EPF Withdrawal Rules 2025: आजकल बड़ी-बड़ी कंपनियों में छंटनी (Layoffs 2026) का दौर चल रहा है, जिससे हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है. ऐसे मुश्किल समय में न केवल मानसिक तनाव बढ़ता है, बल्कि आर्थिक स्थिति भी डगमगा जाती है. लेकिन अगर आप सैलरीड हैं, तो आपका EPF (Employees' Provident Fund) आपके लिए एक बड़े सुरक्षा कवच की तरह काम कर सकता है.बेरोजगारी के समय में EPF का पैसा आपके लिए बड़ा सहारा बन सकता है.
अच्छी बात यह है कि EPFO ने PF विड्रॉल नियमों को अब इतना आसान बना दिया है कि बेरोजगारी की स्थिति में जरूरत पड़ने पर कर्मचारी अपने पीएफ अकाउंट में जमा पैसे को बिना किसी झंझट के निकाल कर इस्तेमाल कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि मुश्किल वक्त में आप अपने पीएफ खाते से कितना पैसा और कैसे निकाल सकते हैं. इसके साथ ही अगर पूरा पैसा निकाल लिया तो फिर इसका पेंशन पर क्या असर होगा ये भी जान लेते हैं...
EPFO ने PF फंड निकालने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 3 मुख्य कैटेगरी में बांट दिया है. अब आपको बस इन तीन में से चुनाव करना होगा.
- जरूरी जरूरतें (Essential Needs)
- घर की जरूरतें (Housing Needs)
- विशेष परिस्थितियां (Special Circumstances) नौकरी जाना या बेरोजगारी इसी कैटेगरी में आता है.
बेरोजगारी में PF से कितना पैसा निकाल सकते हैं?
अगर आपकी नौकरी चली गई है या कंपनी से निकाल दिया जाता है, तो आप अपने पीएफ बैलेंस का 75% हिस्सा तुरंत निकाल सकते हैं.इस रकम में आपका और कंपनी दोनों का योगदान और उस पर मिलने वाला ब्याज शामिल होता है.
अगर नौकरी छूटने के बाद भी 1 साल तक नई नौकरी नहीं मिलती या जब आप लगातार 12 महीनों तक बेरोजगार रहते हैं तो आप बाकी बचा हुआ 25% पैसा भी निकाल सकते हैं.
100% पीएफ अमाउंट कब निकाल सकते हैं?
कुछ खास स्थितियों में आप अपना पूरा (100%) पैसा भी निकाल सकते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं.जैसे...
- 55 साल की उम्र के बाद रिटायरमेंट पर पूरी रकम निकाली जा सकती है.
- स्थायी विकलांगता (Permanent Disability) होने पर पूरी रकम निकाली जा सकती है.
- स्वैच्छिक रिटायरमेंट वीआरएस (VRS) लेने या हमेशा के लिए विदेश बसने की स्थिति में पूरी रकम निकाली जा सकती है.
बता दें कि नौकरी जाने के 2 महीने बाद आप पूरा पैसा निकालने के लिए क्लेम कर सकते हैं लेकिन 1 साल बाद 25% वाला नियम अधिक प्रभावी है.
क्या इससे आपकी पेंशन पर कोई असर पड़ेगा?
पीएफ निकालने के इन नए नियमों का 58 साल की उम्र पर मिलने वाली आपकी पेंशन (EPS) पर कोई असर नहीं पड़ेगा. अगर आपकी नौकरी 10 साल से कम है, तो आप पेंशन का पैसा भी निकाल सकते हैं. लेकिन अगर आपकी नौकरी को 10 साल पूरे हो चुके हैं, तो पेंशन का पैसा खाते में ही रहने देना समझदारी है, क्योंकि इससे आपको रिटायरमेंट के बाद हर महीने फिक्स पेंशन मिलेगी.
- अगर आपकी नौकरी 10 साल से कम है, तो आप EPS का पैसा निकाल सकते हैं.
- अगर 10 साल पूरे हो चुके हैं, तो EPS का पैसा न निकालना बेहतर होता है, क्योंकि रिटायरमेंट के बाद हर महीने पेंशन मिलती है.
क्या नौकरी जाने के बाद PF पर ब्याज मिलना बंद हो जाएगा?
यह सबसे बड़ा सवाल है. FY 2022-23 के अनुसार, PF अकाउंट में जमा पैसे पर अभी करीब 8.25% सालाना ब्याज मिलता है .अगर आप पैसा अकाउंट में रहने देते हैं, तो कंपाउंडिंग का फायदा मिलता रहता है, जिससे छोटी रकम भी समय के साथ बड़ी बन सकती है.अगर आपके पीएफ खाते में जो 25% रकम बची रहेगी, उस पर आपको 8.25% की दर से शानदार ब्याज मिलता रहेगा.

PF अकाउंट में पैसा छोड़ने का बड़ा फायदा क्या है?
EPFO के अनुसार, कई लोग बार-बार पूरा पैसा निकाल लेते हैं और रिटायरमेंट के समय उनके पास बचत नहीं रहती.इसी वजह से नियम बनाया गया है कि बेरोजगारी में पहले 75% रकम निकालें, ताकि जरूरत भी पूरी हो जाए और भविष्य की सुरक्षा भी बनी रहे.आंकड़ों के अनुसार, 75% लोग रिटायरमेंट से पहले ही अपना पूरा पैसा निकाल लेते हैं, जिससे उनके पास बुढ़ापे के लिए 50 हजार रुपये भी नहीं बचते. इसीलिए 25% पैसा खाते में छोड़ना आपके लिए फायदेमंद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं