"बीजेपी और अकाली दल का रिश्ता नाखून और मांस जैसा है. यह गठबंधन मेरे पिता प्रकाश सिंह बादल और अटल बिहारी वाजपेयी ने पंजाब, पंजाबियत और देश के हित में बनाया था." 6 साल तक अलग-अलग रास्तों पर चलने के बाद मंगलवार को जब शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी ने फिर हाथ मिलाया तो सुखबीर सिंह बादल ने अपने पिता प्रकाश सिंह बादल का जिक्र करते हुए पुराने गठबंधन की याद दिलाई. मंच पर भावनाएं थीं, पुरानी दोस्ती की बातें थीं और साथ रहने के वादे भी थे. लेकिन अगर 2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़ों को खंगालें तो तस्वीर यह भी बताती है कि इस रिश्ते को दोबारा जोड़ने के पीछे सिर्फ भावनाएं नहीं, बल्कि बेहद मजबूत चुनावी गणित भी है. दरअसल, पंजाब में पिछले कुछ सालों के दौरान दोनों दलों की राजनीतिक जमीन सिमटी है. बीजेपी शहरों और हिंदू बहुल इलाकों में प्रभाव बढ़ाने के बावजूद राज्यव्यापी ताकत नहीं बन पाई, जबकि अकाली दल अपने पारंपरिक पंथिक और ग्रामीण वोट बैंक को पहले जैसा एकजुट नहीं रख सका. ऐसे में 2024 के लोकसभा चुनाव के विधानसभा-वार आंकड़े बताते हैं कि अलग-अलग लड़कर दोनों ने जितना पाया, उससे कहीं ज्यादा खोया.
अलग हुए तो 32 सीटें, साथ होते तो बहुमत के दरवाजे पर
यदि लोकसभा चुनाव के वोटों को विधानसभा सीटों पर रखकर देखें तो बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग लड़ते हुए सिर्फ 32 सीटों पर बढ़त बना सके. इनमें बीजेपी 23 और अकाली दल 9 सीटों पर आगे रहा. लेकिन यही वोट अगर गठबंधन में जुड़ जाते तो तस्वीर पूरी तरह बदल जाती. आंकड़े बताते हैं कि 100 फीसदी वोट ट्रांसफर होने की स्थिति में दोनों दल 117 में से 58 सीटों पर बढ़त हासिल कर सकते थे. यानी बहुमत के आंकड़े 59 से केवल एक सीट पीछे.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह गणित सिर्फ आदर्श परिस्थितियों में ही काम नहीं करता. अगर गठबंधन के भीतर 10 फीसदी वोट ट्रांसफर न होने का नुकसान भी मान लिया जाए, तब भी दोनों दल 49 सीटों पर आगे रहते. 20 फीसदी वोट लीकेज होने पर यह संख्या 41 और 30 फीसदी लीकेज होने पर भी 33 सीटों तक पहुंचती है.यानी भारी वोट नुकसान के बाद भी गठबंधन का प्रदर्शन अलग-अलग लड़ने की तुलना में बेहतर बना रहता है.
पंजाब के नक्शे पर दोनों की ताकत अलग-अलग
यही वजह है कि हमेशा से पंजाब में बीजेपी और अकाली दल एक-दूसरे के पूरक माने जाते रहे हैं. पिछले लोकसभा चुनाव के आंकड़ों के आइने में दिखें तो पता चलता है कि माझा की 25 सीटों में बीजेपी 6 सीटों पर आगे रही जबकि अकाली दल सिर्फ एक सीट पर. दोआबा की 23 सीटों में बीजेपी 5 सीटों पर बढ़त बनाने में सफल रही लेकिन अकाली दल एक भी सीट पर बढ़त नहीं ले सका. ये वही इलाके हैं जहां शहरी, व्यापारी और हिंदू वोटरों का प्रभाव अपेक्षाकृत ज्यादा है और जहां बीजेपी पिछले कुछ वर्षों में अपनी पैठ बढ़ाने में सफल रही है. इसके उलट मालवा की 69 सीटों वाले क्षेत्र में अकाली दल अब भी प्रासंगिक नजर आता है. यहां बीजेपी 12 सीटों पर और अकाली दल 8 सीटों पर आगे रहा. पंजाब की सत्ता का रास्ता मालवा से होकर गुजरता है और यही वह क्षेत्र है जहां दोनों दल मिलकर बड़ा चुनावी लाभ हासिल कर सकते हैं.

बीजेपी को कहां मिलती है बढ़त?
आंकड़े बताते हैं कि पंजाब के 10 ऐसे जिले हैं जहां हिंदू आबादी 40 फीसदी या उससे अधिक है. इन जिलों में कुल 62 विधानसभा सीटें आती हैं. जालंधर, होशियारपुर और नवांशहर बीजेपी के सबसे मजबूत सामाजिक आधार वाले जिले माने जाते हैं. सिर्फ इन तीन जिलों में 19 विधानसभा सीटें हैं और हिंदू आबादी 60 फीसदी से ज्यादा है. इसके अलावा लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, मोहाली, कपूरथला, रूपनगर और फिरोजपुर भी बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण जिले हैं. यहीं से बीजेपी का शहरी और गैर-पंथिक समर्थन आता है. दूसरी तरफ ग्रामीण सिख बहुल इलाकों में अकाली दल की मौजूदगी गठबंधन को वह पहुंच देती है जो बीजेपी अकेले हासिल नहीं कर पाती.
आखिर दोनों को एक-दूसरे की जरूरत क्यों?
2022 विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी. कांग्रेस विपक्ष में है, जबकि बीजेपी और अकाली दल दोनों अपने-अपने दम पर सत्ता की लड़ाई में निर्णायक स्थिति नहीं बना सके.यही वजह है कि मंगलवार को हुए पुनर्मिलन को केवल पुराने रिश्ते की वापसी के रूप में नहीं देखा जा रहा. यह पंजाब की बदली हुई राजनीति के बीच अस्तित्व और विस्तार, दोनों की लड़ाई भी है.बीजेपी को अकाली दल का ग्रामीण नेटवर्क, पंथिक स्वीकार्यता और मालवा में जमीनी पकड़ चाहिए. वहीं अकाली दल को बीजेपी का शहरी वोट बैंक, हिंदू मतदाताओं तक पहुंच और राष्ट्रीय संगठनात्मक ताकत चाहिए.
क्या गठबंधन ही सत्ता की चाबी है?
वैसे एक सच्चाई ये भी है कि सियासत में आंकड़े हमेशा चुनावी नतीजे नहीं बनते. वोट ट्रांसफर की अपनी सीमाएं होती हैं, स्थानीय समीकरण भी असर डालते हैं और छह साल की दूरी के बाद कार्यकर्ताओं को फिर से एकजुट करना भी आसान नहीं होगा.फिर भी 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़े एक बात साफ बताते हैं. पंजाब में बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग लड़कर जितने मजबूत दिखते हैं, साथ आने पर उससे कहीं ज्यादा बड़ी ताकत बन जाते हैं.शायद यही वजह है कि सुखबीर बादल ने मंच से "नाखून और मांस" वाले रिश्ते की बात की. क्योंकि राजनीतिक भावनाओं से अलग अगर चुनावी गणित की नजर से देखें, तो दोनों दलों के लिए यह गठबंधन फिलहाल मजबूरी नहीं, बल्कि सबसे फायदे का सौदा नजर आता है.
ये भी पढ़ें: 'नौ-मास दा रिश्ता' फिर हुआ मजबूत, 6 साल बाद साथ आए अकाली-भाजपा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं