विज्ञापन

RBI के निवेश नियमों में ढील के बाद डॉलर के मुकाबले 50 पैसे की जोरदार छलांग

आरबीआई द्वारा विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए किए गए बड़े नीतिगत बदलावों का असर रुपये पर साफ दिखाई दिया. डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे मजबूत होकर 95.24 के स्तर तक पहुंच गया, जिससे भारतीय बाजारों में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.

RBI के निवेश नियमों में ढील के बाद डॉलर के मुकाबले 50 पैसे की जोरदार छलांग
मॉनेटरी पॉलिसी के बाद डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति मजबूत हुई है.

भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई अहम घोषणाएं किए जाने के बाद शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा. विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.72 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 50 पैसे मजबूत होकर 95.24 प्रति डॉलर तक पहुंच गया. पिछले कारोबारी सत्र में यह 95.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. आरबीआई ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों, अनिवासी भारतीयों और ओसीआई निवेशकों के लिए नियम आसान किए हैं. माना जा रहा है कि इन कदमों से विदेशी निवेश बढ़ेगा और भारतीय बाजारों में ज्यादा डॉलर आएंगे, जिससे रुपये को मजबूती मिलेगी.

निवेश बढ़ाने के लिए कई नियमों में दी गई राहत

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए बताया कि मौद्रिक नीति समिति ने रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखने का फैसला किया है. इसके साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपना न्यूट्रल पॉलिसी रुख भी बनाए रखा है. केंद्रीय बैंक ने एनआरआई और ओसीआई निवेशकों के लिए इक्विटी इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश की सीमा बढ़ा दी है. साथ ही सरकारी सिक्योरिटीज में एफपीआई निवेश से जुड़े नियमों को भी आसान बनाया गया है.

एक्सपर्ट का कहना है कि एफएआर फुली एक्सेसिबल रूट का विस्तार, एफपीआई के डेट निवेश नियमों में ढील, अस्थायी एफसीएनआर (बी) डिपॉजिट सुविधा और रियायती फॉरेक्स स्वैप जैसे कदम भारतीय मुद्रा को समर्थन देंगे और विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ाने में मदद करेंगे.आरबीआई गवर्नर ने साफ किया कि केंद्रीय बैंक की एक्सचेंज रेट पॉलिसी में कोई बदलाव नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आरबीआई रुपये के लिए कोई निश्चित स्तर तय नहीं करता और विनिमय दर को बाजार की ताकतों के आधार पर तय होने देता है.

जीडीपी और महंगाई के अनुमान में बदलाव

आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने आर्थिक अनुमानों में भी संशोधन किया है. केंद्रीय बैंक ने जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6.9 प्रतिशत से घटाकर 6.6 प्रतिशत कर दिया है. वहीं, सीपीआई आधारित महंगाई का अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं, लेकिन करीब 682 अरब डॉलर के मजबूत फॉरेक्स रिजर्व को लेकर आरबीआई के भरोसेमंद संदेश ने बाजार की धारणा को सकारात्मक बनाया है.

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी बनी हुई है. ब्रेंट क्रूड लगभग 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95.37 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था.

ये भी पढें- RBI MPC Meeting: क्‍या होम लोन-कार लोन की EMI पर मिलेगी राहत? थोड़ी देर में RBI गवर्नर संजय मल्‍होत्रा सुनाएंगे फैसला

ये भी पढ़ें- Share Market: बढ़त के साथ खुले बाजार! सेंसेक्‍स 270 प्‍वाइंट उछला, निफ्टी 23,450 के पार, रुपया भी चढ़ा
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com