ओल्ड पेंशन स्कीम (Old Pension Scheme) पर सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है. अलग-अलग राज्य में OPS को लेकर उठ रही मांगों के बीच एक और राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन योजना पर कर्मचारियों की बड़ी मांग मान ली है. राजस्थान, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और झारखंड की तरह अब दक्षिण भारत के एक और राज्य में ओल्ड पेंशन स्कीम की पुनर्बहाली हो सकती है. दरअसल, आंध्र प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) में शामिल होने का वन टाइम ऑप्शन यानी एक बार का विकल्प देने का आदेश जारी किया है.
किन कर्मचारियों को मिलेगा OPS चुनने का मौका?
आंध्र प्रदेश राज्य सरकार ने कॉन्ट्रिब्यूटरी पेंशन स्कीम (CPS) के तहत आने वाले उन कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) में शामिल होने का एक बार का विकल्प देने का आदेश जारी किया, जिनकी भर्ती का नोटिफिकेशन या विज्ञापन 1 सितंबर, 2004 से पहले जारी हुआ था. भले ही उन्होंने सरकारी नौकरी 1 सितंबर, 2004 को या उसके बाद जॉइन की थी. बता दें कि 1 सितंबर, 2004 के बाद नौकरी ज्वाइन करने वाले सरकारी कर्मचारी NPS के दायरे में आते हैं.
AINPSEF ने की मांग- सभी कर्मियों को मिले OPS
आंध्र प्रदेश के इन कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम चुनने के विकल्प का आदेश जारी होने के बाद 'ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन' (AINPSEF) ने बधाई दी है. संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मंजीत पटेल ने कहा, 'पुरानी पेंशन स्कीम (#OPS) की जीत पर आंध्र प्रदेश के एनपीएस (NPS) कर्मचारियों को दिल से बहुत-बहुत बधाई.' उन्होंने कहा, 'आंध्र प्रदेश सरकार का यह फैसला बेहद स्वागत योग्य और न्यायसंगत है, जिसके तहत उन कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में वापस लौटने का मौका दिया गया है, जिनकी भर्ती का नोटिफिकेशन 1 सितंबर 2004 से पहले जारी हुआ था.

'ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन' (AINPSEF) की ओर से, आंध्र प्रदेश सरकार से विनम्र अपील है कि ये न्याय केवल कुछ ही कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. राज्य के सभी एनपीएस कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पूरी तरह बहाल किया जाना चाहिए. साथ ही, गारंटीड पेंशन स्कीम (GPS) जैसे हाइब्रिड मॉडल (मिले-जुले रूप) को वापस लेकर पूर्ण रूप से OPS लागू किया जाना चाहिए. कर्मचारियों को किसी अंशदायी या हाइब्रिड पेंशन का नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, सुनिश्चित और सम्मानजनक पुरानी पेंशन का अधिकार मिलना चाहिए.
ये भी पढ़ें: LPG Cylinder बस 10 मिनट में! स्विगी इंस्टामार्ट पर करेंगे ऑर्डर, बिना कनेक्शन घर पहुंच जाएगा सिलेंडर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं