दिवाली से पहले लोगों को महंगाई का झटका लगा है. तमिलनाडु की को-ऑपरेटिव डेयरी कंपनी आविन (Aavin) ने घी, मक्खन, दही, लस्सी, मिल्कशेक और मिठाइयों समेत 63 डेयरी प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं. नई कीमतें बुधवार से लागू होंगी. कंपनी ने कीमतें बढ़ाने के पीछे कच्चे माल और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी को वजह बताया है.
बढ़ी हुई कीमतें बुधवार 28 अक्टूबर यानी कल से ही लागू हो रही हैं. दिवाली के मौके पर मिठाइयों और डेयरी प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी से त्योहार के दौरान लोगों का खर्च बढ़ सकता है.
घी और मक्खन के दाम कितने बढ़े?
आविन के 100 ग्राम घी का पैक अब 85 रुपये के बजाय 95 रुपये में मिलेगा. वहीं, 500 मिलीलीटर घी के पैक की कीमत 365 रुपये से बढ़कर 400 रुपये हो गई है. मक्खन भी महंगा हो गया है. इसके 100 ग्राम पैक के लिए अब ग्राहकों को 60 रुपये की जगह 70 रुपये चुकाने होंगे.
रसगुल्ला और गुलाब जामुन भी महंगे
दिवाली पर मिठाइयों की खरीदारी करने वालों को भी ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. आविन ने रसगुल्ला और गुलाब जामुन समेत कई मिठाइयों के दाम बढ़ाए हैं. 100 ग्राम रसगुल्ला अब 45 रुपये की बजाय 50 रुपये में मिलेगा. वहीं गुलाबजामुन भी 30 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है.
मैसूर पाक समेत दूसरी मिठाइयों की कीमतों में भी बदलाव किया गया है.
लस्सी, छाछ और मिल्कशेक के लिए भी देने होंगे ज्यादा पैसे
- आविन के डेयरी ड्रिंक्स भी महंगे हो गए हैं. 200 मिलीलीटर लस्सी की कीमत 20 रुपये से बढ़ाकर 23 रुपये कर दी गई है. वहीं, मिल्कशेक की 10 वैरायटी, जिनकी कीमत अभी 30 रुपये थी, अब 35 रुपये में मिलेंगी.
- छाछ के 200 मिलीलीटर पैक की कीमत 8 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दी गई है. पीईटी बोतल में मिलने वाली छाछ के लिए अब 12 रुपये के बजाय 14 रुपये देने होंगे.
- दही की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. 500 ग्राम दही का पैक 35 रुपये के बजाय 40 रुपये में मिलेगा. वहीं, एक किलोग्राम वाले दही प्रोडक्ट की कीमत 120 रुपये से बढ़कर 130 रुपये हो गई है.
100 से ज्यादा डेयरी प्रोडक्ट बेचती है कंपनी
आविन तमिलनाडु के डेयरी डेवलपमेंट विभाग के तहत काम करने वाली सहकारी डेयरी संस्था है. कंपनी दूध के साथ 100 से ज्यादा डेयरी और उससे जुड़े प्रोडक्ट बेचती है.
इसके पोर्टफोलियो में पाल्कोवा, घी, मक्खन, हेल्थ मिक्स, मिल्क बिस्किट, चॉकलेट, कुल्फी और आइसक्रीम की कई वैरायटी शामिल हैं.
कंपनी ने कच्चे माल और मैन्युफैक्चरिंग लागत में बढ़ोतरी को कीमतों में संशोधन की वजह बताया है. दिवाली से ठीक पहले दाम बढ़ने से घी, मक्खन और मिठाइयों जैसी चीजों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों का बजट प्रभावित हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं