EPFO Pension Status online: अगर आपने हायर पेंशन के लिए आवेदन किया है और अब तक अपने क्लेम का स्टेटस नहीं देखा है, तो आपके लिए जरूरी अपडेट है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2022 के आदेश के बाद रिटायर्ड आवेदकों के लिए 1,49,806 पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) जारी किए हैं. यानी हायर पेंशन के लिए किए गए आवेदन पर लगातार कार्रवाई हो रही है.
आप घर बैठे ऐप, पोर्टल, SMS या मिस्ड कॉल के जरिए अपने क्लेम का स्टेटस देख सकते हैं.चलिए जानते हैं क्लेम ट्रैक करने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका...
15 लाख से ज्यादा हायर पेंशन क्लेम आए
श्रम और रोजगार मंत्रालय की राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि हायर वेज पर हायर पेंशन के लिए 15,24,365 क्लेम मिले हैं. इनमें से 5 अगस्त तक 11,595 क्लेम पेंडिंग थे.सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2022 में केंद्र को वास्तविक वेतन के आधार पर पेंशन योजना में ज्यादा योगदान की सुविधा देने का निर्देश दिया था. इसी के बाद हायर पेंशन से जुड़े मामलों में प्रक्रिया आगे बढ़ी.
मिनिमम पेंशन बढ़ाने की भी मांग
इसी बीच बीजेपी के राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण ने सरकार से मिनिमम पेंशन बढ़ाने पर विचार करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अभी न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये है, जबकि खाने-पीने, दवाइयों और इलाज का खर्च काफी बढ़ गया है.उन्होंने महंगाई के हिसाब से पेंशन बढ़ाने और पेंशनर्स सहित उनके जीवनसाथियों के लिए सस्ती स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी विचार करने की बात कही.
31 मार्च तक कर्मचारी पेंशन योजना के तहत 85,84,604 पेंशनर्स थे. इसी अवधि तक योजना के तहत 15,819.28 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका था.सरकार के मुताबिक, EPS 1995 को EPS 2026 से बदला गया है.
उमंग ऐप से ऐसे चेक करें क्लेम स्टेटस
हायर पेंशन क्लेम स्टेटस पता करने का सबसे आसान तरीका उमंग ऐप है....
- गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से उमंग ऐप डाउनलोड करें.
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर से रजिस्टर करें और 4 अंकों का MPIN बनाएं.
- लॉगिन करने के बाद ऑल सर्विसेज में EPFO चुनें.
- एम्प्लॉयी सेंट्रिक सर्विसेज पर जाएं.
- अब ट्रैक क्लेम या नो योर क्लेम स्टेटस चुनें.
- अपना 12 अंकों का UAN डालकर ओटीपी दर्ज करें.
- इसके बाद स्क्रीन पर आपके क्लेम की जानकारी और मौजूदा स्टेटस दिख जाएगा.
पोर्टल से भी देख सकते हैं स्टेटस
EPFO के सदस्य पोर्टल पर लॉगिन करें. ऑनलाइन सर्विसेज में जाकर ट्रैक क्लेम स्टेटस चुनें. यहां ट्रैकिंग आईडी, फॉर्म टाइप और मौजूदा स्टेटस दिखाई देगा.
SMS से ऐसे करें चेक
अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर EPFOHO UAN भाषा कोड फॉर्मेट के साथ SMS भेजें.उदाहरण के लिए EPFOHO 123456789012 BEN
अंग्रेजी के लिए ENG, हिंदी के लिए HIN, पंजाबी के लिए PAN, गुजराती के लिए GUJ, मराठी के लिए MAR, कन्नड़ के लिए KAN, तेलुगु के लिए TEL, तमिल के लिए TAM, मलयालम के लिए MAL और बंगाली के लिए BEN कोड इस्तेमाल किया जा सकता है.
मिस्ड कॉल से भी मिलेगी जानकारी
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर भी क्लेम स्टेटस या खाते की जानकारी ली जा सकती है. इसके अलावा EPFO के टोल-फ्री नंबर 1800 118 005 या 1800 114 470 पर कॉल करके भी स्टेटस की जानकारी ली जा सकती है.
ये भी पढ़ें- Pink Saheli Card: दिल्ली की बसों में अब फ्री में सफर नहीं कर पाएंगी ये महिलाएं, जान लें नया नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं