विज्ञापन

अब पेंशन की नो टेंशन, EPFO के इन चार नए नियमों से हायर पेंशन क्लेम का ऐसे होगा फास्ट निपटारा

अगर आपका ईपीएस (EPS) हायर पेंशन क्लेम अटका हुआ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. दरअसल, ईपीएफओ (EPFO) ने आवेदनों की पेंडेंसी और वेरिफिकेशन में हो रही देरी को खत्म करने के लिए 4-स्टेप फॉर्मूला जारी किया है. जानिए ऑनलाइन पोर्टल से लेकर रिव्यू मीटिंग तक, EPFO कैसे करेगी क्लेम का तेजी से निपटारा.

अब पेंशन की नो टेंशन, EPFO के इन चार नए नियमों से हायर पेंशन क्लेम का ऐसे होगा फास्ट निपटारा
अटका है हायर पेंशन क्लेम? EPFO ने जारी किया 4-स्टेप फॉर्मूला, अब तेजी से होगा निपटारा
NDTV

Pension Updates: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के तहत बढ़ी हुई पेंशन (Higher Pension) का इंतजार कर रहे लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है. दरअसल, हायर पेंशन क्लेम की संख्या में अचानक हुए इजाफे और वेरिफिकेशन प्रक्रिया में लग रहे समय की वजह से कई आवेदन पेंडिंग पड़े हुए थे.

इस प्रशासनिक देरी और पेंडेंसी (Backlog) को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए ईपीएफओ के अफसरों को सख्त निर्देश दिए गए थे. इसके बाद पेंडेंसी को खत्म करने करने के लिए ईपीएफओ की ओर से 4 बड़े कदम उठाए गए. इसकी जानकारी लोकसभा में साझा की  गई, इसके साथ ही यह भी बताया गया कि अब पेंशन क्लेम का निपटारा तेजी से और समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित होगा.

ये है EPFO का 4-स्टेप स्पीड-अप फॉर्मूला 

1. ऑनलाइन जॉइंट ऑप्शन सबमिशन पोर्टल

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने पात्र पेंशनरों और मौजूदा सदस्यों को उच्च पेंशन के लिए ऑनलाइन जॉइंट ऑप्शन आवेदन जमा करने की सुविधा देने हेतु एक समर्पित डिजिटल पोर्टल की शुरुआत की है. इस डिजिटल व्यवस्था ने कागजी प्रक्रियाओं की निर्भरता को खत्म कर दिया है, जिससे शुरुआती आवेदन की प्रक्रिया आसान हो गई है और दावों को ट्रैक करने के लिए एक केंद्रीय प्रणाली तैयार हुई है. 

2. व्यवस्थित और सटीक सत्यापन प्रक्रिया

प्रोसेसिंग की रफ्तार से समझौता किए बिना वित्तीय सटीकता सुनिश्चित करने के लिए EPFO ने पुराने अंशदान रिकॉर्ड के सत्यापन के लिए मानक दिशा-निर्देश लागू किए हैं. इसके तहत नियोक्ता (employer) की ओर से जमा किए गए विवरण और EPFO के अपने डेटाबेस रिकॉर्ड का आपस में मिलान किया जाता है, ताकि पिछले वेतन पैटर्न की सही से पुष्टि हो सके.

3. क्षेत्रीय कार्यालयों को सख्त निर्देश

उच्च वेतन पर पेंशन आवेदनों के तय समय में निपटान के संबंध में EPFO के जोनल और क्षेत्रीय कार्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधकों को स्थानीय स्तर पर नियोक्ता से जुड़ी गड़बड़ियों को सुलझाने और तय समय सीमा के भीतर दावों को मंजूर करने का अधिकार भी दिया गया है.

4. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नियमित निगरानी

काम में जवाबदेही तय करने के लिए EPFO का वरिष्ठ नेतृत्व जोनल और क्षेत्रीय प्रमुखों के साथ नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करता है. इन बैठकों के जरिए से निपटान के आंकड़ों की समीक्षा की जाती है, प्रक्रिया में आ रही रुकावटों की पहचान होती है और जो कार्यालय अपने लक्ष्य से पीछे चल रहे हैं, उन्हें तुरंत मार्गदर्शन दिया जाता है. 

इसलिए अंटके थे लाखों हायर पेंशन क्लेम?

नवंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद, पात्र कर्मचारियों को 15,000 रुपये की कानूनी सीमा के बजाय अपने वास्तविक वेतन (Actual Salary) के आधार पर हायर पेंशन चुनने का विकल्प मिला था. इसके बाद ईपीएफओ को लाखों की संख्या में आवेदन प्राप्त हुए. हालांकि, इतने बड़े पैमाने पर आवेदनों आने और पुराने योगदान रिकॉर्ड में गलतियां, नियोक्ताओं यानी कंपनियों की ओर से वेरिफिकेशन में देरी, और जटिल सत्यापन प्रक्रियाओं की वजह से क्षेत्रीय कार्यालयों में आवेदन लटक गए थे.

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत के साथ तीन योजनाएं हुई शुरू, जानें कार्ड बनवाने का तरीका और पात्रता की पूरी जानकारी

इन 4 नए नियमों के लागू होने से न केवल कागजी गलतियां और तकनीकी कमियां तेजी से दूर होंगी, बल्कि क्षेत्रीय दफ्तरों को भी एक तय समय-सीमा के भीतर फाइलों का निपटारा करना होगा. इससे जिन पेंशनभोगियों का क्लेम पिछले कई महीनों से अटका हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द सत्यापित करके उनके बढ़े हुए पेंशन एरियर और मासिक पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें-  LPG सब्सिडी चाहिए, तो अभी करें यह एक काम! आज आखिरी तारीख से पहले समझ लें पूरा प्रोसेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EPFO, EPS Pension, Higher Pension, PF News, Pension Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com