विज्ञापन

हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे... सपा के घोषणापत्र जारी होने के दौरान बोले आजम खान

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र जारी होने से पहले आयोजित कार्यक्रम में आजम खान ने जेल में बिताए समय, परिवार की मुश्किलों और राजनीतिक संघर्ष का जिक्र करते हुए अपने समर्थकों से माफी भी मांगी.

हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे... सपा के घोषणापत्र जारी होने के दौरान बोले आजम खान
सपा के मंच से वरिष्ठ नेता आजम खान ने एक बार फिर से भावुक भाषण दिया.
NDTV
  • आजम खान ने जेल में बिताए पांच वर्षों की तन्हाई से अपने दिल, दिमाग और शरीर के कमजोर होने की बात कही
  • उन्होंने अपने राजनीतिक संघर्ष और परिवार पर आए संकटों का जिक्र करते हुए समर्थकों से माफी मांगी
  • आजम खान ने नेताजी के साथ अपने लगभग पचास वर्ष के राजनीतिक सफर को जीवन की एकमात्र मंजिल बताया

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आजम खान का दर्द एक बार फिर सामने आया. मंच से बोलते हुए वह कई बार भावुक नजर आए. उन्होंने जेल में बिताए पांच साल, परिवार पर आए संकट और राजनीतिक संघर्ष का जिक्र किया. समर्थकों से माफी मांगते हुए आजम खान ने कहा कि तन्हाई के उन वर्षों ने उनके दिल, दिमाग और शरीर को कमजोर कर दिया था.

अपने भाषण के दौरान आजम खान ने कहा, "आप सभी लोग हमारे लिए बेहद अहम हैं और बहुत कीमती हैं. अगर मुझसे कोई गलती हो जाए तो मुझे माफ कर दीजिए, क्योंकि पांच साल की कोठरी की तन्हाई ने मेरे दिल, दिमाग और शरीर को काफी कमजोर कर दिया है. अगर मैं, मेरा बेटा और मेरी बेटी आम इंसान होते तो शायद हमें मिट जाना चाहिए था. लेकिन हमने ठान लिया था कि अगर मरेंगे भी, तो कुछ करके मरेंगे.  मैं उन कुछेक 'पागलों' में से एक हूं, जिसने जिंदगी में सिर्फ एक रास्ता और एक ही मंजिल चुनी. मैंने लगभग 50 साल का सफर सिर्फ एक परिवार और एक इंसान के साथ तय किया- नेताजी के साथ."

आजम खान ने कहा, "एक बार मैं रास्ते से गुजर रहा था. मेरे पास एक सूमो गाड़ी थी. मैंने वह गाड़ी खुद नहीं खरीदी थी, पार्टी की तरफ से मिली थी. ईडी को एक और टॉपिक मिल जाएगा उसका हिसाब भी मांगा जा सकता है."

उन्होंने आगे कहा, "उस समय एक जुलूस निकल रहा था. मैंने पूछा कि यह किसका है तो लोगों ने बताया कि यह रौनक कुरैशी का है. फिर एक और जुलूस दिखाई दिया. मैंने पूछा यह किसलिए है तो जवाब मिला कि किसी चुनावी जीत की खुशी में निकाला जा रहा है. राजनीति में कुछ लोग जीतने के लिए नहीं बल्कि दूसरों को हराने के लिए खड़े होते हैं. ऐसे लोग हमेशा नुकसान पहुंचाते हैं."

जेल के दिनों का जिक्र करते हुए आजम खान ने कहा कि रिहाई के बाद भी मुश्किलें कम नहीं हुई थीं. उन्होंने कहा, "मैंने जेल से निकलने के बाद कहा था कि वे दिन बहुत सख्त थे. कुछ ऐसे पल आए जब लगा कि सब कुछ खत्म हो जाएगा. एक समय ऐसा भी आया जब जेल प्रशासन ने ट्रांसफर की सूचना दी. वह भी बेहद कठिन दौर था."

अपने परिवार का जिक्र करते हुए सपा नेता भावुक हो गए. उन्होंने कहा, "मेरे जीवन का सबसे दुखद समय वह था जब मुझे अपने उस बेटे को जेल में देखना पड़ा जिसे मैं बेगुनाह मानता हूं. एक पिता के लिए इससे बड़ा दर्द शायद ही कोई हो सकता है."

यह भी पढ़ें | Samajwadi Party Manifesto LIVE: आजम संग पहुंचे अखिलेश, कुछ देर में जारी होगा सपा का घोषणा पत्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Azam Khan, Samajwadi Party, Samajwadi Party (SP) President Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com