Petrol Diesel Price on July 26: बीते कुछ दिनों से कच्चे तेल की कीमतों में आग लगी हुई है.इस हफ्ते इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10% की तेजी देखने को मिली. गुरुवार को ब्रेंट क्रूड मई के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया. हालांकि शुक्रवार को इसमें करीब 4% की गिरावट आई. ऐसे में आम लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले दिनों में भारत में भी पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है?
फिलहाल राहत की बात यह है कि सरकारी तेल कंपनियों ने 26 जुलाई 2026 के लिए नए रेट जारी कर दिए हैं और देश के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि कुछ शहरों में मामूली बढ़ोतरी और कुछ जगहों पर हल्की कटौती जरूर देखने को मिली है.अगर आप आज अपनी गाड़ी में पेट्रोल या डीजल भरवाने की सोच रहे हैं, तो टंकी फुल कराने से पहले अपने शहर का ताजा रेट जरूर देख लें.
देशभर में 25 मई के बाद नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने रविवार, 26 जुलाई को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. देश में 25 मई 2026 के बाद से ईंधन के दाम स्थिर बने हुए हैं. हालांकि अलग-अलग राज्यों में VAT और अन्य स्थानीय टैक्स की वजह से शहरों के रेट अलग हो सकते हैं.अगर आप आज घर से निकल रहे हैं, तो जान लीजिए आप आपरे शहर में 1 लीटर पेट्रोल- डीजल किस भाव पर बिक रहा है.
इन शहरों में आज पेट्रोल-डीजल के रेट में कोई बदलाव नहीं
- दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर बिक रहा है.
- मुंबई में पेट्रोल ₹111.21 और डीजल ₹97.83 प्रति लीटर है.
- गुरुग्राम में पेट्रोल ₹102.97 और डीजल ₹95.64 प्रति लीटर मिल रहा है.
- नोएडा में पेट्रोल ₹101.96 और डीजल ₹95.44 प्रति लीटर है.
- लखनऊ में पेट्रोल ₹101.56 और डीजल ₹95.06 प्रति लीटर बिक रहा है.
- पटना में पेट्रोल ₹113.37 और डीजल ₹99.36 प्रति लीटर पर बना हुआ है.
इन शहरों में आज सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल
- चेन्नई में पेट्रोल ₹1.34 सस्ता होकर ₹107.76 प्रति लीटर और डीजल ₹1.37 घटकर ₹99.55 प्रति लीटर हो गया.
- चंडीगढ़ में पेट्रोल ₹1.78 घटकर ₹101.54 प्रति लीटर और डीजल ₹6.49 की बड़ी गिरावट के बाद ₹89.47 प्रति लीटर पर पहुंच गया.
- जयपुर में पेट्रोल 46 पैसे सस्ता होकर ₹113.51 प्रति लीटर और डीजल 42 पैसे घटकर ₹98.54 प्रति लीटर हो गया.
इन शहरों में आज महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
- कोलकाता में पेट्रोल 1 पैसे बढ़कर ₹113.51 प्रति लीटर हो गया, जबकि डीजल ₹99.82 प्रति लीटर पर स्थिर रहा.
- बेंगलुरु में पेट्रोल 43 पैसे बढ़कर ₹111.68 प्रति लीटर और डीजल 42 पैसे बढ़कर ₹99.56 प्रति लीटर हो गया.
- भुवनेश्वर में पेट्रोल 6 पैसे बढ़कर ₹109.33 प्रति लीटर और डीजल 5 पैसे बढ़कर ₹101.02 प्रति लीटर हो गया.
- हैदराबाद में पेट्रोल ₹1.34 बढ़कर ₹117.07 प्रति लीटर और डीजल ₹1.40 महंगा होकर ₹105.22 प्रति लीटर पहुंच गया.
क्रूड ऑयल में क्यों आया इतना बड़ा उतार-चढ़ाव?
इस हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला. मिसाइल हमलों, होर्मुज स्ट्रेट से तेल सप्लाई प्रभावित होने और लाल सागर में जहाजों पर हमलों के कारण गुरुवार को ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया.हालांकि शुक्रवार को खबर आई कि चीन अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई शांति वार्ता को फिर शुरू कराने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद क्रूड ऑयल में 4% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई.
शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 96.78 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जबकि WTI क्रूड 89.31 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. इसके बावजूद दोनों बेंचमार्क पूरे सप्ताह में मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए.
आगे क्या महंगा हो सकता है पेट्रोल-डीजल?
जेपी मॉर्गन का कहना है कि अगर तेल आपूर्ति में रुकावट हर महीने जारी रहती है तो ब्रेंट क्रूड में हर महीने 7 से 8 डॉलर प्रति बैरल तक की बढ़ोतरी हो सकती है. अगर यह स्थिति तीन महीने तक बनी रहती है तो औसत कीमत 114 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है.
वहीं गोल्डमैन सैक्स ने चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट में टेंशन बनी रहती है तो ब्रेंट क्रूड 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है. हालांकि बैंक का अनुमान है कि अगर मिडिल ईस्ट तनाव कम होता है तो इस साल की चौथी तिमाही में ब्रेंट करीब 80 डॉलर और अगले साल 75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रह सकता है.
घर बैठे ऐसे चेक करें अपने शहर का पेट्रोल-डीजल रेट
अगर आप रोजाना अपने शहर का पेट्रोल और डीजल रेट जानना चाहते हैं, तो पेट्रोल पंप जाने की जरूरत नहीं है.
- Indian Oil (IOC) के ग्राहक RSP लिखकर अपने शहर का कोड जोड़ें और 9224992249 पर SMS भेजें.
- BPCL के ग्राहक RSP लिखकर 9223112222 पर SMS भेज सकते हैं.
- HPCL के ग्राहक HP Price लिखकर 9222201122 पर SMS भेजें.
इसके अलावा तीनों तेल कंपनियों की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर भी रोज सुबह 6 बजे नए रेट अपडेट कर दिए जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं