विज्ञापन

दिसंबर में RBI कितनी बढ़ाएगा ब्याज दरें? SBI रिपोर्ट ने कहा- 0.25% काफी है, ज्यादा बढ़ोतरी से ग्रोथ को खतरा

दिसंबर की RBI मौद्रिक नीति में 0.25% ब्याज दर बढ़ोतरी पर्याप्त हो सकती है. SBI रिसर्च ने 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी से ग्रोथ, रुपए और पूंजी निकासी पर खतरे की आशंका जताई है.

दिसंबर में RBI कितनी बढ़ाएगा ब्याज दरें? SBI रिपोर्ट ने कहा- 0.25% काफी है, ज्यादा बढ़ोतरी से ग्रोथ को खतरा
RBI Repo Rate: 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी का फैसला पड़ सकता है भारी, SBI रिपोर्ट में कहा- दिसंबर में 0.25% इजाफा काफी
NDTV इंडिया

दिसंबर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति बैठक से पहले ब्याज दरों को लेकर चर्चा तेज हो गई है. कुछ लोग महंगाई पर काबू पाने के लिए रेपो रेट में 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं. हालांकि, SBI रिसर्च की एक रिपोर्ट का कहना है कि फिलहाल इतनी बड़ी बढ़ोतरी की जरूरत नहीं है. दिसंबर में ब्याज दरों में 0.25% का इजाफा ही काफी होगा. 

रिपोर्ट के मुताबिक, रेपो रेट में 0.50% की बढ़ोतरी से पूंजी की निकासी, रुपए में उतार-चढ़ाव और देश की आर्थिक ग्रोथ को लेकर चिंता बढ़ सकती है.

0.50% की बड़ी बढ़ोतरी क्यों पड़ सकती है भारी?

SBI रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि RBI को ब्याज दरों पर फैसला लेते समय वित्तीय स्थिरता का भी ध्यान रखना चाहिए. महंगाई के मौजूदा रुझान को देखते हुए दिसंबर में 0.25% की बढ़ोतरी पर्याप्त हो सकती है. इसके बजाय 0.50% की बड़ी बढ़ोतरी से बाजार पर दबाव बढ़ सकता है. इससे विदेशी पूंजी बाहर जाने, रुपए में अस्थिरता और आर्थिक विकास की रफ्तार प्रभावित होने का खतरा है.

अमेरिकी बाजारों पर बढ़ रहा दबाव

रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर का महीना अमेरिकी बाजारों और उनसे जुड़े दूसरे बाजारों के लिए काफी मुश्किल रहा है. अमेरिका का हाउसिंग मार्केट में भी दबाव के संकेत दिख रहे हैं.अमेरिका में मॉर्गेज यानी घर के लोन का कुल कर्ज बढ़कर 13.3 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है. वहीं, कंज्यूमर क्रेडिट पर ब्याज दरें 11.9% के ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं. इससे परिवारों पर कर्ज चुकाने का बोझ बढ़ रहा है.

महंगे लोन से घर खरीदना हुआ मुश्किल

SBI की रिपोर्ट के अनुसार, ऊंची ब्याज दरों के कारण घर खरीदना महंगा हो रहा है. इससे मकानों की मांग और खरीद-बिक्री दोनों प्रभावित हो रहे हैं. अमेरिका में घर मालिकों की इक्विटी GDP के करीब 110% पर है. इसका मतलब है कि मौजूदा घर मालिकों के पास काफी संपत्ति जमा है.

इसके बावजूद घरों की खरीद-बिक्री में तेजी नहीं आई है. इसकी एक वजह मॉर्गेज रेट लॉक-इन या 'गोल्डन हैंडकफ्स' का असर है. यानी जिन लोगों ने पहले कम ब्याज दर पर होम लोन लिया है, वे ज्यादा ब्याज दर पर नया लोन लेने से बच रहे हैं.

गोल्ड ETF में बढ़ा निवेश, डॉलर-रुपए पर भी चिंता

रिपोर्ट में बताया गया कि भविष्य को लेकर अनिश्चितता के कारण नवंबर के पहले पखवाड़े में गोल्ड ETF में रिकॉर्ड 706 मिलियन डॉलर का निवेश आया. इससे पहले अक्टूबर में इनमें 657 मिलियन डॉलर की निकासी हुई थी.SBI रिसर्च ने कहा कि यह स्थिति पिछले संकट के दौर जैसी लगती है, जब शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद सोने और चांदी की कीमतें पहले गिरी थीं और फिर कुछ महीनों में दोगुनी हो गई थीं.

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी बाजारों में मौजूदा गिरावट काफी गंभीर है. यह दिखाता है कि नए इनोवेशन और तकनीकी तरक्की के बावजूद वित्तीय संकट आ सकता है.

रुपए में उतार-चढ़ाव बढ़ा सकता है मुश्किल

SBI रिसर्च ने डॉलर के मुकाबले रुपए की हालिया चाल पर भी चिंता जताई है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत जैसे देश में एक सीमा के बाद एक्सचेंज रेट राहत देने के बजाय आर्थिक झटकों का असर और बढ़ा सकता है. ऐसे में RBI के लिए ब्याज दरों पर फैसला लेते समय महंगाई के साथ आर्थिक ग्रोथ और वित्तीय स्थिरता का ध्यान रखना भी जरूरी है.

यह भी पढ़ें | FSSAI के एक्शन के बीच जानें कौन हैं Bisleri के मालिक, ₹3,200 करोड़ के बिजनेस साम्राज्य की पूरी कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
RBI Repo Rate, RBI Repo Rate Hike, RBI Repo Rate Forecast, RBI Monetary Policy, SBI Research Report
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com