व्हाइट हाउस ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में आए कुल $10.871 ट्रिलियन के महा-निवेश की लिस्ट जारी की है, जिसमें अकेले भारत का योगदान $330 बिलियन से अधिक है. अमेरिका में भारत के निवेश को लेकर व्हाइट हाउस ने बड़ा आंकड़ा सामने रखा है. बीते दिन यानी शुक्रवार को जारी लिस्ट में अमेरिका में भारत के कुल 330.5 अरब डॉलर के निवेश का जिक्र किया गया है. इस आंकड़े के साथ भारत अमेरिका में निवेश करने वाले प्रमुख देशों में शामिल हो गया है.
व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर निवेश से जुड़ी यह लिस्ट लगातार दिखाई जा रही है. इसमें भारत के अलावा दूसरे देशों और अमेरिका में प्राइवेट कंपनियों की ओर से किए जा रहे निवेश के आंकड़े भी साझा किए गए हैं.
भारत के निवेश की लिस्ट में दो एंट्री
व्हाइट हाउस की लिस्ट में दो अलग-अलग भारतीय कंपनियां के नाम हैं. इनमें एक में 310 अरब डॉलर और दूसरी में 20.5 अरब डॉलर के निवेश का जिक्र है. दोनों को मिलाकर यह रकम 330.5 अरब डॉलर होती है.व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आराम से बैठिए और इस शुक्रवार अमेरिका में खरबों डॉलर आते हुए देखिए.” हालांकि, इस लिस्ट को लेकर पूछे गए सवालों पर व्हाइट हाउस की ओर से तुरंत कोई जवाब नहीं आया.
रिलायंस और एस्सार के दम पर भारत बना टॉप इन्वेस्टर्स
इस साल मार्च में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज टेक्सास के ब्राउन्सविले में एक ऑयल रिफाइनरी लगाने के लिए 300 अरब डॉलर का निवेश कर रही है. वहीं, मई में SelectUSA Investment Summit के दौरान भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर तक निवेश करने की योजनाओं का ऐलान किया था. इस लिस्ट में एस्सार ग्रुप की कंपनी Mesabi Metallics की ओर से घोषित 15 अरब डॉलर के स्टील प्लांट का भी जिक्र है. यह प्लांट आयोवा में प्रस्तावित है.
अमेरिका में कुल निवेश 10.871 ट्रिलियन डॉलर
व्हाइट हाउस की लिस्ट में अमेरिकी कंपनियों और दूसरे देशों से आने वाले निवेश को मिलाकर कुल रकम 10.871 ट्रिलियन डॉलर बताई गई है.ट्रंप मिडटर्म चुनावों के लिए अपनी रैलियों में भी निवेश का मुद्दा उठा रहे हैं. उनका दावा है कि उनके प्रशासन ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए 20 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा के निवेश और निवेश से जुड़े वादे पूरे किए हैं.
यह भी पढ़ें | भारत-अमेरिका ट्रेड डील का पहला चरण फाइनल, मंत्री पीयूष गोयल ने EU और न्यूजीलैंड FTA पर भी दिया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं