- MP कैडर की IAS पल्लवी जैन गोविल को कॉर्पोरेट मामलों के विभाग की सचिव नियुक्त किया गया है
- उनके पति मनोज गोविल भी इसी विभाग में दो साल तक सचिव पद पर कार्यरत रह चुके हैं जो दुर्लभ उदाहरण है
- दोनों अधिकारी मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में कलेक्टर पद पर रह चुके हैं और केंद्र सरकार में डेपुटेशन पर हैं
देश की नौकरशाही में एक बेहद दुर्लभ और दिलचस्प संयोग देखने को मिला है. मध्य प्रदेश कैडर की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पल्लवी जैन गोविल को केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट मामलों के विभाग की नई सचिव नियुक्त किया गया है. कमाल की बात यह है कि जिस कॉरपोरेट अफेयर्स पद पर IAS पल्लवी जैन की तैनाती हुई है, उसी 'पावर चेयर' पर उनके आईएएस पति मनोज गोविल भी 2 साल तक सेवाएं दे चुके हैं. भारतीय प्रशासनिक सेवा में किसी दंपति द्वारा एक ही मंत्रालय में सचिव जैसे सर्वोच्च पद को बारी-बारी से संभालने का यह अपने आप में एक अनूठा उदाहरण है.

ias pallavi jain appointed corporate affairs secretary manoj govil
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश कैडर की 1994 बैच की आईएएस अधिकारी पल्लवी जैन गोविल को 10 अगस्त 2026 से कॉर्पोरेट अफेयर्स सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया गया है. वहीं, उनके पति 1991 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज गोविल 31 अक्टूबर 2022 से 21 अगस्त 2024 तक इसी पद पर कार्य कर चुके हैं.
मध्य प्रदेश के इन जिलों में रहे कलक्टर
भारतीय ब्यूरोक्रेसी के प्रमुख 'पावर कपल' में से एक पल्लवी जैन और मनोज गोविल का मूल कैडर मध्य प्रदेश है. राज्य में सेवाएं देने के दौरान दोनों अधिकारी दो-दो बार जिला कलेक्टर के पद पर रह चुके हैं. पल्लवी जैन राजगढ़ और सीधी जिले की कलेक्टर रही हैं, जबकि मनोज गोविल ने मंडला और धमतरी (अब छत्तीसगढ़ में) के जिला कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी निभाई है. वर्तमान में दोनों अधिकारी केंद्र सरकार में डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) पर हैं. मनोज गोविल को 31 अक्टूबर 2022 से 31 मार्च 2029 तक और पल्लवी जैन को 6 नवंबर 2023 से 30 नवंबर 2031 तक के लिए केंद्र में डेपुटेशन मिला है.

ias pallavi jain appointed corporate affairs secretary manoj govil
आईएएस पल्लवी जैन कौन हैं?
29 नवंबर 1971 को जन्मीं आईएएस पल्लवी जैन ने अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन, प्रिंसटन यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी कॉलेज (यूएसए) से पब्लिक पॉलिसी में पोस्ट ग्रेजुएशन, सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू यॉर्क तथा द अमेरिकन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में एम.फिल. और अर्थशास्त्र में ही पीएचडी की डिग्री हासिल की है.
मध्य प्रदेश कैडर में मंडला, बस्तर और शाजापुर ऐसे जिले हैं, जहां पल्लवी जैन के साथ-साथ उनके पति मनोज गोविल ने भी सेवाएं दी हैं. वर्ष 1999 से 2002 के बीच पल्लवी जैन मंडला में अतिरिक्त कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के पद पर तैनात थीं, उसी दौरान उनके पति मनोज गोविल मंडला के जिला कलेक्टर थे. इसी तरह 1997-1998 में मनोज गोविल बस्तर व शाजापुर में सीईओ रहे, जबकि उसी अवधि में पल्लवी जैन बस्तर में अतिरिक्त कलेक्टर व सीईओ और शाजापुर में एसडीओ के पद पर पदस्थ थीं.

ias pallavi jain appointed corporate affairs secretary manoj govil
आईएएस मनोज गोविल कौन हैं?
20 मार्च 1969 को जन्मे मनोज गोविल वर्तमान में नई दिल्ली में कार्मिक और सामान्य प्रशासन/कैबिनेट मामले के पद पर तैनात हैं. उन्होंने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स, आईआईटी कानपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक और प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में पीएचडी की है.
आईएएस मनोज गोविल ने 16 अगस्त 2024 से केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के सचिव का कार्यभार संभाला. इसके बाद वे केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट तैयार करने वाली कोर टीम का प्रमुख हिस्सा बने और देश का आम बजट तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मनोज गोविल मध्य प्रदेश में वाणिज्यिक कर विभाग और वित्त विभाग जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विभागों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
यह भी पढ़ें - IAS तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के 'अशोक खेमका': 21 साल में 25 जगह तबादला, जानें बार-बार क्यों होता ट्रांसफर?
यह भी पढ़ें - IAS आंजनेय सिंह: मुरादाबाद DM को चार्ज सौंपकर छुट्टी पर गए, आजम खान का ढहाया था किला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं