विज्ञापन

छत पर सोलर लगवाना हुआ आसान, PM सूर्य घर के QR कोड से 60 सेकंड में बनेगा प्लान, 3 महीने में 4.5 लाख लोगों ने दूरी की उलझन

PM Surya Ghar QR Code tool: पीएम सूर्य घर योजना के QR कोड टूल को तीन महीने में 4.57 लाख से ज्यादा स्कैन मिले. 98 हजार लोगों ने सोलर प्लान बनाया और 46 हजार से ज्यादा ने वेंडर्स को फोन किया.

छत पर सोलर लगवाना हुआ आसान, PM सूर्य घर के QR कोड से 60 सेकंड में बनेगा प्लान, 3 महीने में 4.5 लाख लोगों ने दूरी की उलझन
PM सूर्य घर योजना में एक बड़ी सुविधा
Source: NDTV Graphics/Canva

PM Surya Ghar Solar QR Code: घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने की योजना बना रहे लोगों के लिए केंद्र सरकार ने प्रक्रिया आसान करने की पहल की है. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आधिकारिक पोर्टल पर शुरू किया गया इंटरैक्टिव QR कोड टूल आपके बहुत काम आ सकता है. इस टूल की मदद से उपभोक्ता करीब 60 सेकंड में अपने घर के लिए जरूरी सोलर क्षमता, अनुमानित खर्च और संभावित बचत की जानकारी हासिल कर सकते हैं.

इसे तीन महीने में 4.57 लाख से ज्यादा बार स्कैन किया गया है. इस सुविधा का मकसद लोगों को सोलर सिस्टम की क्षमता, लागत, सब्सिडी और स्थानीय वेंडर की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराना है. इससे घरों में रूफटॉप सोलर लगवाने से पहले लोगों को अलग-अलग जगह जानकारी जुटाने की जरूरत कम हो सकती है.

60 सेकंड में पता चलेगा कितने किलोवाट का सोलर सिस्टम लगेगा

पीएम सूर्य घर पोर्टल पर उपलब्ध QR कोड स्कैन करने के बाद उपभोक्ता को अपना नाम, मोबाइल नंबर और बिजली बिल से जुड़ी जरूरी जानकारी भरनी होती है. इसके बाद टूल घर की जरूरत के हिसाब से सोलर सिस्टम का संभावित प्लान तैयार करता है.

इसमें कई सारी डिटेल सामने आ जाती हैं, जैसे कि  

  1. घर के लिए कितने किलोवाट (kW) क्षमता का सोलर सिस्टम उपयुक्त होगा.
  2. सोलर पैनल लगवाने की अनुमानित लागत कितनी आएगी.
  3. निवेश की रकम कितने समय में वापस मिलने की संभावना है.
  4. अगले 25 साल में बिजली बिल में कितनी बचत हो सकती है.
  5. जिले में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सूचीबद्ध वेंडर्स कौन-कौन हैं.

इस टूल में स्थानीय वेंडर्स के फोन नंबर भी उपलब्ध कराए जाते हैं. उपभोक्ता सीधे कॉल करके छत का निरीक्षण कराने और सोलर सिस्टम लगवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकते हैं.

तीन महीने में 4.57 लाख स्कैन, 98 हजार लोगों ने बनाया प्लान

20 अगस्त 2026 को शुरू हुई इस सुविधा को शुरुआती महीनों में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. 23 नवंबर 2026 तक इस QR कोड को कुल 4,57,561 बार स्कैन किया गया.

इनमें से 98,110 लोगों ने अपने घर के लिए सोलर प्लान तैयार किया. वहीं, 46,369 उपभोक्ताओं ने क्लिक-टू-कॉल सुविधा का इस्तेमाल करके सीधे स्थानीय वेंडर्स से संपर्क किया.  

  • कुल QR स्कैन: 4,57,561
  • तैयार किए गए सोलर प्लान:    98,110
  • वेंडर्स को सीधे कॉल: 46,369

इन आंकड़ों से पता चलता है कि QR कोड स्कैन करने वाले करीब 21% लोगों ने पूरा सोलर प्लान तैयार किया. वहीं, प्लान बनाने वालों में लगभग 47% ने सीधे वेंडर्स से संपर्क किया.

एक हफ्ते में 46 हजार से ज्यादा नए स्कैन

इस सुविधा का इस्तेमाल नवंबर में भी तेजी से बढ़ा. 16 से 23 नवंबर 2026 के बीच सिर्फ सात दिनों में 46,992 नए QR स्कैन दर्ज किए गए. इस दौरान 8,442 लोगों ने सोलर प्लान तैयार किया और 4,159 उपभोक्ताओं ने स्थानीय वेंडर्स को सीधे फोन किया.

  • नए QR स्कैन- 46,992 
  • नए सोलर प्लान- 8,442
  • वेंडर्स को कॉल- 4,159

यानी सिर्फ एक सप्ताह में कुल अब तक दर्ज स्कैन का करीब 10% हिस्सा जुड़ गया. इससे पता चलता है कि घरों में सोलर सिस्टम लगवाने को लेकर लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है.

जानकारी से लेकर वेंडर से संपर्क तक, एक ही जगह सुविधा

रूफटॉप सोलर लगवाने में लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अक्सर सही सिस्टम चुनने, लागत का अंदाजा लगाने और भरोसेमंद वेंडर तलाशने की होती है. QR कोड टूल इन तीनों जरूरतों को एक ही जगह पूरा करने की कोशिश करता है.

उपभोक्ता को संभावित क्षमता और खर्च का अनुमान मिलने के साथ अपने जिले के सूचीबद्ध वेंडर्स से संपर्क करने का विकल्प भी मिलता है. इससे शुरुआती जानकारी जुटाने से लेकर छत का निरीक्षण कराने तक की प्रक्रिया आसान हो सकती है.

हालांकि, टूल पर दिखने वाली लागत और बचत अनुमानित होती है. वास्तविक खर्च घर की छत, बिजली की खपत, चुने गए सिस्टम और वेंडर के प्रस्ताव के आधार पर अलग-अलग हो सकता है.  

एक बात और ध्‍यान रखने वाली ये है कि पीएम सूर्य घर योजना का आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in है. इस योजना के नाम पर सोशल मीडिया पर फिशिंग लिंक भी फॉरवर्ड होते रहे हैं, इसलिए किसी और लिंक पर क्लिक न ही करने में बेहतरी है. आधिकारिक पोर्टल से ही रूफटॉप सोलर से जुड़ी जानकारी लेना बेहरत रहेगा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Surya Ghar, Solar Panel Apply Online
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com