EPFO Interest Rate 2025-26: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) जमा पर 8.25% की ब्याज दर को बरकरार रखा है. खास बात यह है कि सरकार ने लगातार दूसरे साल आपकी बचत पर मिलने वाले मुनाफे को कम नहीं होने दिया है, जिससे करोड़ों सब्सक्राइबर्स को तगड़ा रिटर्न मिलना जारी रहेगा. 8.25% की तगड़ी ब्याज दर के साथ अब आपके खाते में मोटा पैसा आने वाला है.लेकिन सवाल यह है कि यह पैसा आखिर आपके अकाउंट में PF कब आएगा? और आपकी जमा पूंजी पर आपको कुल कितना एक्स्ट्राफायदा मिलेगा?
आइए, आसान भाषा में समझते हैं कि पीएफ पर मिलने वाले ब्याज का कैलकुलेशन कैसे किया जाता है और इसको लेकर टैक्स के क्या नियम हैं...
आपके खाते में कब आएगा ब्याज का पैसा?
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% की ब्याज दर पर मुहर लगा दी है.अब इस प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय के पास औपचारिक मंजूरी के लिए भेजा गया है. जैसे ही वहां से हरी झंडी मिलेगी, देश के 8 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स के खातों में ब्याज का पैसा क्रेडिट होना शुरू हो जाएगा. आमतौर पर यह पैसा वित्त वर्ष खत्म होने के कुछ महीनों के भीतर आपके पास पहुंच जाता है.
PF अकाउंट में जमा रकम पर कितना मिलेगा ब्याज ? समझें कैलकुलेशन
PF पर मिलने वाले ब्याज का कैलकुलेशन हर महीने के क्लोजिंग बैलेंस पर होती है, लेकिन यह आपके खाते में साल में एक ही बार जुड़ता है.PF पर मिलने वाला ब्याज 'कंपाउंडिंग' के आधार पर बढ़ता है, यानी हर महीने आपके बढ़ते बैलेंस पर ब्याज जुड़ता है.अगर आपके खाते में नीचे दी गई रकम जमा है, तो देखिए अलग-अलग रकम पर 8.25% की दर से आपको कितना फायदा होगा.
- ₹1 लाख के बैलेंस पर आपको सालाना ₹8,250 का ब्याज मिलेगा, यानी हर महीने औसतन ₹687.50 की कमाई होगी.
- ₹3 लाख के बैलेंस पर आपके खाते में सालाना ब्याज ₹24,750 जमा होगा यानी हर महीने औसत ₹2,062.5 का का ब्याज जुड़ेगा.
- ₹5 लाख के बैलेंस पर आपको सालाना ₹41,250 का ब्याज मिलेगा यानी हर महीने औसत ₹3,437.50)का सीधा मुनाफा होगा.
- ₹10 लाख के बैलेंस पर सालाना ब्याज की रकम ₹82,500 हो जाएगी यानी हर महीने औसत ₹6,875 का ब्याज मिलेगा.
- ₹15 लाख के बैलेंस पर आपको ₹1,23,750 का बंपर ब्याज मिलेगा यानी हर महीने की औसत कमाई ₹10,312.50 होगी.
क्या PF अकाउंट में जमा ब्याज पर टैक्स लगता है?
PF निवेश का सबसे सुरक्षित और फायदेमंद जरिया इसलिए है क्योंकि यह टैक्स फ्री है. PF पर मिलने वाला ब्याज वैसे तो टैक्स-फ्री होता है, लेकिन इसके कुछ नियम हैं.अगर आप प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारी हैं औरएक वित्त वर्ष में ₹2.5 लाख तक निवेश करते हैं, तो मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री है. इससे ज्यादा निवेश करने पर अतिरिक्त रकम के ब्याज पर टैक्स देना होगा. सरकारी कर्मचारियों के लिए टैक्स फ्री ब्याज की यह लिमिट ₹5 लाख तक है
इन लोगों को नहीं मिलेगा ब्याज का फायदा
अगर आपने नौकरी बदल ली है और पिछले 36 महीनों से अधिक समय से आपके पुराने पीएफ अकाउंट में कोई नया कॉन्ट्रीब्यूशन जमा नहीं हुआ है, तो आपका अकाउंट इनएक्टिव माना जा सकता है. ऐसे खातों पर EPFO ब्याज देना बंद कर देता है. इसलिए बेहतर होगा कि आप अपना पुराना पीएफ बैलेंस नई कंपनी के अकाउंट में ट्रांसफर करवा लें ताकि आपकी कमाई रुक न जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं