WTC Updated Points Table After PAK vs WI Test: पाकिस्तान ने त्रिनिदाद में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्ट इंडीज़ को आठ विकेट से हराकर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में छलांग लगाई है. इस जीत का असर टीम इंडिया की स्थिति पर भी पड़ा है. हालांकि भारत अभी भी टॉप-5 में बना हुआ है, लेकिन उसके लिए आगे की राह आसान नहीं रहने वाली है. शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने अब तक नौ टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें चार में जीत, चार में हार और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है. टीम का पॉइंट्स प्रतिशत (PCT) 48.15 है और वह पांचवें स्थान पर मौजूद है. अगर भारत को फाइनल की दौड़ में मजबूत बने रहना है तो आने वाले मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज करनी होगी.
पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर काबिज है. उसने आठ में से सात टेस्ट जीते हैं और उसका PCT 87.50 है. दक्षिण अफ्रीका 75.00 PCT के साथ दूसरे, जबकि न्यूज़ीलैंड 72.22 PCT के साथ तीसरे स्थान पर है. बांग्लादेश ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 58.33 PCT के साथ चौथा स्थान हासिल कर रखा है.
उधर, पहले टेस्ट में हार के बाद सबसे नीचे पहुंचा पाकिस्तान दूसरे मुकाबले में वापसी करते हुए अब आठवें स्थान पर पहुंच गया है. छह मैचों में उसकी यह दूसरी जीत है और उसका PCT 22.22 हो गया है. पाकिस्तान की इस जीत से वेस्ट इंडीज़ आखिरी स्थान पर खिसक गया है.
श्रीलंका 41.67 PCT के साथ छठे और इंग्लैंड 24.36 PCT के साथ सातवें स्थान पर है. ऐसे में भारत के लिए हर मुकाबला अब बेहद अहम हो गया है, क्योंकि पॉइंट्स टेबल में मामूली बदलाव भी फाइनल की रेस पर बड़ा असर डाल सकता है.

पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया
दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली. चौथी पारी में 77 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने सिर्फ दो विकेट गंवाए. अब्दुल्ला शफीक और कप्तान बाबर आज़म 24-24 रन बनाकर नाबाद लौटे. बाबर ने जोमेल वारिकन के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर मैच खत्म किया.
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने घर से बाहर टेस्ट क्रिकेट में लगातार आठ हार का सिलसिला भी समाप्त कर दिया. वहीं, साजिद खान और अली उस्मान की स्पिन जोड़ी ने दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए वेस्ट इंडीज़ को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया. पाकिस्तान ने इसके साथ ही वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ साल 2000 के बाद से टेस्ट सीरीज में अपना अजेय रिकॉर्ड भी कायम रखा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं