विज्ञापन

चीनी और प्‍याज ही नहीं अब अंडे के भी बढ़ गए दाम, जानिए बाजार में कौन सा आइटम कितना महंगा

चीनी और प्याज के बाद अब अंडों की कीमतों में 40% तक का उछाल आया है. खुदरा बाजार में एक अंडा 9 से 10 रुपये तक बिक रहा है. जानिए क्यों महंगे हो रहे हैं अंडे और दिसंबर तक कितना बढ़ेगा दाम...

चीनी और प्‍याज ही नहीं अब अंडे के भी बढ़ गए दाम, जानिए बाजार में कौन सा आइटम कितना महंगा
Egg price rise: रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर तक दाम 15-20% और बढ़ सकते हैं.

Egg Price Rise: नाश्ते की प्लेट से लेकर घर के महीने भर के बजट तक....अंडे की बढ़ती कीमतों का असर हर जगह दिखाई देने लगा है. पहले चीनी फिर प्याज और अब अंडे के दाम में भी बेतहाशा बढ़ोतरी देखी जा रही है.पिछले एक साल में देशभर में अंडों के दाम करीब 40% तक बढ़े हैं. कई शहरों में खुदरा बाजार में एक अंडा 9 से 10 रुपये तक बिक रहा है. वहीं चीनी और प्याज के भाव भी आम लोगों की जेब पर असर डाल रहे हैं.

अंडे का आज का भाव कितना है?

नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) के 5 सितंबर 2026 के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में एक अंडे का भाव 6 रुपये है. कोलकाता में यह करीब 6.02 रुपये प्रति अंडा है. हालांकि, स्थानीय बाजार में ग्राहकों को इससे ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है. कई जगहों पर अंडे 9 से 10 रुपये प्रति पीस तक बिक रहे हैं.

4 सितंबर 2026 के बाजार आंकड़ों के मुताबिक, देश में अंडे का थोक और NECC सुझाया गया भाव 4.90 रुपये प्रति अंडा था. 30 अंडों की एक ट्रे की कीमत 147 रुपये और 210 अंडों वाली एक पेटी का भाव 1,029 रुपये था. सुपरमार्केट में एक अंडे की कीमत करीब 5.39 रुपये बताई गई. हालांकि, अलग-अलग शहरों में अंडे की कीमत इससे अलग हो सकती है.

अंडे महंगे होने की वजह क्या है?

अंडों की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. पोल्ट्री फीड की बढ़ती लागत, मांग में इजाफा और कम उत्पादन इनमें प्रमुख हैं. मक्का की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. कुछ बाजारों में इसका भाव करीब 22 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है.

पोल्ट्री उत्पादन की कुल लागत में फीड का हिस्सा करीब 65 से 70% तक होता है. ऐसे में मक्का महंगा होने का सीधा असर अंडों की लागत पर पड़ता है. हालिया उद्योग आंकड़ों के मुताबिक, मक्का की कीमत करीब 26,500 रुपये प्रति टन है. तीन साल पहले यह लगभग 14,000 रुपये प्रति टन थी.

दिसंबर तक और बढ़ सकता अंडे का भाव

अंडों की कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी हो सकती है. Abhi Eggs के मुताबिक, दिसंबर तक इनपुट कॉस्ट में 15 से 20% तक और बढ़ोतरी हो सकती है. कंपनी ने यह भी कहा है कि वह फीड फॉर्मूला में सस्ते विकल्पों का इस्तेमाल नहीं कर रही है. इसमें टूटे चावल, गेहूं और सोयामील जैसे विकल्प शामिल हैं.

LocalCircles के एक सर्वे में 67,000 से ज्यादा परिवारों को शामिल किया गया था. 287 जिलों में हुए इस सर्वे में 62% परिवारों ने पिछले छह महीनों में अंडों की कीमतों में 10 से 50% या उससे ज्यादा बढ़ोतरी की बात कही. वहीं 48% परिवारों ने कीमत बढ़ने के बाद अंडे खरीदना कम कर दिया.

चीनी के भाव 60 रुपये के पार

अंडों के पहले चीनी की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी हुई है. 4 जुलाई 2026 को देश के प्रमुख बाजारों में चीनी का खुदरा भाव करीब 48 रुपये प्रति किलो था. अब यह 60 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है. यानी करीब दो महीनों में चीनी के भाव में लगभग 25% की बढ़ोतरी हुई है.दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद में चीनी का खुदरा भाव 60 रुपये प्रति किलो बताया गया है. वहीं चेन्नई में यह 61 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. इससे रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च बढ़ गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

प्याज की कीमतों में भी जोरदार उछाल, 1 महीने में 42%  महंगा

प्याज के भाव भी लोगों को राहत नहीं दे रहे हैं. देश के प्रमुख शहरों में प्याज की खुदरा कीमत 50 से 65 रुपये प्रति किलो के बीच है. अखिल भारतीय औसत खुदरा भाव करीब 50.50 रुपये प्रति किलो बताया गया है.

अगस्त में प्याज का औसत भाव 35.47 रुपये प्रति किलो था. सितंबर की शुरुआत में यह बढ़कर 50.50 रुपये प्रति किलो हो गया. यानी एक महीने में करीब 42% की बढ़ोतरी हुई. पिछले साल इसी अवधि में प्याज का औसत भाव 28.48 रुपये प्रति किलो था. कुछ बाजारों में इसकी कीमत 70 से 82 रुपये प्रति किलो तक भी पहुंच गई है.

ये भी पढ़ें-  अंडे पर भी महंगाई का डंडा, 40% तक बढ़ गए दाम, पेट्रोल वाला कारण कर देगा हैरान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Egg Price Hike, Egg Price Hike Reason, Egg Price Rise, Sugar Price Hike, Onion Price Hike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com