प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले कुछ हफ्तों में देश के 100 से ज्यादा शहरों में बफर स्टॉक से प्याज की सप्लाई शुरू की है, लेकिन क्या इसका वाकई उतना असर हुआ है, जितनी उम्मीद की गई थी? क्या प्याज के दाम उतने कम हुए हैं, जितने होने चाहिए थे? कंज्यूमर मिनिस्ट्री का दावा है कि कुछ राज्यों में इसका असर दिख रहा है.
उपभोक्ता मामलों के विभाग के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्याज की खुदरा कीमतें या तो स्थिर रही हैं या उनमें गिरावट दर्ज की गई है. विभाग के मुताबिक, प्याज की उपलब्धता बढ़ने से देश के कई हिस्सों में कीमतों का दबाव कम होने लगा है. बफर स्टॉक से सप्लाई बढ़ाए जाने के बाद बाजार में प्याज की उपलब्धता बेहतर हुई है.
दिल्ली समेत इन राज्यों में घटे दाम
खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 16 सितंबर से 23 सितंबर के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और तमिलनाडु में प्याज की औसत खुदरा कीमत में मामूली गिरावट आई है.
- दिल्ली: 16 सितंबर को प्याज की औसत कीमत 57 रुपये किलो थी, जो 23 सितंबर को 4 रुपये घटकर 53 रुपये किलो हो गई.
- उत्तर प्रदेश: कीमत 50.49 रुपये से घटकर 49.15 रुपये किलो हुई.
- मध्य प्रदेश: 47.08 रुपये से घटकर 45.92 रुपये किलो.
- तमिलनाडु: 60.91 रुपये से घटकर 58.79 रुपये किलो.
- पंजाब: 57.43 रुपये से घटकर 56.60 रुपये किलो.
- हिमाचल प्रदेश: 59.75 रुपये से घटकर 59.08 रुपये किलो.
वहीं, बिहार, चंडीगढ़, हरियाणा और सिक्किम में इस दौरान प्याज की कीमतों में कोई बदलाव नहीं देखा गया. हालांकि, कई जगहों पर कीमतों में मामूली बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है.
एक महीने में 29% महंगा हुआ प्याज
सरकारी हस्तक्षेप और बफर स्टॉक से सप्लाई बढ़ाने के बावजूद देशभर में प्याज की औसत खुदरा कीमत अभी एक महीने पहले के मुकाबले काफी ज्यादा है.
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 23 अगस्त को देशभर में प्याज की औसत खुदरा कीमत 42.05 रुपये किलो थी. 23 सितंबर को ये बढ़कर 54.27 रुपये किलो पहुंच गई.
यानी एक महीने में प्याज की औसत खुदरा कीमत 29.06% बढ़ गई. इससे साफ है कि कुछ राज्यों में पिछले हफ्ते राहत मिलने के बावजूद देशभर में प्याज की कीमतों पर दबाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
बंगाल में 'कांदा एक्सप्रेस' से पहुंचेगा प्याज
पश्चिम बंगाल में प्याज की सप्लाई बढ़ाने के लिए 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन आज कोलकाता पहुंच रही है. त्योहारों के मौसम से पहले इस पहल से कोलकाता और ;आसपास के जिलों में प्याज की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है.
कोलकाता में फिलहाल 25 से ज्यादा जगहों पर प्याज की खुदरा बिक्री की जा रही है. इनमें कोले मार्केट, मेचुआ मंडी, माणिकतला मार्केट, रामपुरिया मार्केट और श्याम बाजार मार्केट जैसे बड़े बाजार शामिल हैं.
सरकार की कोशिश बफर स्टॉक के जरिए सप्लाई बढ़ाकर त्योहारों के दौरान प्याज की उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों पर दबाव कम करने की है.
ये भी पढ़ें: फ्लाइट टिकट पर 10% की छूट, त्यौहारों में एयर इंडिया एक्सप्रेस का 99 ऑफर किनके लिए और किस कोड से बचेंगे 600 रुपये?;
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं