ग्लोबल टेक इंडस्ट्री में इस समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने की होड़ मची हुई है. इसी रेस में खुद को सबसे आगे रखने के लिए दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) अपने पूरे सिस्टम को री-डिजाइन करने में जुट गई है.
एक हालिया मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट के सुरक्षा व्यवसाय (Security Business) में टॉप स्तर पर भारी फेरबदल हुआ है. कंपनी का नेतृत्व संभालने वाली नई सिक्योरिटी चीफ ने कई बड़े दिग्गजों की छुट्टी कर दी है, ताकि कंपनी का पूरा ध्यान 'AI फर्स्ट' सिक्योरिटी टूल्स पर फोकस किया जा सके.
नई सिक्योरिटी चीफ ने लिया बड़ा एक्शन
फरवरी 2026 में माइक्रोसॉफ्ट की नियुक्त हुई सुरक्षा प्रमुख हायते गैलॉट ने पूर्व सुरक्षा प्रमुख चार्ली बेल (Charlie Bell) के लीडरशिप में काम करने वाले कई वरिष्ठ अधिकारियों को पद से हटा दिया है. इस बड़े फेरबदल के तहत कंपनी की लीडरशिप टीम से जॉय चिक (Joy Chik) और शॉन बाइस (Shawn Bice) जैसे दिग्गज अधिकारियों सहित कम से कम 8 वरिष्ठ अधिकारियों की छुट्टी हो गई है. जॉय चिक ने माइक्रोसॉफ्ट में लगभग तीन दशक 30 साल का लंबा समय बिताया था. वहीं, चार्ली बेल अब नई भूमिका में नजर आएगी. पूर्व सिक्योरिटी हेड चार्ली बेल अब भी कंपनी में बने हुए हैं, लेकिन उन्हें इंजीनियरिंग क्वालिटी (Engineering Quality) से जुड़ी एक नई भूमिका सौंप दी गई है. इस बदलाव के बाद हायते गैलॉट अब सीधे माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला (CEO Satya Nadella) को रिपोर्ट करने वाली कार्यकारी उपाध्यक्ष (Executive Vice President) बन गई हैं.
अब AI पावर्ड टूल्स पर रहेगा मुख्य फोकस
इस पूरी उथल पुथल का मुख्य कारण माइक्रोसॉफ्ट का पारंपरिक सुरक्षा प्रणालियों से हटकर पूरी तरह से AI आधारित सुरक्षा समाधानों की ओर बढ़ना बताया जा रहा है. यानी गैलॉट के नेतृत्व में अब माइक्रोसॉफ्ट सिक्योरिटी को पायलट (Microsoft Security Copilot) जैसे एआई संचालित उपकरणों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो कोड में कमियों को स्कैन करने और कंपनियों के एआई एजेंटों की निगरानी में मदद करते हैं. अपने एक इंटरनल मेमो में गैलॉट ने स्पष्ट शब्दों में बता दिया है कि पूरी इंडस्ट्री को बुनियादी स्तर से फिर से तैयार किया जा रहा है और यह बदलाव उन्हीं कंपनियों को फायदा पहुंचाएगा, जो इस बदलाव को जल्दी भांप लेंगी, लिहाजा, वे कठिन फैसले लेंगी और अनुशासन के साथ काम करेंगी.
बड़े पैमाने पर छंटनी के हैं आसार
रिपोर्ट के मुताबिक इस नए AI Restructuring की वजह से माइक्रोसॉफ्ट में बड़े पैमाने पर छंटनी की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. माना जा रहा है कि माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कुल वर्कफोर्स के लगभग 2.1 प्रतिशत यानी 4,800 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी में है. इस छंटनी में सबसे बड़ा झटका माइक्रोसॉफ्ट के गेमिंग डिवीजन एक्सबॉक्स को लगा है, जहां से 3,200 लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है. एक्सबॉक्स की सीईओ आशा शर्मा ने इसे Xbox Reset का नाम दिया है, जिसके तहत गेमिंग बिजनेस की पूरी संरचना को सुधारा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- SBI Funds Management का IPO खुला: जानें लेटेस्ट GMP, प्राइस बैंड, लॉट साइज और संभावित लिस्टिंग गेन की पूरी डिटेल्स
यह भी पढ़ें- Penny Stock : एक लाख रुपये लगाने वाले बने करोड़पति, 13,283% की बढ़ोतरी से निवेशक हुए मालामाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं