Gold-Silver Rate Fall: सोने-चांदी की रिकॉर्ड तोड़ तेजी पर ब्रेक लग गया है. लगताार आसमान छूती कीमतों से परेशान लोगों के लिए यह हफ्ता बड़ी राहत लेकर आया है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर महज सात दिनों के भीतर सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट (Gold and Silver Prices Drop) आई है. अगर आप शादी-ब्याह के लिए ज्वेलरी खरीदने की सोच रहे हैं या सोने-चांदी में निवेश का प्लान बना रहे हैं, तो जानिए अब सोना-चांदी कितना सस्ता हो गया है और अचानक दाम गिरने की असली वजह क्या है
24, 22 और 18 कैरेट सोना कितना सस्ता हुआ? जानें नए रेट
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, पिछले हफ्ते जो 24 कैरेट सोना 1,59,578 रुपए प्रति 10 ग्राम के पार था, वह इस हफ्ते 4,694 रुपए गिरकर ₹1,54,884 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. वहीं, ज्वेलरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने की कीमत कम होकर 1,41,874 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,46,173 रुपए प्रति 10 ग्राम थी.
इसके अलावा हल्के गहनों के लिए इस्तेमाल होने वाले 18 कैरेट सोने का दाम कम होकर 1,16,163 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,19,684 रुपए प्रति 10 ग्राम था.
चांदी भी हुई सस्ती, ₹2.35 लाख के करीब पहुंचे भाव
सोने के साथ-साथ चांदी खरीदने वालों को भी राहत मिली है.हफ्ते की शुरुआत में जो चांदी ₹2.43 लाख प्रति किलो बिक रही थी, वह अब फिसलकर ₹2,35,456 प्रति किलो पर आ गई है.यानी सीधे ₹8,400 से ज्यादा की गिरावट आई है.
अचानक क्यों गिरे सोने-चांदी के दाम? ये है 3 बड़ी वजह
1. अमेरिका और ईरान का तनाव
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान का तनाव के कारण कच्चे तेल (Crude Oil) की सप्लाई पर असर पड़ा है और कीमतें बढ़ गई हैं.कच्चे तेल के महंगे होने से दुनिया भर में महंगाई का डर फिर बढ़ गया है
2. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें
अमेरिका में रोजगार के आंकड़े उम्मीद से काफी मजबूत आए हैं. इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक (US Fed) जल्द ब्याज दरें नहीं घटाएगा. ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने से गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है.
3. डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती
अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने की उम्मीद से अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड मजबूत हो गए हैं.जब भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर मजबूत होता है, तो लोग सोने से पैसा निकालकर डॉलर में लगाने लगते हैं, जिससे सोने की मांग घटती है और दाम गिर जाते हैं.
क्या अभी सोना खरीदना चाहिए?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फिलहाल अक्टूबर गोल्ड फ्यूचर्स मामूली बढ़त के साथ ₹1,52,815 के आसपास है.इंटरनेशनल मार्केट में कॉमेक्स (Comex) पर सोने के लिए $4,330–$4,360 का मजबूत सपोर्ट है. वहीं MCX में सोना ₹1,51,500 से ₹1,52,000 के स्तर पर संभल सकता है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर आप लंबे समय के लिए ज्वेलरी या सोना खरीदना चाहते हैं, तो यह 4,000 रुपये की गिरावट गिरावट आपके लिए एक अच्छा मौका है. हालांकि, अगर डॉलर की मजबूती ऐसे ही बनी रही, तो ग्लोबल मार्केट में उतार-चढ़ाव की वजह से कीमतों में थोड़ी और हलचल दिख सकती है. भले ही डॉलर मजबूत रहने से अभी थोड़े उतार-चढ़ाव आएं, लेकिन लंबे समय के लिए सोने का ट्रेंड हमेशा ऊपर ही रहता है, इसलिए यह 'बाय ऑन डिप्स' यानी गिरावट में खरीदारी का सही मौका है.अगर बजट है, तो किश्तों में थोड़ा-थोड़ा सोना खरीदना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है. हालांकि, किसी भी बड़े निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं