रुपये की मजबूती अब भारतीय IT कंपनियों के लिए परेशानी की वजह बन सकती है. डॉलर, यूरो और पाउंड के मुकाबले रुपये में आई तेजी से देश की IT कंपनियों की कमाई पर दबाव पड़ने की आशंका है. ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये की मौजूदा चाल से वित्त वर्ष 2026-27 में IT कंपनियों की कमाई 4 से 13% तक घट सकती है. ये असर उन कंपनियों पर ज्यादा होगा, जिन्होंने करेंसी में उतार-चढ़ाव से बचाव यानी हेजिंग नहीं की है.
रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये में मजबूती से IT कंपनियों को मिलने वाला वो फायदा खत्म हो सकता है, जो अब तक रुपये की कमजोरी के कारण उनके मार्जिन को सहारा दे रहा था.
डॉलर, यूरो और पाउंड के मुकाबले कितना मजबूत हुआ रुपया?
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के मुताबिक, चालू तिमाही में अब तक रुपये में डॉलर के मुकाबले करीब 2.5% की मजबूती आई है. इसके अलावा यूरो के मुकाबले रुपया 6.2% और ब्रिटिश पाउंड के मुकाबले 3.4% मजबूत हुआ है. भारतीय IT कंपनियां अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा विदेशों से हासिल करती हैं. ऐसे में जब विदेशी ग्राहकों से मिलने वाला भुगतान रुपये में बदला जाता है, तो रुपये की मजबूती के कारण कंपनियों को पहले के मुकाबले कम रुपये मिलते हैं. इससे उनकी आय और मुनाफे पर असर पड़ सकता है. यूरोप में कारोबार करने वाली कंपनियों पर इसका असर ज्यादा हो सकता है, क्योंकि यूरो और पाउंड के मुकाबले रुपये में आई तेजी डॉलर की तुलना में अधिक है.
यह भी पढ़ें | भारतीय रुपया मजबूत हुआ, डॉलर के मुकाबले 24 पैसे चढ़ा, कच्चा तेल गिरा, जानिए शेयर बाजार का क्या है हाल
ऑपरेटिंग मार्जिन पर कितना पड़ेगा असर?
कोटक का अनुमान है कि रुपये की मौजूदा मजबूती से IT सर्विसेज कंपनियों के ऑपरेटिंग मार्जिन पर 50 से 70 बेसिस पॉइंट का दबाव आ सकता है. वहीं, इंजीनियरिंग रिसर्च एंड डेवलपमेंट (ER&D) कंपनियों के लिए ये दबाव 60 से 110 बेसिस पॉइंट तक हो सकता है. ये अनुमान इस आधार पर हैं कि कंपनियां मार्जिन बचाने के लिए कोई अतिरिक्त कदम नहीं उठाती हैं.
दिसंबर तिमाही में EPS पर 11% तक असर संभव
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर कंपनियों ने करेंसी के उतार-चढ़ाव से बचाव के लिए हेजिंग नहीं की है, तो दिसंबर तिमाही में प्रति शेयर कमाई यानी EPS पर 6 से 11% तक असर पड़ सकता है. पूरे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ये असर 4 से 13% तक रहने का अनुमान है. इसका मतलब है कि रुपये की मजबूती IT कंपनियों की कमाई के अनुमानों को नीचे ला सकती है.
कंपनियां कैसे कम कर सकती हैं नुकसान?
कोटक के मुताबिक, कंपनियां कुछ खर्चों में कटौती करके रुपये की मजबूती से होने वाले नुकसान को कम करने की कोशिश कर सकती हैं. इनमें कर्मचारियों की वैरिएबल पे घटाना और गैर-जरूरी खर्चों पर रोक लगाना शामिल है. हालांकि, कंपनियों के पास लागत घटाने के पारंपरिक विकल्प सीमित हैं. कर्मचारियों की उपयोगिता यानी यूटिलाइजेशन पहले से ऊंचे स्तर पर है, इसलिए इसमें सुधार की गुंजाइश कम है. वहीं, सब-कॉन्ट्रैक्टिंग की लागत भी बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक, जिन कंपनियों ने करेंसी जोखिम से बचाव के लिए पहले से हेजिंग की हुई है, उन पर रुपये की मजबूती का असर अपेक्षाकृत कम हो सकता है.
FY26 में रुपये की कमजोरी से मिला था फायदा
रुपये की मौजूदा मजबूती से पहले IT कंपनियों को करेंसी के उतार-चढ़ाव से फायदा मिल रहा था. कोटक के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में अनुकूल करेंसी मूवमेंट से IT कंपनियों के मार्जिन में 90 से 120 बेसिस पॉइंट तक की बढ़ोतरी हुई थी.इसका कुछ फायदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी जारी रहा. लेकिन अब ब्रोकरेज को उम्मीद है कि दूसरी छमाही में ये फायदा पलट सकता है और कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ सकता है.
AI निवेश और क्लाइंट की कीमतों का दबाव भी चुनौती
IT कंपनियों के सामने सिर्फ करेंसी का जोखिम नहीं है. ग्राहकों की ओर से कीमतें घटाने की मांग, प्रतिस्पर्धा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी क्षमताओं में निवेश भी कंपनियों की मुनाफे की स्थिति पर असर डाल सकते हैं. AI के इस्तेमाल से कंपनियों की उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन ग्राहकों की ओर से इस बढ़ी हुई उत्पादकता का फायदा कीमतों में कमी के रूप में मांगने का दबाव भी रहेगा. कोटक ने चेतावनी दी है कि अगर कंपनियों की मुनाफे की स्थिति लंबे समय तक कमजोर रहती है, तो शेयर बाजार में उनकी वैल्यूएशन पर भी असर पड़ सकता है. यानी रुपये की मजबूती से कमाई के साथ-साथ IT शेयरों के मूल्यांकन पर भी दबाव आने की आशंका है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं