देश की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों में शामिल फ्लिपकार्ट में बड़ा लीडरशिप बदलाव होने जा रहा है. कंपनी के ग्रुप सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वह 11 साल से ज्यादा समय तक कंपनी से जुड़े रहने के बाद अब फ्लिपकार्ट छोड़ रहे हैं. कंपनी ने बुधवार (25 नवंबर) को इसकी जानकारी दी. कंपनी ने बताया कि आने वाले कुछ हफ्तों में नए सीईओ के नाम का ऐलान किया जाएगा. तब तक कंपनी के चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर बालाजी थियागराजन अंतरिम तौर पर संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे. हालांकि, कंपनी ने कृष्णमूर्ति के पद छोड़ने की वजह नहीं बताई है. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब कंपनी आईपीओ की तैयारी कर रही है.
साल 2017 में बने थे फ्लिपकार्ट के CEO
कल्याण कृष्णमूर्ति जनवरी 2017 में फ्लिपकार्ट के सीईओ बने थे. इसके बाद 2018 में उन्हें ग्रुप सीईओ की जिम्मेदारी दी गई. उनके लीडरशिप में कंपनी ने ई-कॉमर्स कारोबार का विस्तार किया. साथ ही ग्रोसरी और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में भी अपनी मौजूदगी मजबूत की. कृष्णमूर्ति के कार्यकाल में ही अमेरिकी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट ने फ्लिपकार्ट का अधिग्रहण किया था। इसके अलावा उन्होंने कंपनी को शेयर बाजार में लिस्टिंग यानी आईपीओ लाने की तैयारी के दौर में भी लीड किया..
Flipkart's CEO Kalyan Krishnamurthy To Step Down. https://t.co/lxhkjT3djD
— NDTV Profit News (@NDTVProfit) November 25, 2026
टाइगर ग्लोबल से शुरू हुआ था सफर
फ्लिपकार्ट से जुड़ने से पहले कल्याण कृष्णमूर्ति टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट में मैनेजिंग डायरेक्टर थे. वहां वह भारत में फंड के निवेश वाली कंपनियों का कामकाज देखते थे. इससे पहले उन्होंने ईबे एशिया पैसिफिक और ईबे साउथ एशिया में फाइनेंस से जुड़े पदों पर काम किया था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रॉक्टर एंड गैंबल से की थी.
फ्लिपकार्ट पर वॉलमार्ट का भरोसा कायम
फ्लिपकार्ट भारत के सबसे बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म में से एक है. कंपनी के मुताबिक, उसके रजिस्टर्ड यूजर्स की संख्या 50 करोड़ से ज्यादा है. वॉलमार्ट ने अपने बयान में कहा है कि फ्लिपकार्ट और भारत में इसके कारोबार की लंबी अवधि की संभावनाओं को लेकर उसकी प्रतिबद्धता बनी हुई है. लीडरशिप में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब फ्लिपकार्ट शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी कर रही है. हालांकि, कंपनी ने अभी तक स्थायी रूप से नए सीईओ के नाम का ऐलान नहीं किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं