विज्ञापन

यूपी विधानसभा चुनाव में 2024 से बेहतर होंगे नतीजे, गठबंधन सरकार बनाएगा: आराधना मिश्रा

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने झांसी में कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान उन्होंने मतदाता सूची, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा.

यूपी विधानसभा चुनाव में 2024 से बेहतर होंगे नतीजे, गठबंधन सरकार बनाएगा: आराधना मिश्रा
यूपी के 2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयारी में जुट गई है.

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने झांसी में आयोजित 'लोक हुंकार जनसंवाद' कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने झांसी, जालौन और ललितपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने वोट चोरी, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), लोकतंत्र और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दे उठाए. साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की जीत और सरकार बनाने का भरोसा जताया.

आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं से संवाद करना और चुनाव की तैयारी तथा रणनीति पर चर्चा करना है. वोट चोरी का विषय लगातार गंभीर होता जा रहा है. लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई राहुल गांधी लड़ रहे हैं और पार्टी ने इस दिशा में आगे के कार्यक्रम तय किए हैं. इन कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि वे बूथ स्तर पर सक्रिय होकर लोगों के मताधिकार की रक्षा कर सकें. उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ इस बात पर चर्चा की जाएगी कि मतदाता सूची से किसी भी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से न कटे. लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए. इसके लिए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दे रही है.

चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में गठबंधन होते रहते हैं और इससे कांग्रेस को कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने दावा किया कि ओवैसी की पार्टी का 2022 और 2024 के चुनावों में मत प्रतिशत 0.5 प्रतिशत से भी कम रहा है. उन्होंने कहा कि पहले भी कई गठबंधन हुए हैं और भविष्य में भी होते रहेंगे, इसलिए इसे कोई विशेष मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए.

भाजपा पर हमला बोलते हुए आराधना मिश्रा ने आरोप लगाया कि पार्टी ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति के लिए धर्म और जाति का इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ऐसी नहीं रही है. कांग्रेस आजादी के आंदोलन के समय से ही सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है और भविष्य में भी अपने मूल्यों से समझौता नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी को भले ही राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा हो, लेकिन उसने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया. कांग्रेस के लिए धर्म और राजनीति अलग-अलग विषय हैं.

2027 के चुनावी परिणामों को लेकर उन्होंने कहा कि 2022 और 2024 के चुनाव में उन्हीं विधानसभा क्षेत्रों के मत प्रतिशत की तुलना की जानी चाहिए. 2024 में कांग्रेस का मत प्रतिशत बढ़ा है. उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में परिणाम 2024 से भी बेहतर होंगे. 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता और कांग्रेस गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के '400 पार' के अहंकार को रोका था. आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता गठबंधन का समर्थन करेगी.

गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समय सीटें मांगने का नहीं, बल्कि चुनाव जीतकर सरकार बनाने की तैयारी करने का है. समाजवादी पार्टी कांग्रेस को कितनी सीटें देगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर बातचीत चल रही है. दो-तीन दिन बाद प्रदेश इकाइयों की बैठक होगी, जिसमें इस विषय पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सम्मानजनक तरीके से चुनाव लड़ेगी और गठबंधन 2027 में जीतकर सरकार बनाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aradhana Mishra Mona, Uttar Pradesh Congress, UP Assembly Election 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com