साल बाद, यानी 2005 में उन्होंने एक बड़ा रिस्क लिया. उन्होंने अपनी पढ़ाई को बीच में ही 'स्टॉप आउट' (ड्रॉप) कर दिया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर 'Loopt' नाम के एक मोबाइल सोशल नेटवर्क की शुरुआत की.
यह दुनिया के सबसे पहले मोबाइल-फोकस्ड सोशल नेटवर्क्स में से एक था, जो YCombinator के पहले बैच का हिस्सा बना. आलोक ने इसके इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट विंग को संभाला और इसे 50 लाख से ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाया. बाद में साल 2012 में इस कंपनी को 'Green Dot Corporation' ने खरीद लिया.
चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर से Apple के डायरेक्टर तक
Loopt के एक्विजिशन के बाद आलोक Green Dot Corporation का हिस्सा बन गए. वहां उन्होंने 'Chief Product Officer' (CPO) और 'GoBank' के वाइस प्रेसिडेंट के रूप में काम किया. उन्होंने Uber, Apple, इंटुइट और Walmart जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ पार्टनरशिप डिजाइन्स पर काम किया. इसके बाद साल 2017 में उन्होंने Apple में कदम रखा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.
WWDC 2026 में टिकी नजरें?
Apple के इवेंट WWDC 2026 में एक बार फिर आलोक देशपांडे की टीम के काम पर पूरी दुनिया की नजरें हैं. इस बार iOS 27 के साथ जो नए AI कैमरा फीचर्स और Apple Intelligence से जुड़े फोटो एडिटिंग टूल्स आए हैं, उन्हें डेवलप करने में आलोक की टीम ने दिन-रात काम किया है.
एक मजेदार बात यह भी है कि आलोक खुद मजाक में कहते हैं कि उनकी मां आज भी उम्मीद लगाए बैठी हैं कि वह किसी दिन स्टैनफोर्ड जाकर अपनी डिग्री पूरी करेंगे, भले ही आज वो दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी के सबसे खास डायरेक्टर्स में से एक बन चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं