विज्ञापन

Upcoming PSU IPO: जल्द आ सकता है सरकारी कंपनी IIFCL का आईपीओ, सरकार भी बेचेगी हिस्सेदारी, जानें पूरी डिटेल

IIFCL IPO Update: सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी IIFCL जल्द शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है. IPO में सरकार OFS के जरिए हिस्सेदारी बेचेगी और कंपनी नए शेयर जारी कर पैसा जुटाएगी. जानें IPO की टाइमलाइन से जुड़ी पूरी डिटेल.

Upcoming PSU IPO: जल्द आ सकता है सरकारी कंपनी IIFCL का आईपीओ, सरकार भी बेचेगी हिस्सेदारी, जानें पूरी डिटेल
IIFCL IPO: सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंसर IIFCL जल्द शेयर बाजार में IPO लाने की तैयारी में है, जिसमें सरकार हिस्सेदारी बेचेगी और कंपनी नए शेयर जारी करेगी.
NDTV इंडिया

IIFCL IPO: सरकारी कंपनी इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड (IIFCL) जल्द शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है. सरकार इस कंपनी का IPO लाने की तैयारी कर रही है. इस इश्यू में कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा जुटाएगी, जबकि सरकार भी अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचेगी. इसके लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) तैयार करने का काम चल रहा है. माना जा रहा है कि IPO चालू वित्त वर्ष के आखिर तक या अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में आ सकता है.

सरकार बेचेगी हिस्सेदारी, कंपनी भी जारी करेगी नए शेयर

रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार IIFCL में अपनी कुछ हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेगी. वहीं, कंपनी फ्रेश इक्विटी शेयर जारी करके बाजार से पैसा जुटाएगी. हालांकि, अभी IPO का कुल साइज और सरकार कितनी हिस्सेदारी बेचेगी, यह तय नहीं हुआ है.

सरकार ने कंपनी में अपनी 25% तक हिस्सेदारी घटाने को मंजूरी दी है. हालांकि, अंतिम फैसला बाजार से मिलने वाले रिस्पॉन्स के आधार पर लिया जाएगा. IPO के लिए सेबी के पास DRHP जमा करने की तैयारी चल रही है. कैबिनेट ने नवंबर 2025 में ही IIFCL की लिस्टिंग को मंजूरी दे दी थी.

FY28 की शुरुआत तक हो सकती है लिस्टिंग

कंपनी का IPO मार्च तिमाही यानी FY27 की आखिरी तिमाही में भी आ सकता है. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, अगर कंपनी एक-दो तिमाही तक बेहतर वित्तीय नतीजे दिखाती है, तो उसे बाजार में बेहतर वैल्यू मिल सकती है. ऐसे में इसकी लिस्टिंग FY28 की शुरुआत तक होने की संभावना भी जताई जा रही है.

पहली छमाही में 48% बढ़ा मुनाफा

IIFCL के मुनाफे पर FY26 में विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव का असर पड़ा था. इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 36% गिरकर 1,379 करोड़ रुपये रह गया था. हालांकि, FY27 की पहली छमाही में कंपनी ने अच्छी वापसी की.

अप्रैल से सितंबर के दौरान इसका नेट प्रॉफिट 48% बढ़कर 1,065 करोड़ रुपये पहुंच गया. सितंबर 2026 के अंत तक कंपनी का बकाया लोन 96,537 करोड़ रुपये था, जो मार्च 2026 के मुकाबले 20.6% ज्यादा है. वहीं, कंपनी की कुल संपत्ति 15.2% बढ़कर 1,13,465 करोड़ रुपये हो गई. खास बात यह है कि कंपनी का नेट NPA शून्य है.

क्या करती है IIFCL?

IIFCL की स्थापना साल 2006 में हुई थी. यह पूरी तरह केंद्र सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को लंबे समय के लिए फाइनेंस देती है. यह RBI में नॉन-डिपॉजिट लेने वाली NBFC के तौर पर रजिस्टर्ड है.कंपनी सड़क, बिजली उत्पादन और एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करती है. मार्च 2026 तक उसके कुल लोन में इन तीनों सेक्टर की हिस्सेदारी करीब 62% थी. 31 मार्च 2026 तक कंपनी ने डायरेक्ट लेंडिंग, टेकआउट फाइनेंस, रीफाइनेंस, क्रेडिट एन्हांसमेंट, InvIT और बॉन्ड के जरिए करीब 890 प्रोजेक्ट्स को 3.64 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की मंजूरी दी थी. इनमें से 1.89 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का वितरण किया जा चुका था.

सरकार को IIFCL में हिस्सेदारी बेचने से मिलने वाली रकम विनिवेश से होने वाली कमाई में जुड़ेगी. चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार को विनिवेश से 55,757 करोड़ रुपये मिल चुके हैं.

यह भी पढ़ें | नोएल टाटा की चिट्ठी के बाद टली टाटा संस की बोर्ड मीटिंग, अब 30 नवंबर को होगी बैठक, चेयरमैन पद को लेकर भी टकराव

यह भी पढ़ें | दिसंबर में RBI कितनी बढ़ाएगा ब्याज दरें? SBI रिपोर्ट ने कहा- 0.25% काफी है, ज्यादा बढ़ोतरी से ग्रोथ को खतरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PSU IPO, Upcoming IPO, Government Disinvestment, Government IPO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com