अगर आपके घर में मक्खन, घी और क्रीम का इस्तेमाल ज्यादा होता है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है.दूध के बाद अब मक्खन, देसी घी और फ्रेश क्रीम खाने वालों के लिए आने वाले महीनों में झटका लग सकता है. दूध से बनने वाले इन प्रोडक्ट्स की कीमतें और बढ़ने की संभावना है, जिससे आम आदमी की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ सकता है. दूध की सप्लाई में कमी, बढ़ती खरीद लागत और स्टॉक घटने से डेयरी कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है. जानिए इसके पीछे की असली वजह क्या है...
Mint की रिपोर्ट के मुताबिक, कम बारिश और हरे चारे की कमी के चलते दूध उत्पादन में सर्दियों वाली बढ़ोतरी उम्मीद से कम रही है.
दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश, फिर भी मिल्क फैट की कमी
भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, लेकिन यहां मिल्क फैट यानी दूध की वसा की सप्लाई में कमी देखी जा रही है. सरकारी Basic Animal Husbandry Statistics 2026 के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में भारत का दूध उत्पादन 2.4% बढ़कर 253.81 मिलियन टन रहा, जबकि पिछले साल यह 247.87 मिलियन टन था.
दूध उत्पादन की बढ़त पिछले साल के 3.58% से धीमी हुई है और 10 साल की औसत सालाना ग्रोथ 5.41% से भी नीचे है.
अमूल की दूध खरीद में 15% की गिरावट
दूध की सप्लाई में कमी का असर डेयरी कंपनियों पर भी दिख रहा है. भारत की सबसे बड़ी डेयरी कोऑपरेटिव अमूल की रोजाना दूध खरीद करीब 15% घटकर सामान्य 3.5 करोड़ लीटर के स्तर से नीचे आ गई है. कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे सूखे प्रभावित राज्यों में हरे चारे की कमी, पानी की परेशानी और पशुओं की कम उत्पादकता ने दूध उत्पादन पर असर डाला है.
बाजार में मक्खन, घी और फ्रेश क्रीम की कमी की शिकायतें भी सामने आई हैं. कुछ डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, घी की सप्लाई कई महीनों से नहीं मिल रही है. वहीं, कई इलाकों में तो डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास घी का स्टॉक तक कम होने लगा है.
गाय के दूध की बढ़ती हिस्सेदारी से भी दबाव
दूध में फैट की मात्रा भी कीमतों पर असर डाल रही है. वित्त वर्ष 2025 में भारत के कुल दूध उत्पादन में भैंस के दूध की हिस्सेदारी करीब 43% थी. भैंस के दूध में गाय के दूध के मुकाबले फैट ज्यादा होता है. ऐसे में गाय के दूध की हिस्सेदारी बढ़ने से कुल दूध उत्पादन तो बढ़ सकता है, लेकिन मक्खन और घी बनाने के लिए जरूरी मिल्क फैट उतनी तेजी से नहीं बढ़ता.
पशुओं के चारे की कीमत भी बढ़ी
डेयरी कंपनियों की लागत बढ़ने की एक बड़ी वजह पशुओं का चारा भी है. सितंबर में चारे की कीमतें सालाना आधार पर 15-20% बढ़ गईं. मक्का, डी-ऑयल्ड राइस ब्रान केक और सोया आधारित चीजें महंगी होने से दूध खरीद की लागत पर दबाव बढ़ा है.
3 साल में मक्खन 54% महंगा
बता दें कि मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर पहले ही दिखने लगा है. अक्टूबर 2026 में एक्स-डेयरी मक्खन की कीमत 537 रुपये प्रति किलो पहुंच गई, जो अक्टूबर 2023 में 348 रुपये प्रति किलो थी. यानी तीन साल में करीब 54.3% की बढ़ोतरी हुई है. वहीं स्किम्ड मिल्क पाउडर की कीमत 18% बढ़कर 295 रुपये प्रति किलो हो गई है.
वित्त वर्ष 2027 में दूध खरीद की लागत ऊंची रहने की उम्मीद है. अगर चारे की उपलब्धता, पशुओं का पोषण और दूध उत्पादन बेहतर नहीं हुआ तो मक्खन, घी और फ्रेश क्रीम की सप्लाई पर अगले कुछ महीनों तक दबाव रह सकता है. ऐसे में इन उत्पादों की कीमतें और बढ़ सकती हैं, जिससे घर का किचन बजट भी बिगड़ सकता है.
यह भी पढ़ें | RBI ने ATM और कार्ड पेमेंट नियमों में किया बड़ा बदलाव, फ्री लिमिट के बाद लगेगा इतना चार्ज
यह भी पढ़ें | 30 नवंबर की बैठक से पहले टाटा संस ने दाखिल की कैविएट, जानें लिस्टिंग की डेडलाइन पर क्यों छिड़ी कानूनी जंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं