विज्ञापन

Sukanya Samriddhi Yojana: सुकन्या खाते से कब निकाल सकते हैं 50% पैसा? बाकी रकम का क्या होगा? जानें नियम

Sukanya Samriddhi Yojana: सुकन्या समृद्धि योजना में बेटी की हायर एजुकेशन के लिए खाते में जमा रकम का 50 फीसदी तक हिस्सा निकाला जा सकता है. यह सुविधा बेटी के 18 साल की होने या 10वीं पास करने, जो भी पहले हो, उसके बाद मिलती है. पैसा निकालने के लिए एडमिशन प्रूफ या फीस स्लिप जरूरी है. विड्रॉल के बाद खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहता है और खाता 21 साल में मैच्योर होता है.

Sukanya Samriddhi Yojana: सुकन्या खाते से कब निकाल सकते हैं 50% पैसा? बाकी रकम का क्या होगा? जानें नियम
फिलहाल सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है.

Sukanya Samriddhi Yojana: सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) बेटियों के भविष्य के लिए सरकार की एक पॉपुलर सेविंग स्कीम है. इसमें माता-पिता अपनी बेटी के नाम पर खाता खुलवाकर उसके हायर एजुकेशन और शादी के लिए पैसा जमा कर सकते हैं. इस योजना की खास बात यह है कि जरूरत पड़ने पर बेटी की पढ़ाई के लिए खाते में जमा रकम का 50 फीसदी तक हिस्सा निकाला जा सकता है. हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं. आइए समझते हैं कि सुकन्या खाते से आधा पैसा कब और कैसे निकाल सकते हैं और विड्रॉल के बाद बाकी रकम का क्या होगा?

सुकन्या खाते से कब निकाल सकते हैं 50% पैसा?

सुकन्या समृद्धि योजना के नियमों के मुताबिक, बेटी की हायर एजुकेशन के लिए खाते में जमा रकम का मैक्सिमम 50 फीसदी हिस्सा निकाला जा सकता है. लेकिन इसके लिए बेटी की उम्र 18 साल होनी चाहिए या उसने 10वीं कक्षा पास कर ली हो. इन दोनों में से जो शर्त पहले पूरी होती है, उसके बाद पार्शियल विड्रॉल की सुविधा मिल सकती है. यहां ध्यान देने वाली बात है कि 50 फीसदी विड्रॉल की कैलकुलेशन पिछले फाइनेंशियल ईयर के अंत में खाते में मौजूद बैलेंस के आधार पर की जाती है यानी मौजूदा खाते की कुल रकम नहीं, बल्कि पिछले फाइनेंशियल ईयर के आखिरी दिन का बैलेंस इसके लिए आधार होगा.

पैसे निकालने के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत?

सुकन्या खाते से पढ़ाई के लिए पैसा निकालने के लिए खाताधारक को फॉर्म-3 (Form-3) भरकर आवेदन करना होगा. इसके साथ बेटी के एडमिशन का प्रमाण या एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की फीस स्लिप जमा करनी होगी. निकाली जाने वाली रकम बेटी की वास्तविक शैक्षणिक जरूरत और खर्च से ज्यादा नहीं हो सकती. 

एक बार में या किस्तों में निकाल सकते हैं पैसा?

सुकन्या खाते से मिलने वाली 50 फीसदी निकासी की सुविधा का इस्तेमाल एकमुश्त या किस्तों में किया जा सकता है. अगर गार्जियन एक साथ पूरी रकम नहीं निकालना चाहते हैं, तो वे सालाना किस्तों में पैसा ले सकते हैं. हालांकि, इसके लिए भी नियम तय हैं. एक फाइनेंशियल ईयर में केवल एक बार विड्रॉल की जा सकती है और यह सुविधा मैक्सिमम 5 साल तक मिलती है यानी जरूरत के हिसाब से 5 साल तक हर साल एक किस्त निकाली जा सकती है.

50% पैसा निकालने के बाद बाकी रकम का क्या होगा?

सुकन्या खाते से 50 फीसदी तक रकम निकालने का मतलब यह नहीं है कि खाता बंद हो जाएगा. विड्रॉल के बाद खाते में बची हुई रकम पर योजना के नियमों के मुताबिक ब्याज मिलता रहेगा. इस तरह बेटी के भविष्य के लिए बाकी पैसा जमा रहेगा और खाते की अवधि पूरी होने पर इसका फायदा मिलेगा. सुकन्या समृद्धि खाते की मैच्योरिटी खाता खुलने के 21 साल बाद होती है. मैच्योरिटी पर खाते में बची मूल रकम और उस पर मिला ब्याज खाताधारक को दे दिया जाता है. 

शादी के लिए भी बंद करा सकते हैं खाता

सुकन्या समृद्धि योजना में एक और सुविधा दी गई है. अगर बेटी 18 साल की उम्र पूरी करने के बाद शादी करने जा रही है, तो खाता समय से पहले बंद कराया जा सकता है. इसके लिए उम्र का प्रमाण और साइन्ड डिक्लेरेशन जमा करना होता है. खाता बंद होने पर उसमें जमा रकम और उस पर मिला ब्याज खाताधारक को दे दिया जाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sukanya Sammridhi Yojana, Personal Finance, SSY
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com