रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपना PF का पैसा एक साथ निकालने के बजाय अब किस्तों में भी ले सकेंगे. EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसके तहत पेंशन और रिटायरमेंट के लिए जमा PF का पैसा मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में निकालने का ऑप्शन मिल सकता है. लेकिन क्या EPF के नए SWP ऑप्शन के तहत जमा पैसा निकालने पर भी इनकम टैक्स से छूट मिलेगी? टैक्स एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा नियमों के तहत मिलने वाली छूट SWP पर भी लागू होनी चाहिए, हालांकि सरकार को इस पर स्पष्ट नियम जारी करने होंगे.
5 साल की नौकरी के बाद PF निकालने पर टैक्स छूट
मौजूदा नियमों के तहत लगातार 5 साल की नौकरी पूरी करने के बाद EPF का पैसा निकालने पर तय शर्तों के तहत टैक्स छूट मिलती है. इसमें पहले की नौकरी का समय भी जोड़ा जा सकता है.
इकोनॉमिक टाइम्स से बातचीत में EY इंडिया के टैक्स पार्टनर पुनीत गुप्ता ने कहा, अगर कर्मचारी एकमुश्त पैसा निकालने के बजाय किस्तों में रकम लेता है, तो भी टैक्स छूट मिलनी चाहिए. सिर्फ पैसा निकालने का तरीका बदलने से टैक्स नियम नहीं बदलने चाहिए.
वहीं, नांगिया एंड कंपनी के एसोसिएट पार्टनर अवनीत सिंह के मुताबिक, मौजूदा नियमों में 5 साल की लगातार सर्विस पूरी होने पर PF निकासी टैक्स फ्री होती है. हालांकि, 50,000 रुपये से ज्यादा की निकासी पर 10% TDS काटा जा सकता है. कर्मचारी ITR भरते समय इस TDS का रिफंड ले सकते हैं या इसे अपनी टैक्स देनदारी में एडजस्ट कर सकते हैं.
बचे हुए PF पर मिलने वाले ब्याज का क्या होगा?
अगर कोई रिटायर कर्मचारी 70 लाख रुपये का PF जमा होने पर हर महीने 1 लाख रुपये निकालता है, तो बाकी रकम पर मिलने वाले ब्याज के टैक्स को लेकर सवाल उठता है.एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नौकरी छोड़ने या रिटायरमेंट के बाद EPFO में बची रकम पर मिलने वाला ब्याज कुछ स्थितियों में टैक्स के दायरे में आ सकता है. खैतान एंड कंपनी के पार्टनर विनय जॉय और अन्य एक्सपर्ट्स का मानना है कि सरकार को SWP की किस्तों और बची रकम पर ब्याज, दोनों के टैक्स नियम स्पष्ट करने चाहिए.
VPF और टैक्सेबल ब्याज पर भी नियम जरूरी
कर्मचारी के PF खाते में सामान्य योगदान, VPF और टैक्सेबल ब्याज जैसे अलग-अलग हिस्से हो सकते हैं. मौजूदा नियमों के मुताबिक, कर्मचारी के EPF और VPF योगदान की कुल रकम एक साल में 2.5 लाख रुपये से ज्यादा होने पर अतिरिक्त योगदान से मिलने वाला ब्याज टैक्सेबल हो सकता है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि SWP शुरू होने के बाद भी इन हिस्सों का अलग रिकॉर्ड रखना जरूरी होगा. किस्तों में पैसा निकालने से पहले से टैक्स दिए जा चुके ब्याज पर दोबारा टैक्स नहीं लगना चाहिए.
PF में सीधे पैसे जमा करने का भी प्रस्ताव
CBT ने PF खाते में सीधे और थर्ड-पार्टी के जरिए पैसे जमा करने का प्रस्ताव भी रखा है. इसके तहत कर्मचारी अपने UAN से जुड़े खाते में सीधे योगदान कर सकते हैं. इसमें ग्राहकों से मिलने वाली टिप जैसी छोटी रकम भी शामिल हो सकती है. यह सुविधा कंपनी के पेरोल सिस्टम से अलग होगी और गिग वर्कर्स या सेल्फ-एम्प्लॉयड लोगों के लिए भी फायदे की हो सकती है. हालांकि, इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए वित्त मंत्रालय और टैक्स नियमों में बदलाव जरूरी होंगे. सरकार को टैक्स छूट से जुड़े नियम स्पष्ट करने होंगे. फिलहाल SWP और खुद पैसे जमा योगदान के अंतिम नियम जारी होने बाकी हैं.
यह भी पढ़ें | नौकरी छूटने पर सिर्फ 2 महीने में निकाल सकेंगे PF का पूरा पैसा, 5 पॉइंट्स में जानें EPFO के नए नियम
यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग से बेसिक पे में 50% DA मर्ज करने की मांग, कितनी बढ़ेगी सैलरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं