साल के आखिरी महीनों में विदेश घूमने की योजना बना रहे भारतीयों की पसंद बदल रही है. यूरोप आज भी भारतीय पर्यटकों की पसंदीदा डेस्टिनेशन में शामिल है, लेकिन वहां घूमना अब बजट पर भारी पड़ रहा है. महंगे हवाई टिकट, लंबा सफर और छुट्टियों पर बढ़ते खर्च को देखते हुए भारतीय पर्यटक अब एशियाई देशों का रुख कर रहे हैं. थाईलैंड, जापान और वियतनाम जैसे देश भारतीय पर्यटकों के लिए तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं. खास बात यह है कि महंगे फ्लाइट्स के बावजूद विदेश घूमने के प्रति भारतीयों का उत्साह कम नहीं हुआ है.
ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में इंटरनेशनल फ्लाइट किराए करीब 25% बढ़े हैं. इसके बावजूद साल के आखिर में विदेश जाने के लिए फ्लाइट बुकिंग में पिछले साल के मुकाबले 33% की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, बढ़ते खर्च के कारण लोग अब ऐसी जगहों को प्रायोरिटी दे रहे हैं, जहां कम पैसे में ज्यादा घूमने-फिरने का मौका मिले. पृथ्वी एक्सचेंज के मैनेजिंग डायरेक्टर पवन कुमार कावड़ ने NDTV को बताया कि इंटरनेशनल फ्लाइट किराये बढ़ने के बावजूद साल के आखिर में विदेश सफर की मांग मजबूत बनी हुई है. हालांकि, अब पर्यटक केवल अपनी पसंद या किसी जगह के आकर्षण को देखकर फैसला नहीं कर रहे, बल्कि यह भी देख रहे हैं कि खर्च के बदले उन्हें कितना अच्छा अनुभव मिलेगा.
थाईलैंड, जापान और वियतनाम बन रहे पहली पसंद
कावड़ के मुताबिक, ऑनलाइन ट्रैवल और बुकिंग प्लेटफॉर्म क्लुक के ताजा आंकड़ों में थाईलैंड, जापान और वियतनाम भारतीय पर्यटकों के बीच पॉपुलर डेस्टिनेशन के रूप में उभरे हैं. साल के आखिर में विदेश घूमने की योजना बनाने वाले भारतीयों में से करीब 40% की पसंद दक्षिण-पूर्व एशिया के देश हैं. वहीं, जापान की हिस्सेदारी 14% है. इन देशों की पॉपुलैरिटी का अंदाजा वहां जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या से भी लगाया जा सकता है. थाईलैंड जाने वाले भारतीयों की संख्या 2023 में 14.80 लाख थी, जो 2024 में बढ़कर 19.10 लाख हो गई यानी इसमें करीब 29% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, वियतनाम भी भारतीय पर्यटकों के बीच तेजी से पॉपुलर हुआ है. ट्रैवक्लैन इंडेक्स 2025 के मुताबिक, जिन देशों का जिक्र किया गया है, उनमें वियतनाम की बाजार हिस्सेदारी में सबसे तेज 4.01% की बढ़ोतरी हुई है. इन एशियाई देशों में भारतीय पर्यटकों को समुद्र किनारे घूमने, शॉपिंग, खानपान, ऐतिहासिक जगहों और स्थानीय संस्कृति का अनुभव मिलता है. साथ ही, भारत से इनकी दूरी कम होने के कारण फ्लाइट में भी कम समय लगता है. इससे उन लोगों को खास फायदा होता है, जिनके पास घूमने के लिए सीमित छुट्टियां होती हैं.
यूरोप की पसंद बरकरार, लेकिन बजट बन रहा परेशानी
एशियाई देशों की बढ़ती लोकप्रियता का मतलब यह नहीं है कि भारतीय पर्यटकों ने यूरोप घूमने का सपना छोड़ दिया है. यूरोप अब भी लोगों की पसंद में शामिल है, लेकिन वहां छुट्टियां बिताने के लिए ज्यादा बजट की जरूरत पड़ती है. खासकर दिसंबर में क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान हवाई टिकट और दूसरी यात्रा सेवाएं महंगी हो सकती हैं. इसके मुकाबले एशियाई देशों में कम खर्च में विदेश यात्रा का अनुभव मिल सकता है. वीजा की आसानी, सीधी फ्लाइट की उपलब्धता, यात्रा में लगने वाला समय और घूमने के ऑप्शन भी पर्यटकों के फैसले को प्रभावित कर रहे हैं. कावड़ के मुताबिक, आने वाले समय में पर्यटक किसी जगह की पॉपुलैरिटी के बजाय वहां मिलने वाले अनुभव, किफायती खर्च और वीजा की सुविधा को ज्यादा महत्व देंगे. ऐसे में इस साल के आखिर में भारतीय पर्यटकों की पसंद उन देशों की ओर रह सकती है, जहां हर रुपये के बदले ज्यादा अनुभव मिल सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं