विज्ञापन

रत्ना सिंह आत्महत्या केस: पिता के सीएम से मिलने के बाद तेज कार्रवाई, 3 गिरफ्तार, फरार की तलाश में लगी 6 टीम

लखनऊ के रत्ना सिंह आत्महत्या मामले में पिता की सीएम से मुलाकात के बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई की है. मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में छह टीमें जुटी हैं.

रत्ना सिंह आत्महत्या केस: पिता के सीएम से मिलने के बाद तेज कार्रवाई, 3 गिरफ्तार, फरार की तलाश में लगी 6 टीम

Ratna Singh Suicide Case: लखनऊ के रत्ना सिंह आत्महत्या केस में अब तेजी से कार्रवाई देखने को मिल रही है. पिता के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन एक्शन मोड में आ गए हैं. जहां एक तरफ मुख्य आरोपी के ठिकानों पर बुलडोजर चला, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

सुसाइड से पहले वीडियो ने मचाया हड़कंप

गोमतीनगर विस्तार इलाके में रहने वाली 32 वर्षीय रत्ना सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. लेकिन मौत से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें रोते हुए उन्होंने अपनी मौत के लिए पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया. इस वीडियो के सामने आते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया.

इन लोगों पर लगाए थे गंभीर आरोप

वीडियो में रत्ना ने बिजनेसमैन शरद सिंह, उसकी पत्नी पल्लवी जोशी, मंगल यादव, वैशाली और प्रशांत शर्मा पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा कि इन लोगों की वजह से वह इतना टूट गईं कि यह कदम उठाने को मजबूर हो गईं.

पिता की शिकायत के बाद बढ़ा दबाव

मृतका के पिता सुधीर कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी शरद सिंह के गलत कामों की जानकारी रखती थी और उनका साथ नहीं देती थी. इसी वजह से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. उन्होंने 15 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद मामले में तेजी आई.

बुलडोजर और सीलिंग की कार्रवाई

पुलिस और एलडीए ने आरोपी शरद सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसके होटल, सैलून और अन्य ठिकानों को सील कर दिया. इसके बाद अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया. साथ ही आरोपी की महंगी गाड़ियों स्विफ्ट, स्कॉर्पियो और वोल्वो को भी जब्त किया गया.

3 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शरद सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं दो महिला आरोपी अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लखनऊ के अलावा दिल्ली और अन्य राज्यों में भी छापेमारी कर रही है. सर्विलांस टीम भी इस केस में सक्रिय है और जल्द सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है.

पुलिस का दावा- जल्द मिलेगा न्याय

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ratna Singh Suicide Case, Lucknow Suicide Video Case, Bulldozer Action Lucknow, UP Police Arrest Accused, Suicide Case Investigation India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com