अगर आपका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), केनरा बैंक (Canara Bank), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) या किसी अन्य सरकारी बैंक में है, तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. 28 से 30 सितंबर तक चलने वाली 3 दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल के दौरान SBI और PNB समेत सरकारी बैंकों ने एटीएम से कैश निकालने पर लगने वाले सभी एक्स्ट्रा चार्ज माफ कर दिए गए हैं.
यानी हड़ताल के दौरान फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने के बाद भी ATM ट्रांजैक्शन करने पर आपको कोई एक्स्ट्रा फीस नहीं देनी होगी.
किसी भी बैंक के ATM पर लागू होगा नियम
आमतौर पर RBI के नियमों के तहत अपने बैंक के ATM पर महीने में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन मिलते हैं. दूसरे बैंक के ATM पर छह मेट्रो सिटी में 3 और नॉन-मेट्रो सिटी में 5 फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट है.इसके बाद हर ट्रांजैक्शन पर बैंक करीब ₹23 रुपये प्लस GST देना पड़ता है.
लेकिन इस हड़ताल के दौरान यह चार्ज पूरी तरह हटा लिया गया है.आप किसी भी सरकारी बैंक के एटीएम का इस्तेमाल बिना किसी टेंशन के कर सकते हैं.
कैश निकालने के अलावा ATM मशीन से निपटाएं ये काम
बैंक हड़ताल या छुट्टियों के दौरान अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. ATM मशीन से अब सिर्फ कैश ही नहीं निकलेगा. नए-नए फीचर्स और हाई-टेक ऑथेंटिकेशन सिस्टम के आने से एटीएम मशीनें अब एक मिनी-ब्रांच की तरह काम कर रही हैं. अगर बैंक बंद है या कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है, तो भी आप किसी परेशानी के बैलैंस चेक करने, मिनी स्टेटमेंट और पिन चेंज जैसे अपने कई जरूरी काम घर बैठे निपटा सकते हैं.
ATM पिन चेंज
डेबिट कार्ड का पिन बदलना हो या भूलने पर नया बनाना हो, यह काम एटीएम मशीन में कार्ड स्वाइप करके पिन चेंज ऑप्शन से हो जाता है.
मोबाइल नंबर अपडेट
कई बैंक एटीएम के जरिए खाते में दर्ज मोबाइल नंबर अपडेट या रजिस्टर करने की सुविधा भी देते हैं, जिसके लिए नए या पुराने नंबर पर ओटीपी (OTP) आता है.
मिनी स्टेटमेंट और बैलेंस इंक्वायरी
आप अपने बैंक अकाउंट के लेन-देन का ब्योरा जानने के लिए मिनी स्टेटमेंट निकाल सकते हैं या स्क्रीन पर ही बैलेंस इंक्वायरी कर सकते हैं.
फंड ट्रांसफर भी होगा आसान
अगर आपको एक ही बैंक के किसी दूसरे खाते में पैसे भेजने हैं, तो एटीएम के जरिए फंड ट्रांसफर किया जा सकता है. बैंक ब्रांच बंद रहने पर ये फीचर काफी काम आएगा और आपका पैसे भेजने का काम बिना दिक्कत के हो जाएगा.
चेकबुक रिक्वेस्ट
अगर चेकबुक की जरूरत है तो एटीएम स्क्रीन पर जाकर नई चेकबुक के लिए अप्लाई किया जा सकता है. रिक्वेस्ट सबमिट होते ही बैंक आपके रजिस्टर्ड एड्रेस पर चेकबुक भेज देता है.
सेविंग अकाउंट से FD में पैसा ट्रांसफर
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)अगर आप सेविंग अकाउंट का पैसा एफडी (FD) में डालना चाहते हैं, तो इसके लिए ब्रांच जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. कई बैंकों के एटीएम पर अब सीधे फिक्स्ड डिपॉजिट बनाने की सुविधा मिल रही है. आप अपनी सहूलियत के हिसाब से अमाउंट चुनकर अपने सेविंग्स अकाउंट से सीधे पैसा FD में ट्रांसफर कर सकते हैं.
हालांकि चेकबुक रिक्वेस्ट और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) सर्विस कुछ चुनिंदा बैंकों में ही मिलती है.
हड़ताल से पहले रविवार को खुले रहेंगे बैंक
बता दें कि आज 26 सितंबर को चौथे शनिवार की वजह से बैंक बंद हैं, लेकिन बैंकों की 3 दिन की हड़ताल को देखते हुए 27 सितंबर रविवार को सरकारी और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं