विज्ञापन

पटना-लखनऊ वाली दुकान बंद करनी है, GST रजिस्‍ट्रेशन कैसे कैंसिल होगा, 1 दिसंबर वाला नया नियम समझ लीजिए

GST Registration Cancellation: 1 दिसंबर से जीएसटी में नया नियम लागू होगा. अब कारोबारियों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. पूरा काम ऑनलाइन होगा, जिससे छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी.

पटना-लखनऊ वाली दुकान बंद करनी है, GST रजिस्‍ट्रेशन कैसे कैंसिल होगा, 1 दिसंबर वाला नया नियम समझ लीजिए
GST रजिस्ट्रेशन रद्द करना हुआ आसान
NDTV Graphics

GST Registration Cancellation: क्या आपकी भी पटना या लखनऊ या जयपुर में दुकान है और अब आप उसे बंद करना चाहते हैं, लेकिन जीएसटी रजिस्ट्रेशन के चक्कर में फंसे हुए हैं? अब तक तो रजिस्ट्रेशन रद्द कराना किसी मुसीबत से कम नहीं था. लेकिन अब टेंशन खत्म होने वाली है. दरअसल, 1 दिसंबर से नियम बदलने जा रहा है. अब घर बैठे मोबाइल से ही मिनटों में आपका जीएसटी रजिस्ट्रेशन कैंसिल हो जाएगा. चलिए पूरा नया नियम आसान भाषा में समझते हैं. 

अभी तक क्या होता था

अगर कोई दुकानदार अपना कारोबार बंद कर देता था या उसका कारोबार इतना छोटा हो जाता था कि उसे जीएसटी में रहने की जरूरत नहीं थी, तो भी उसे जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती थी. पहले ऑनलाइन आवेदन करना, फिर कागज जमा करना, फिर नोटिस का जवाब देना और कई बार तो अफसरों के सामने पेश भी होना पड़ता था. इस पूरी प्रक्रिया में हफ्तों, कई बार महीनों लग जाते थे. इसी दौरान व्यापारी को रिटर्न भरने का दबाव भी बना रहता था. अगर रिटर्न नहीं भरा तो जुर्माना लग जाता था. इसी परेशानी को देखते हुए सरकार ने अब नियम को आसान कर दिया है.

अब क्या होगा

नए नियम के तहत व्यापारी जीएसटी पोर्टल पर जाकर खुद ही अपना रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने के लिए आवेदन कर सकेगा. सारी जानकारी ऑनलाइन ही चेक होगी. अगर सब कुछ सही पाया गया तो रजिस्ट्रेशन अपने आप रद्द हो जाएगा.

यह भी पढ़ें | 3 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुए GST के दो अधिकारी, भुवनेश्वर में सीबीआई के एक्शन से हड़कंप

किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

इस नए नियम का सबसे ज्यादा फायदा छोटे दुकानदारों, छोटे कारोबारियों और स्टार्टअप को होगा. कई बार लोग छोटा काम शुरू करते हैं और जीएसटी नंबर ले लेते हैं, लेकिन बाद में काम बंद हो जाता है. ऐसे लोगों को अब रजिस्ट्रेशन बंद कराने में आसानी होगी. इसके अलावा उन व्यापारियों को भी राहत मिलेगी, जिनका सालाना टर्नओवर GST की सीमा से नीचे आ गया है. वे अब आसानी से जीएसटी से बाहर निकल सकेंगे.

पूरी करनी होगी 4 शर्तें

अगर आप चाहते हैं कि आपका जीएसटी रजिस्ट्रेशन बिना किसी झंझट के सीधे ऑनलाइन ही कैंसिल हो जाए, तो आपको 4 शर्तें पूरी करनी होंगी.

  • आपके सारे पुराने जीएसटी रिटर्न समय पर भरे हुए हों.
  • सरकार का कोई भी टैक्स आप पर बकाया न हो.
  • ब्याज, लेट फीस या जुर्माने के नाम पर एक भी रुपया बाकी न हो.
  • विभाग की तरफ से मांगी गई कोई भी दूसरी रकम पूरी तरह जमा हो चुकी हो.
     

सरकार का क्या कहना है?

सरकार का कहना है कि उसका मकसद कारोबार को आसान बनाना है. जब से जीएसटी लागू हुआ है, तब से सरकार लगातार इसमें सुधार कर रही है. पहले रिटर्न भरना आसान किया गया, फिर रजिस्ट्रेशन लेना आसान किया गया और अब रजिस्ट्रेशन रद्द करना आसान किया जा रहा है. इससे व्यापारियों का समय और पैसा दोनों बचेंगे और वे अपना पूरा ध्यान अपने कारोबार को बढ़ाने पर लगा सकेंगे.

1 दिसंबर से क्या-क्या बदलेगा?

1 दिसंबर से कारोबारी जीएसटी पोर्टल पर लॉगिन करके रजिस्ट्रेशन कैंसिल के लिए अप्लाई कर सकेंगे. उन्हें वजह बतानी होगी कि वे रजिस्ट्रेशन क्यों रद्द कराना चाहते हैं. इसके बाद सिस्टम उनकी जानकारी को जांचेगा. अगर कोई बकाया टैक्स या रिटर्न पेंडिंग नहीं होगा, तो आवेदन जल्दी मंजूर हो जाएगा. एक्सपोर्ट का कहना है कि इस फैसले से जीएसटी सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी. फर्जी कंपनियों और फर्जी बिलिंग पर भी लगाम लगेगी, क्योंकि जो लोग काम नहीं कर रहे हैं, वे सिस्टम से आसानी से बाहर हो जाएंगे.

FY26 में अधिकारियों ने पकड़े 1,517 फर्जी रजिस्ट्रेशन

फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में सेंट्रल जीएसटी अधिकारियों ने जांच के दौरान 1,517 ऐसे फर्जी रजिस्ट्रेशन पकड़े, जो नकली पैन और आधार कार्ड के सहारे बनाए गए थे. इन फर्जी कंपनियों के जरिए करीब 9,940 करोड़ रुपये की फर्जी आईटीसी धोखाधड़ी की गई थी यानी बिना कोई असली कारोबार किए, सिर्फ कागजों पर ही करोड़ों का टैक्स क्रेडिट हड़प लिया गया. इतना ही नहीं, अधिकारियों ने कुल 30,162 फर्जी आईटीसी मामलों की जांच की, जिनमें 74,782 करोड़ रुपये की बड़ी धोखाधड़ी सामने आई है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
GST, GST Registration
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com