टेक्नोलॉजी कंपनी Oracle ने हाल ही में हिलेरी मैक्ससन को अपना नया चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नियुक्त किया है. यह हायरिंग ऐसे समय में हुई है जब कुछ ही दिन पहले कंपनी ने लगभग 30,000 कर्मचारियों को सुबह 6 बजे ईमेल भेजकर नौकरी से निकाल दिया था. इस कदम ने टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी थी, अब हिलेरी मैक्ससन का काम कंपनी की फाइनेंशियल स्थिति को संभालना और भविष्य की रणनीति तय करना होगा.
हिलेरी मैक्ससन कौन है?
48 वर्षीय हिलेरी मैक्ससन के पास इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर में काफी एक्सपीरिएंस है. इससे पहले वह Schneider Electric में ग्रुप CFO के पद पर काम कर चुकी हैं. यह कंपनी एनर्जी मैनेजमेंट और ऑटोमेशन प्रोडक्ट्स बनाती है और हर साल 45 अरब डॉलर से ज्यादा का रेवेन्यू कमाती है. उनके इस अनुभव को देखते हुए Oracle ने उन्हें इस अहम पद के लिए चुना है, ताकि कंपनी के बड़े निवेश और खर्च को सही तरीके से मैनेज किया जा सके.

Oracle का बढ़ता कर्ज
Oracle इस समय AI इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए काफी बड़ा निवेश कर रही है, जिसके लिए कंपनी को भारी कर्ज भी लेना पड़ रहा है. ऐसे में हिलेरी मैक्ससन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है. उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे कंपनी के खर्च और फाइनेंशियल प्लानिंग को सही दिशा देंगी. निवेशक भी Oracle के इस बड़े AI खर्च पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि इससे कंपनी के कर्ज में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
हिलेरी मैक्ससन की सैलरी
हिलेरी मैक्ससन को Oracle में सालाना $950,000 (लगभग 7.9 करोड़ रुपये) की बेस सैलरी मिलेगी. इसके अलावा, उन्हें परफॉर्मेंस के आधार पर $2.5 मिलियन (करीब 20 करोड़ रुपये) तक का बोनस मिल सकता है. कंपनी उनके शिफ्ट होने के खर्च के लिए 12 महीनों तक $250,000 (करीब 2 करोड़ रुपये) तक का खर्च भी उठाएगी. इसके साथ ही, उन्हें करीब $26 मिलियन (लगभग 215 करोड़ रुपये) के इक्विटी अवॉर्ड्स भी मिलेंगे, जिसमें 80% टाइम-बेस्ड और 20% परफॉर्मेंस-बेस्ड होगा. उन्हें स्टॉक ऑप्शन या RSU (Restricted Stock Units) में से चुनने का विकल्प भी दिया गया है.
ये भी पढ़ें - AI से शख्स ने अकेले ही बना डाली 16,700 करोड़ की कंपनी! पढ़िए पूरी कहानी
बता दें, हिलेरी मैक्ससन की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब Oracle बड़े स्तर पर बदलावों से गुजर रही है. वह कंपनी के को-CEO Clay Magouyrk को रिपोर्ट करेंगी और कंपनी के निवेश को अनुशासित तरीके से आगे बढ़ाने की योजना बना रही हैं. Oracle इस वित्तीय वर्ष में लगभग $50 बिलियन का पूंजी निवेश करने की योजना बना रही है, जो पिछले साल की तुलना में दोगुना है.
हालांकि, इसी बीच कंपनी द्वारा 30,000 कर्मचारियों की छंटनी ने काफी आलोचना भी झेली है. कंपनी या इसके संस्थापक Larry Ellison ने अभी तक इस आलोचना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं