Tata Sons Listing: टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग का मामला एक बार फिर चर्चा में है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने फिर साफ कर दिया है कि टाटा संस को अपर लेयर NBFC के लिए बनाए गए नियमों का पालन करना ही होगा. इसमें शेयर बाजार में लिस्टिंग की शर्त भी शामिल है. यह बयान ऐसे समय आया है, जब टाटा ग्रुप के अंदर लिस्टिंग को लेकर अंदरूनी खींचतान की बात सामने आ रही हैं.
RBI ने टाटा संस को क्या कहा?
RBI ने 16 नवंबर को टाटा संस के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) को एक पत्र भेजा. इसमें कंपनी को अपर लेयर NBFC से जुड़े सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है. RBI के डिप्टी जनरल मैनेजर हरमिंदर सिंह बैंस के हस्ताक्षर वाले इस पत्र में शेयर बाजार में लिस्टिंग की जरूरत पर भी खास तौर पर जोर दिया गया है.
दरअसल, टाटा संस ने 6 अक्टूबर को RBI को पत्र लिखकर लागू नियमों का पालन करने के लिए गाइडेंस मांगी थी. हालांकि, कंपनी ने किसी खास नियम पर सवाल नहीं किया था. RBI ने कहा कि कंपनी की बोर्ड मीटिंग में लिस्टिंग पर हुई चर्चा से लगता है कि उसका सवाल इसी मुद्दे से जुड़ा है. अगर किसी दूसरे नियम पर जानकारी चाहिए तो कंपनी उसकी पूरी जानकारी के साथ RBI से संपर्क कर सकती है.
2022 में अपर लेयर NBFC में शामिल हुई थी कंपनी
RBI ने सितंबर 2022 में अपने स्केल बेस्ड रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के तहत टाटा संस को अपर लेयर NBFC में रखा था. इसके बाद जारी हुई लिस्ट में भी कंपनी शामिल रही है. 2026-27 के लिए जारी लिस्ट में भी टाटा संस का नाम है.
RBI के NBFC गवर्नेंस डायरेक्शंस, 2025 के पैरा 43 के मुताबिक, अपर लेयर में शामिल NBFC को पहचान किए जाने के तीन साल के भीतर शेयर बाजार में लिस्ट होना जरूरी है. लिस्टिंग से पहले भी ऐसी कंपनियों को शेयर बाजार में लिस्ट कंपनियों की तरह डिस्क्लोजर नियमों का पालन करना होता है. इसके अलावा कॉरपोरेट गवर्नेंस, बोर्ड के गठन, रिस्क मैनेजमेंट और नियमों के पालन को लेकर भी सख्त शर्तें हैं.
टाटा ग्रुप में लिस्टिंग को लेकर मतभेद
टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर ग्रुप के अंदर भी मतभेद सामने आए हैं. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा लिस्टिंग के पक्ष में नहीं हैं. उनका मानना है कि इससे टाटा ग्रुप के काम करने के तरीके पर असर पड़ सकता है.वहीं, एन चंद्रशेखरन की अगुवाई वाला टाटा संस मैनेजमेंट कानून के मुताबिक नियमों का पालन करने की बात कर रहा है. टाटा संस में 18 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाला शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप भी लिस्टिंग चाहता है. इससे उसे कर्ज चुकाने के लिए पैसे जुटाने में मदद मिल सकती है.
जिमी टाटा ने भी किया लिस्टिंग का समर्थन
दिवंगत रतन टाटा के भाई और सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) के ट्रस्टी जिमी नवल टाटा ने भी हाल में लिस्टिंग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और कानूनी जवाबदेही के लिए यह जरूरी है. उन्होंने RBI से नियम लागू कराने और यह सुनिश्चित करने की अपील भी की कि लिस्टिंग की शर्त से बचने के लिए कंपनी का पुनर्गठन न किया जाए.
RBI का यह फरमान ऐसे समय आया है, जब टाटा संस की लिस्टिंग और चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर चर्चा जारी है.
यह भी पढ़ें | RBI का 63 फाइनेंशियल कंपनियों पर बड़ा एक्शन, 49 NBFCs के लाइसेंस कैंसिल, कहीं आपका भी इनसे लेन-देन तो नहीं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं