आज 12 अक्टूबर से शुरू हो रहे हफ्ते में प्राइमरी मार्केट में चार कंपनियों के आईपीओ खुलने वाले हैं. इनमें दो मेनबोर्ड आईपीओ एचडी फायर प्रोटेक्ट और फ्यूजन सीएक्स के हैं. दोनों मेनबोर्ड आईपीओ मिलकर 1,414 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आ रहे हैं. मेनबोर्ड के अलावा एसएमई (SME) सेगमेंट में वैभव व्यापार (Vaibhav Vyapaar) और रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज (Ravita Engineering Services) के आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे. ऐसे में निवेशकों की नजर इन चारों नए इश्यू पर रहेगी. निवेशकों के लिए कमाई का ये शानदार मौका हो सकता है. इसमें दांव लगाने से पहले जानिए किस कंपनी का कितना है इश्यू साइज और किस आईपीओ में निवेश से मिलेगा तगड़ा मुनाफा. चेक करें सभी की तारीख और डिटेल्स...
1. HD Fire Protect IPO: 712 करोड़ रुपये का इश्यू
फायर प्रोटेक्शन उपकरण और सिस्टम बनाने वाली कंपनी एचडी फायर प्रोटेक्ट का आईपीओ 13 अक्टूबर को खुलेगा और 15 अक्टूबर तक इसमें बोली लगाई जा सकेगी. एंकर निवेशकों के लिए बोली 12 अक्टूबर को होगी. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 258 से 271 रुपये तय किया है.IPO के ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब 4,750 करोड़ रुपये होगा. इस इश्यू में प्रमोटर हरीश नरशी धरमशी और कुसुम हरीश धरमशी अपने 2.63 करोड़ शेयर बेचेंगे. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है, इसलिए आईपीओ से मिलने वाला पैसा कंपनी को नहीं, बल्कि शेयर बेचने वाले प्रमोटरों को मिलेगा.
वहीं, ऊपरी प्राइस बैंड पर इश्यू का आकार 712.13 करोड़ रुपये और निचले बैंड पर करीब 678 करोड़ रुपये है. कंपनी के शेयर 21 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने की उम्मीद है. इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर एम्बिट, आनंद राठी एडवाइजर्स और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज हैं.
2. Fusion CX IPO: 702 करोड़ रुपये जुटाने की है तैयारी
AI बेस्ड कस्टमर एक्सपीरियंस सर्विस देने वाली फ्यूजन सीएक्स का IPO 14 अक्टूबर को खुलेगा और 16 अक्टूबर को बंद होगा. एंकर निवेशक 13 अक्टूबर को बोली लगा सकेंगे. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 275 से 289 रुपये तय किया है.ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का इश्यू के बाद मार्केट कैप 4,170 करोड़ रुपये से ज्यादा रहने की उम्मीद है. 702 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे, जबकि 202 करोड़ रुपये तक के शेयर मौजूदा निवेशक पीएनएस बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड और रसीश कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड बेचेंगे.कंपनी ने मई 2025 में सेबी के पास दाखिल ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में 1,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना रखी थी. बाद में इश्यू का आकार घटाकर 702 करोड़ रुपये कर दिया गया.
3. Vaibhav Vyapaar IPO: 13 अक्टूबर से लगा सकेंगे बोली
एसएमई सेगमेंट में वैभव व्यापार का आईपीओ 13 अक्टूबर को खुलेगा और 15 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 51 से 54 रुपये तय किया है. इस इश्यू में कुल 77,96,000 शेयर शामिल हैं.
4. Ravita Engineering Services IPO: प्राइस बैंड 105 से 112 रुपये
रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज का आईपीओ भी 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक खुला रहेगा. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 105 से 112 रुपये तय किया है. इस इश्यू में कुल 1,03,62,000 शेयर शामिल हैं.
IPO में निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
किसी भी IPO में पैसे लगाने से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, कारोबार, जोखिम और वैल्यूएशन की जानकारी जरूर लें. केवल आईपीओ खुलने या ट्रेंड में रहने के आधार पर निवेश का फैसला न लें.
(नोट-ये सिर्फ एक सामान्य जानकारी है. शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें.)
यह भी पढ़ें | दिल्ली में धरना प्रदर्शन से 2000 करोड़ का कारोबार ठप्प! CTI की बड़ी अपील, दिवाली तक प्रदर्शन पर रोक की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं