बांग्लादेश में मजदूरों की अशांति और बढ़ती लागत के बीच भारत की टेक्सटाइल और गारमेंट इंडस्ट्री को बड़ा मौका मिला है. महज 18 दिनों में ZARA, H&M, M&S जैसे बड़े इंटरनेशनल ब्रांड्स के करीब ₹2,360 करोड़ के गारमेंट ऑर्डर बांग्लादेश से शिफ्ट होकर भारत आए हैं. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा भारत को मिल रहा है.
18 दिन में भारत आए ₹2,360 करोड़ के ऑर्डर
CTI के मुताबिक, 1 नवंबर से 18 नवंबर 2026 के बीच 254 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹2,360 करोड़ के गारमेंट ऑर्डर बांग्लादेश से डायवर्ट हुए. इसमें भारत सबसे बड़ा फायदा उठाने वाला देश है. ZARA, H&M, M&S (Marks & Spencer), Celio समेत कई बड़े ब्रांड अब भारत, वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया से ऑर्डर दे रहे हैं, लेकिन भारत को सबसे ज्यादा ऑर्डर मिले हैं.
बांग्लादेश से क्यों शिफ्ट हो रहे ऑर्डर?
बांग्लादेश में मजदूरों की अशांति, हड़ताल और फैक्ट्रियां बंद होने से 400 मिलियन डॉलर से ज्यादा का प्रोडक्शन लॉस हुआ है. वहीं, वहां मिनिमम वेज 12,500 टका से बढ़ाकर 17,000 टका यानी करीब 36% बढ़ाया गया है. इससे उत्पादन लागत भी बढ़ी है. भारत के लिए सबसे बड़ा फायदा डिलीवरी टाइम है. बांग्लादेश में माल पहुंचाने में करीब 120 दिन लगते हैं, जबकि भारत 60 से 90 दिन में डिलीवरी कर सकता है. यानी भारतीय एक्सपोर्टर करीब 60 दिन पहले माल पहुंचा सकते हैं.
किन शहरों को मिलेगा फायदा?
CTI के मुताबिक, तिरुपुर, सूरत, लुधियाना, दिल्ली-NCR, नोएडा, गुरुग्राम और बेंगलुरु के गारमेंट एक्सपोर्टरों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है. छोटे और मझोले गारमेंट यूनिटों में भी नए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है. अगर ये ऑर्डर भारत में टिकते हैं तो यह सिर्फ कुछ समय का बदलाव नहीं, बल्कि लंबे समय की सोर्सिंग शिफ्ट बन सकता है.
4 करोड़ लोगों को रोजगार देने वाला सेक्टर
भारत की टेक्सटाइल और अपैरल इंडस्ट्री में 4 करोड़ से ज्यादा लोग सीधे काम करते हैं, जिनमें 50% से ज्यादा महिलाएं हैं. यह कृषि के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाला सेक्टर है. कपास किसान, ट्रांसपोर्ट, पैकेजिंग, ट्रेडिंग, रिटेल, बटन, धागा, जिप और मशीनरी जैसे कामों को मिलाकर करीब 9 करोड़ लोग सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से इस सेक्टर से जुड़े हैं. इसमें 36 लाख से ज्यादा MSME यूनिट हैं. इसके अलावा पावरलूम, हैंडलूम, बुटीक और कपड़ा कारोबार से जुड़े कई लोगों का अलग सरकारी आंकड़ा नहीं है.
CTI ने पीएम मोदी से की 5 मांगें
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए राहत पैकेज और सुविधाएं मांगी हैं. मांगों में सस्ती बिजली, 7 दिन में GST रिफंड और ब्याज में राहत, टेक्सटाइल पार्कों में 24 घंटे बिजली-पानी, अमेरिका के 25% टैरिफ में टेक्सटाइल को छूट, नए खरीदारों के लिए सिंगल-विंडो मंजूरी और सिलाई, कटिंग- डिजाइन के लिए 1 लाख नए कारीगरों की ट्रेनिंग शामिल है.
CTI ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मेक इन इंडिया के लिए धन्यवाद भी दिया है और कहा है कि टेक्सटाइल सेक्टर को अतिरिक्त सुविधाएं मिलें तो भारत दुनिया का सबसे बड़ा गारमेंट हब बन सकता है.
यह भी पढ़ें | 30 नवंबर की बैठक से पहले टाटा संस ने दाखिल की कैविएट, जानें लिस्टिंग की डेडलाइन पर क्यों छिड़ी कानूनी जंग
यह भी पढ़ें | RBI ने ATM और कार्ड पेमेंट नियमों में किया बड़ा बदलाव, फ्री लिमिट के बाद लगेगा इतना चार्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं