Sovereign Gold Bond: अगर आपने साल 2018 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में निवेश किया था तो आपके लिए अच्छी खबर है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने SGB 2018-19 सीरीज III की मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम तय कर दी है. इस बॉन्ड में निवेश करने वालों को 8 साल में 348 फीसदी तक का बंपर रिटर्न मिला है. आरबीआई ने इसके फाइनल रिडेम्पशन के लिए सोने की कीमत 14,024 रुपये प्रति ग्राम तय की है. यह बॉन्ड 13 नवंबर 2026 को मैच्योर हो गया है.
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने वालों को सोने की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा तो मिलता ही है, साथ ही हर साल तय ब्याज भी मिलता है. यही वजह है कि इस निवेश ने 8 साल में निवेशकों को शानदार कमाई कराई है.
कितनी थी SGB की शुरुआती कीमत?
SGB 2018-19 सीरीज III के लिए सब्सक्रिप्शन 5 से 9 नवंबर 2018 के बीच खुला था. इसके बाद 13 नवंबर 2018 को बॉन्ड जारी किए गए थे. वित्त मंत्रालय के मुताबिक, उस समय बॉन्ड की कीमत 3,183 रुपये प्रति ग्राम तय की गई थी. हालांकि, ऑनलाइन आवेदन करने और डिजिटल मोड से भुगतान करने वाले निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिली थी. इस तरह उनके लिए बॉन्ड की प्रभावी कीमत 3,133 रुपये प्रति ग्राम रही थी.
अब मैच्योरिटी पर कितना मिलेगा पैसा?
आरबीआई ने इस बॉन्ड की अंतिम रिडेम्पशन कीमत 14,024 रुपये प्रति ग्राम तय की है. इसका मतलब है कि ऑफलाइन निवेश करने वालों को हर ग्राम पर 10,841 रुपये का मुनाफा हुआ है. वहीं, ऑनलाइन निवेश करने वालों को प्रति ग्राम 10,891 रुपये का फायदा हुआ है. रिटर्न की बात करें तो ऑफलाइन निवेशकों को करीब 340.6 फीसदी और ऑनलाइन निवेशकों को करीब 347.6 फीसदी का रिटर्न मिला है यानी ऑनलाइन निवेश करने वालों को 8 साल में करीब 348 फीसदी का रिटर्न मिला है.
कैसे तय हुई सोने की कीमत?
आरबीआई के नियमों के मुताबिक, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की मैच्योरिटी पर भुगतान की कीमत 999 शुद्धता वाले सोने के पिछले तीन कारोबारी दिनों के औसत बंद भाव के आधार पर तय होती है. ये भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की ओर से पब्लिश्ड किए जाते हैं. इसी आधार पर 10, 11 और 12 नवंबर 2026 के सोने के औसत भाव को ध्यान में रखते हुए 13 नवंबर की रिडेम्पशन कीमत 14,024 रुपये प्रति ग्राम तय की गई है.
सोने की कीमत बढ़ने के साथ मिला 2.5% ब्याज भी
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की खासियत यह है कि इसमें निवेशकों को सोने की कीमत बढ़ने का फायदा मिलने के साथ-साथ सालाना 2.5 फीसदी निश्चित ब्याज भी मिलता है. यह ब्याज बॉन्ड की शुरुआती कीमत यानी नॉमिनल वैल्यू पर दिया जाता है. इसका भुगतान हर 6 महीने में किया जाता है. उदाहरण के लिए, अगर किसी निवेशक ने 10 ग्राम सोने के बॉन्ड ऑफलाइन खरीदे थे तो उसके निवेश की शुरुआती रकम 31,830 रुपये थी. इस पर उसे हर साल करीब 795.75 रुपये ब्याज मिला. आठ साल में कुल ब्याज करीब 6,366 रुपये बैठता है. इस तरह निवेशकों को सोने की कीमत में बढ़ोतरी से हुए मुनाफे के अलावा ब्याज की कमाई भी हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं