विज्ञापन

Stock Market Today: यूएस-ईरान शांति समझौते की उम्मीद से झूमा बाजार, सेंसेक्स 800 अंक उछला, निफ्टी 23,900 के पार

Stock Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीदों से निवेशकों ने चौतरफा खरीदारी शुरू कर दी है, जिससे आज बाजार में एक बड़ी रैली आई है.

Stock Market Today: यूएस-ईरान शांति समझौते की उम्मीद से झूमा बाजार, सेंसेक्स 800 अंक उछला, निफ्टी 23,900 के पार
Stock Market News Today: अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने से भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला.

Stock Market Today: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार 25 मई 2026 को भारतीय शेयर बाजार (Share Market) की शुरुआत धमाकेदार रही.  सुबह 9:15 बजे जैसे ही बाजार में ट्रेडिंग की शुरु हुई, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों रिकॉर्ड मजबूती के साथ खुले.बाजार खुलते ही बीएसई सेंसेक्स 817 अंक से ज्यादा की छलांग लगाकर 76,200 के पार निकल गया, जबकि निफ्टी भी 250 अंकों की तूफानी बढ़त के साथ 23,900 के ऊपर ट्रेड करता दिखा.

 निफ्टी आईटी को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स में हरियाली

शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी को ऑटो शेयर लीड कर रहे थे. निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी सर्विसेज और निफ्टी पीएसई के साथ ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान में थे. केवल निफ्टी आईटी ही लाल निशान में था.

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप भी हरे निशान में थे.निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 183 अंक या 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ 18,149 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 433 अंक या 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,847 पर था.

अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स में शामिल

सेंसेक्स  पर लिस्टेड शेयरों में एमएंडएम, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो, मारुति सुजुकी, एसबीआई, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, आईटीसी, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स गेनर्स थे. टीसीएस, इन्फोसिस, सन फार्मा और एनटीपीसी लूजर्स थे.

शेयर बाजार में आई तेजी की वजह

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के खत्म होने और शांति समझौते (US-Iran Peace Deal) की उम्मीदों ने दुनिया भर के निवेशकों में नया जोश भर दिया है. ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों के दम पर आज भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई है. बाजार में आई इस हरियाली की एक बड़ी वजह कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई भारी गिरावट भी है.

दो हफ्ते में पहली बार $100 के नीचे आया कच्चा तेल

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद का सबसे बड़ा और सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है. पिछले दो हफ्तों में पहली बार ब्रेंट क्रूड ऑयल (Brent Crude) की कीमतें 4% से ज्यादा टूटकर $99.39 प्रति बैरल पर पर कारोबार कर रहा है. भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल का $100 से नीचे आना एक बहुत बड़ी राहत मानी जा रही है. 

डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान से बाजार का जोश हाई

बाजार में आई इस बंपर तेजी के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वह बयान भी है जिसने पूरी दुनिया को राहत दी है. डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वाशिंगटन और ईरान के बीच एक शांति समझौते के ड्राफ्ट (MOU) पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है. इस समझौते के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को दोबारा खोल दिया जाएगा, जहां दुनिया के कुल तेल और एलएनजी (LNG) शिपमेंट का पांचवां हिस्सा (20%) गुजरता है. हालांकि, रविवार को ट्रंप  ने इस बात को घुमाते हुए ये कहा कि तीन महीने से चल रहे इस युद्ध में तुरंत किसी बड़े चमत्कार की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, लेकिन निवेशकों के बीच युद्ध रुकने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं.

एशियाई शेयर बाजारों में भी 1.2% की तेजी

इस खबर के बाद ज्यादातर एशियाई बाजार तेजी के साथ खुले. टोक्यो, शंघाई, हांगकांग और बैंकॉक हरे निशान में थे. अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को हरे निशान में बंद हुए थे. डाओ जोन्स 0.58 प्रतिशत और नैस्डैक 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ.

आपको बता दें कि फरवरी के आखिर में शुरू हुए ईरान युद्ध के बाद से भारतीय बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है. निफ्टी  5.8% और सेंसेक्स 7.2% तक टूट चुका है.
 

ये भी पढ़ें-  SEBI की बड़ी कार्रवाई, सोशल मीडिया के जरिए शेयरों में हेरफेर कर करोड़ों कमाने वाले एक ही परिवार के 7 लोगों पर लगाया बैन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com