एयर इंडिया अपनी बिजनेस स्ट्रेटजी में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है. कंपनी का फोकस खर्च घटाने, कमाई बढ़ाने और अपने नेटवर्क को मजबूत बनाने पर है. एयर इंडिया के सीईओ टेवोल्डे गेब्रेमेरियम ने कर्मचारियों के साथ टाउनहॉल बैठक में बुधवार को कंपनी की आगे की योजनाओं की जानकारी दी. इसमें एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को एक ग्रुप के तहत चलाने, मुंबई से यूरोप और अमेरिका जाने वाले यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट बढ़ाने और हॉलिडे बिजनेस शुरू करने जैसे प्लान शामिल हैं.
एक ग्रुप के तहत काम करेंगी एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस एक ही ग्रुप के तहत काम करेंगी, लेकिन दोनों की ब्रांड पहचान अलग-अलग रहेगी. कंपनी के फाइनेंस, एचआर और आईटी जैसे विभागों को साझा किया जा सकता है. हालांकि, फ्लाइट ऑपरेशन, सुरक्षा और नियमों से जुड़े काम के साथ ग्राहकों से सीधे जुड़े काम दोनों कंपनियां अलग-अलग संभालेंगी.
मुंबई से बढ़ेंगी यूरोप और अमेरिका की कनेक्टिंग फ्लाइट
एयर इंडिया अपने फ्लाइट नेटवर्क में भी बदलाव करने जा रही है. कंपनी दिल्ली के बजाय मुंबई से यूरोप और अमेरिका जाने वाले यात्रियों को ज्यादा कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा देने की योजना बना रही है. इससे इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए मुंबई की भूमिका बढ़ेगी. वहीं, दिल्ली को पूरब के देशों की ओर जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट के प्रमुख सेंटर के रूप में बनाए रखा जाएगा.
खर्च घटाने के लिए 6,000 करोड़ रुपये बचाने का लक्ष्य
एयर इंडिया के सामने बढ़ती लागत एक बड़ी चुनौती है. सीईओ के मुताबिक, इस साल एयरलाइन को जिस कीमत पर फ्यूल मिल रहा है, वह पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुनी है. ऐसे में कंपनी नॉन-फ्यूल खर्च में 20 फीसदी और फ्यूल खर्च में 5 फीसदी की कटौती करना चाहती है. कंपनी ने कुल 6,000 करोड़ रुपये की बचत का लक्ष्य रखा है. इसमें से 3,500 करोड़ रुपये की संभावित बचत के उपायों की पहचान की जा चुकी है और 1,500 करोड़ रुपये की बचत पहले ही हासिल की जा चुकी है. इस काम के लिए करीब 11 सीनियर अधिकारियों की टीम बनाई गई है. कंपनी का कहना है कि खर्च में छोटी-छोटी कटौती भी उसके लिए अहम है.
हॉलिडे और टूर पैकेज का कारोबार शुरू करेगी एयर इंडिया
एयर इंडिया अब हवाई टिकट बेचने के साथ-साथ यात्रियों को घूमने-फिरने से जुड़ी सुविधाएं भी देना चाहती है. इसके लिए कंपनी अपना हॉलिडे और टूर ऑपरेशन बिजनेस शुरू करने की योजना बना रही है. इसे एयर इंडिया वेकेशंस या एयर इंडिया हॉलीडेज नाम दिया जा सकता है. इस कारोबार के तहत भारतीय यात्रियों के लिए घूमने के पैकेज तैयार किए जाएंगे. साथ ही, विदेशों से भारत आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने की भी कोशिश होगी.
कार्गो बिजनेस बढ़ाने की भी तैयारी
एयर इंडिया माल ढुलाई यानी कार्गो बिजनेसमें भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है. कंपनी एक अलग फ्रेटर बिजनेस शुरू करने की संभावनाएं तलाश रही है. इसके तहत सिर्फ सामान ढोने वाले विमानों के ऑपरेशन पर विचार किया जा रहा है. इससे कंपनी को कमाई का एक नया जरिया मिल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं