टाटा ग्रुप में इन दिनों चेयरमैन पद को लेकर हलचल तेज है. इसी बीच टाटा संस की बोर्ड मीटिंग की तारीख भी बदल दी गई है. पहले यह बैठक 26 नवंबर को होनी थी, लेकिन अब इसे 30 नवंबर तक के लिए टाल दिया गया है. इसकी वजह नोएल टाटा की एक चिट्ठी बताई जा रही है. उन्होंने बोर्ड मीटिंग से कम से कम सात दिन पहले एजेंडा भेजने की मांग उठाई थी. इस पूरे मामले के बीच टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का मुद्दा भी चर्चा में है.
7 दिन पहले एजेंडा भेजने की मांग
नोएल टाटा ने कंपनी को पत्र लिखकर बोर्ड मीटिंग से पहले एजेंडा भेजने की अनिवार्य समय-सीमा का पालन करने को कहा था. NDTV Profit की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कंपनीज एक्ट के तहत बैठक से एक सप्ताह पहले एजेंडा सर्कुलेट करने की मांग की थी. सूत्रों के अनुसार, इसी मांग के बाद 26 नवंबर को होने वाली बैठक टाल दी गई और अब यह 30 नवंबर को होगी.
बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग भी मांगी
नोएल टाटा ने सिर्फ मीटिंग के एजेंडे को लेकर ही सवाल नहीं उठाए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने शुक्रवार को टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय को पत्र लिखकर 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग और नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी (NRC) की बैठक की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी थी.
उन्होंने बोर्ड मेंबर के तौर पर इन रिकॉर्डिंग को मांगने के अपने अधिकार का हवाला दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा संस पहले उनकी रिकॉर्डिंग देने की मांग ठुकरा चुका था.
चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर क्यों फंसा पेंच?
रिपोर्ट के मुताबिक, NRC की बैठक 3 सितंबर को हुई थी. इसमें एन चंद्रशेखरन से टाटा संस के चेयरमैन पद पर दोबारा नियुक्ति की रेस से हटने के अपने फैसले पर फिर विचार करने को कहा गया था. ऐसे में चेयरमैन पद को लेकर कंपनी के भीतर चल रही गहमागहमी की भी काफी चर्चा हो रही है.
वेणु श्रीनिवासन की भूमिका पर उठाए सवाल
नोएल टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के नॉमिनी वेणु श्रीनिवासन के चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ी चर्चा में शामिल होने पर भी आपत्ति जताई थी. उन्होंने कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट यानी हितों के टकराव का सवाल उठाया. यह आपत्ति श्रीनिवासन की अध्यक्षता वाली एक कंपनी और चंद्रशेखरन के बेटे की कंपनी के बीच कारोबारी संबंधों से जुड़ी है. मीडिया रिपोर्ट्स में चंद्रशेखरन के परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित Hanno Warehousing और TVS ग्रुप के बीच कारोबारी लेनदेन का जिक्र किया गया है.
हालांकि, टाटा संस पहले ही इस मामले में किसी भी तरह के हितों के टकराव से इनकार कर चुका है. कंपनी का कहना है कि इससे जुड़ी जरूरी जानकारियां सही तरीके से साझा की गई
थीं.
यह भी पढ़ें | FSSAI के एक्शन के बीच जानें कौन हैं Bisleri के मालिक, ₹3,200 करोड़ के बिजनेस साम्राज्य की पूरी कहानी
यह भी पढ़ें | डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए RBI ला रहा है ‘Stop Switch', एक क्लिक में बंद हो जाएंगे सभी पेमेंट, जानें इसके फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं