विज्ञापन

ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड यूजर्स ध्यान दें! प्रायोरिटी पास से लेकर इंश्योरेंस तक, बदल जाएंगे ये 6 नियम

ICICI Bank Credit Card Rules: आईसीआईसीआई बैंक 25 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े 6 बड़े बदलाव लागू करने जा रहा है. कार्ड रिप्लेसमेंट चार्ज 200 से बढ़ाकर 300 रुपये प्लस जीएसटी होगा. कुछ कार्ड पर मुफ्त इंश्योरेंस और INOX बेनिफिट बंद होंगे. प्रायोरिटी पास रिप्लेसमेंट के लिए भी 300 रुपये प्लस जीएसटी देने होंगे.

ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड यूजर्स ध्यान दें! प्रायोरिटी पास से लेकर इंश्योरेंस तक, बदल जाएंगे ये 6 नियम
ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड नियमों में करने जा रहा 6 बड़े बदलाव

ICICI Bank Credit Card Rules:  अगर आप आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. बैंक अगले कुछ हफ्तों में अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में 6 बड़े बदलाव करने जा रहा है. ये बदलाव 25 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच लागू होंगे. इनमें क्रेडिट कार्ड बदलवाने का चार्ज बढ़ाने से लेकर फ्री इंश्योरेंस और मूवी से जुड़े फायदे बंद करने तक के फैसले शामिल हैं. बैंक के इन बदलावों का असर रिटेल, प्रीमियम, बिजनेस और कॉरपोरेट कैटेगरी के अलग-अलग क्रेडिट कार्ड पर पड़ेगा. ऐसे में कार्डधारकों को जान लेना चाहिए कि उनके कार्ड पर कौन-सी सुविधा बंद होने वाली है और किस सर्विस के लिए अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. 

विदेशी करेंसी में पेमेंट करना होगा महंगा

आईसीआईसीआई बैंक 25 नवंबर 2026 से कुछ बिजनेस, कॉरपोरेट और परचेज क्रेडिट कार्ड पर डायनामिक करेंसी कन्वर्जन (DCC) फीस बढ़ाने जा रहा है. अभी यह चार्ज ट्रांजैक्शन अमाउंट का 1 फीसदी है, जिसे बढ़ाकर 3.5 फीसदी कर दिया जाएगा. इसका असर Business Black Advantage, Business Blue Advantage, Business Platinum और Business AMEX Essential समेत कुछ कार्ड पर पड़ेगा.

बिजनेस और कॉरपोरेट कार्ड बदलवाने का चार्ज बढ़ेगा

25 नवंबर से बिजनेस और कॉरपोरेट क्रेडिट कार्ड को बदलवाने पर अब ज्यादा पैसे देने होंगे. अभी इसके लिए 200 रुपये प्लस जीएसटी देना पड़ता है. इसे बढ़ाकर 300 रुपये और जीएसटी कर दिया जाएगा.

रिटेल क्रेडिट कार्ड बदलवाना भी महंगा

11 दिसंबर 2026 से रिटेल क्रेडिट कार्ड को रिप्लेस कराने का चार्ज भी बढ़ जाएगा. अभी इसके लिए 200 रुपये प्लस जीएसटी देना होता है, लेकिन नई व्यवस्था में 300 रुपये प्लस जीएसटी देने होंगे. हालांकि, Emeralde Private Metal, 1838 Reserve और Times Black कार्ड को इस बदलाव से बाहर रखा गया है.

प्रायोरिटी पास के लिए देना होगा चार्ज

आईसीआईसीाी बैंक के कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्ड पर प्रायोरिटी पास रिप्लेसमेंट की सुविधा अब मुफ्त नहीं रहेगी. 11 दिसंबर से इसके लिए 300 रुपये प्लस जीएसटी देना होगा. इस बदलाव के दायरे में Emeralde Private Metal, Emeralde Private, Emeralde, Sapphiro, Times Black, MakeMyTrip, Emirates Skywards, Adani One Signature, Parakram Select और Diamant World Mastercard जैसे कार्ड शामिल हैं.

कई कार्ड पर फ्री इंश्योरेंस कवर होगा बंद

15 दिसंबर 2026 से कुछ प्रीमियम क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाला कॉम्प्लिमेंट्री एयर एक्सीडेंट और इससे जुड़ा इंश्योरेंस कवर बंद कर दिया जाएगा. इसमें Emeralde Private Metal, Times Black, Emeralde Private, Emeralde, Diamant, Sapphiro और Rubyx कार्ड शामिल हैं. इसके अलावा, Emeralde Private Metal, Times Black, Emeralde और Emeralde Private कार्ड पर मिलने वाला कैंसिलेशन फॉर एनी रीजन (CFAR) कवर भी बंद हो जाएगा. वहीं, Parakram और Parakram Select कार्डधारकों को मिलने वाला मुफ्त पर्सनल और एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर भी खत्म कर दिया जाएगा.

इन कार्डों पर नहीं मिलेगा मुफ्त INOX बेनिफिट

बैंक 15 दिसंबर से कुछ क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाला कॉम्प्लिमेंट्री INOX बेनिफिट भी बंद करने जा रहा है. इसमें Rubyx, Coral, Expressions, Chennai Super Kings, MakeMyTrip Platinum, HPCL Super Saver, Emirates Rubyx, MakeMyTrip Signature और MakeMyTrip कार्ड शामिल हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ICICI Bank, Personal Finance, Credit Card
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com