अगर आपके पास कार या बाइक है तो यह खबर आपके काम की है. मोटर इंश्योरेंस के नियमों में जल्द बड़ा बदलाव होने जा रहा है. इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) 15 दिसंबर, 2026 से मोटर इंश्योरेंस के नए नियम लागू करने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत कार और दोपहिया वाहनों के इंश्योरेंस को 4 अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाएगा. इस बदलाव का मकसद इंश्योरेंस पॉलिसी को ज्यादा पारदर्शी बनाना और ग्राहकों को यह समझने में मदद करना है कि वे किस चीज के लिए कितना प्रीमियम दे रहे हैं. नई पॉलिसी बीमा सुगम (Bima Sugam) प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होने की उम्मीद है. ऐसे में अगर आप अपनी गाड़ी का इंश्योरेंस रिन्यू कराने जा रहे हैं तो सिर्फ प्रीमियम देखकर फैसला न करें. इन 5 जरूरी बातों को समझना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
जरूरी और वैकल्पिक इंश्योरेंस कवर में समझें अंतर
नए स्ट्रक्चर में मोटर इंश्योरेंस को 4 हिस्सों में बांटा जाएगा. इनमें थर्ड पार्टी लायबिलिटी, गाड़ी में सफर करने वाले यात्रियों के लिए कानूनी जिम्मेदारी का कवर, पर्सनल एक्सीडेंट कवर और गाड़ी को होने वाले नुकसान का कवर शामिल है. थर्ड पार्टी इंश्योरेंस और वाहन मालिक-ड्राइवर के लिए पर्सनल एक्सीडेंट कवर जरूरी रहेंगे. वहीं, अपनी गाड़ी को नुकसान से बचाने वाला ओन डैमेज कवर और यात्रियों के लिए कानूनी जिम्मेदारी वाला कवर ऑप्शनल होगा यानी ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त सुरक्षा चुन सकेंगे.
यात्रियों और बाइक पर पीछे बैठने वाले का कवर जांचें
नए नियमों में कार में सफर करने वाले यात्रियों और बाइक पर पीछे बैठने वाले यानी पिलियन राइडर के लिए वैकल्पिक कानूनी जिम्मेदारी कवर का विकल्प मिलेगा. हालांकि, इसमें कुछ शर्तें भी होंगी. यह कवर गाड़ी के मालिक, बीमित व्यक्ति और उनके नजदीकी परिवार के सदस्यों यानी पति या पत्नी, माता-पिता और बच्चों पर लागू नहीं होगा. इसके अलावा पॉलिसी में उतने ही यात्रियों को कवर किया जा सकेगा, जितनी गाड़ी की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में बैठने की क्षमता दर्ज है. इसलिए इंश्योरेंस लेते समय यह जरूर देखें कि आपकी गाड़ी में नियमित रूप से सफर करने वाले लोगों को पर्याप्त सुरक्षा मिल रही है या नहीं.
पर्सनल एक्सीडेंट कवर की भी करें जांच
वाहन मालिक-ड्राइवर के लिए पर्सनल एक्सीडेंट कवर जरूरी रहेगा. लेकिन अगर आप चाहते हैं कि गाड़ी चलाने वाले दूसरे लोगों, यात्रियों या बाइक पर पीछे बैठने वाले शख्स को भी दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिले तो अतिरिक्त कवर खरीद सकते हैं. यह फैसला अपनी जरूरत के हिसाब से करें. उदाहरण के लिए, अगर आपकी कार में परिवार के सदस्य नियमित रूप से सफर करते हैं तो उनके लिए अतिरिक्त सुरक्षा लेना उपयोगी हो सकता है.
ओन डैमेज कवर, IDV और डिडक्टिबल को नजरअंदाज न करें
ओन डैमेज कवर के जरिए अपनी गाड़ी को दुर्घटना या चोरी से होने वाले नुकसान के खिलाफ सुरक्षा मिलती है. यह कवर जरूरी नहीं होगा, लेकिन गाड़ी की उम्र, मौजूदा बाजार कीमत और मरम्मत के खर्च को देखते हुए इसे लेना फायदेमंद हो सकता है. इसके साथ ही IDV यानी इंश्योर्ड डिक्लेयर्ड वैल्यू को भी समझना जरूरी है. यह गाड़ी की वह बीमित कीमत है, जिसके आधार पर पूरी तरह नुकसान होने या चोरी के मामले में मुआवजे की गणना की जाती है. वहीं, डिडक्टिबल वह रकम होती है, जिसे क्लेम के समय वाहन मालिक को खुद अपनी जेब से देना पड़ता है. इसलिए पॉलिसी चुनते समय इन दोनों चीजों की अच्छी तरह जांच करें.
प्रीमियम का पूरा हिसाब और दस्तावेज जरूर देखें
नए ढांचे के तहत बीमा कंपनियों को पॉलिसी के हर हिस्से के लिए अलग-अलग प्रीमियम की जानकारी देनी होगी. इससे ग्राहक समझ सकेंगे कि थर्ड पार्टी, पर्सनल एक्सीडेंट और ओन डैमेज जैसे कवर के लिए कितना पैसा लिया जा रहा है. इसके अलावा ग्राहकों को कस्टमर इंफॉर्मेशन शीट (CIS) दी जाएगी. इसमें पॉलिसी के तहत मिलने वाली सुरक्षा और उसकी शर्तों की जानकारी होगी. साथ ही कस्टमर ऑप्शन फॉर्म के जरिए ग्राहक यह दर्ज कर सकेंगे कि वे कौन-कौन से इंश्योरेंस कवर लेना चाहते हैं.
पुरानी पॉलिसी में भी जुड़वा सकेंगे अतिरिक्त कवर
नए नियमों में मौजूदा पॉलिसीधारकों को भी राहत देने का प्रोविजन है. अगर किसी ग्राहक को पॉलिसी की अवधि के दौरान यात्रियों या बाइक पर पीछे बैठने वाले शख्स के लिए कानूनी जिम्मेदारी वाला कवर चाहिए तो वह अतिरिक्त प्रीमियम देकर इसे अपनी मौजूदा पॉलिसी में जुड़वा सकेगा. इसके लिए उसे अपनी पुरानी थर्ड पार्टी इंश्योरेंस पॉलिसी बंद कराने की जरूरत नहीं होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं