विज्ञापन

DA Hike का आज हो सकता है ऐलान, महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ा तो लेवल 1 से 18 तक सरकारी कर्मचारियों की कितनी हो जाएगी सैलरी?

DA Hike Announcement in Cabinet Meeting: आज 28 अक्‍टूबर बुधवार को होने वाली कैबिनेट मीटिंग में महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान संभव है. केंद्रीय कर्मचारियों को उम्‍मीद है कि DA में 4% की बढ़ोतरी की जा सकती है. ऐसे में जानिए किसकी सैलरी बढ़कर कितनी हो जाएगी.

DA Hike का आज हो सकता है ऐलान, महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ा तो लेवल 1 से 18 तक सरकारी कर्मचारियों की कितनी हो जाएगी सैलरी?
DA Hike पर सरकार आज कर सकती है ऐलान
Source: NDTV Graphics/Canva

देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी (DA Hike) के ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. वहीं लाखों पेंशनर्स को भी महंगाई राहत (DR Hike) में बढ़ोतरी का इंतजार है. ये DA Hike जुलाई 2026 से ही ड्यू है. यानी जुलाई से ही महंगाई भत्ते का एरियर जोड़कर दिया जाएगा. दुर्गा पूजा-दशहरा बीत गया और अब दिवाली आने वाली है. ऐसे में केंद्र सरकार की कैबिनेट मीटिंग से केंद्रीय कर्मियों की उम्‍मीद बंध जाती है. आज बुधवार को एक बार फिर 55 लाख से ज्‍यादा केंद्रीय कर्मचारी डीए हाइक के ऐलान की उम्‍मीद लगाए हुए हैं. 

पिछले बुधवार, 22 अक्‍टूबर को कैबिनेट मीटिंग नहीं हुई थी और इसलिए आज 28 अक्‍टूबर को मीटिंग होने की उम्‍मीद है. अभी केंद्रीय कर्मियों का महंगाई भत्ता मूल वेतन का 60 फीसदी है, जिसके बढ़ कर 63 या 64 फीसदी होने का अनुमान है. 4 फीसदी बढ़ोतरी होने पर कर्मचारियों की सैलरी में बड़ा इजाफा हो सकता है.  

10 हजार रुपये तक बढ़ जाएगी कर्मचारियों की सैलरी 

महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोतरी होने के बाद डीए मौजूदा 60 फीसदी से बढ़कर 64 फीसदी हो जाएगा और ऐसे में कर्मचारियों की सैलरी में 10 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि ये मैक्सिमम बढ़ोतरी होगी. 10 हजार रुपये बढ़ोतरी लेवल 18 के कर्मियों की होगी. 

लेवल 1 के कर्मचारियों को अभी महंगाई भत्ते के तौर पर उनके मूल वेतन 18,000 रुपये का 60 फीसदी 10,800 रुपये मिलते हैं, जिससे उनकी मौजूदा सैलरी (मूल वेतन + DA) कुल 28,800 रुपये बनती है. डीए हाइक के बाद यानी 64 फीसदी डीए पर उनकी सैलरी 29,520 रुपये हो जाएगी यानी उन्‍हें 720 रुपये महीने या सालाना 8,640 रुपये का फायदा होगा. 

इसी तरह लेवल-2 के सरकारी कर्मचारियों की सैलरी 31,840 रुपये से बढ़कर 32,636 रुपये हो जाएगी और लेवल-4 के कर्मचारियों की सैलरी 40,800 रुपये से बढ़कर 41,820 रुपये हो जाएगी. 

लेवल-7 के केंद्रीय कर्मचारियों को करीब 1800 रुपये महीने का फायदा होगा और उनकी सैलरी 71,840 रुपये से बढ़कर 73,636 रुपये हो जाएगी. लेवल 9 के कर्मियों की सैलरी 84,960 रुपये से 2,124 रुपये बढ़कर 87,084 रुपये हो जाएगी. 

लेवल 14 के सरकारी अधिकारियों की सैलरी 2,30,720 रुपये से 5,768 रुपये बढकर 2,36,488 रुपये हो जाएगी और इसी तरह सबसे ज्‍यादा फायदा लेवल 18 के अधिकारी को होगा, जिनकी सैलरी 4 लाख से बढ़कर 4.10 लाख रुपये/महीने हो जाएगी. उन्‍हें सालाना 1.20 लाख रुपये का फायदा होगा. नीचे पूरा चार्ट देखिए. 

1 जुलाई से ही DA हाइक बाकी, एरियर के साथ होगा भुगतान

केंद्रीय कर्मचारियों का डीए हाइक 1 जुलाई 2026 से ही बाकी है. ऐलान आज हो या कल, महंगाई भत्ते में ये बढ़ोतरी जुलाई से ही लागू होगी. यानी कर्मचारियों को नेक्‍स्‍ट सैलरी में एरियर भी जोड़ कर दिया जाएगा. 

ऑल इंडिया CPI-IW के आंकड़ों और तय फॉर्मूले के आधार पर दर तय होने के बाद प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकारी के सामने रखा जाता है और डीए हाइक तय किया जाता है.  

कॉन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स (COCGEW) ने पिछले दिनों मांग की है कि DA/DR में संशोधन का फैसला बिना देरी के किया जाए. इससे संशोधित दर 1 जुलाई 2026 से लागू की जा सकेगी और उस तारीख से बनने वाले बकाया एरियर का भुगतान भी किया जा सकेगा.

DA में 3 या 4 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान संभव 

कर्मचारी संगठन ने पत्र में पिछले कुछ वर्षों में DA की दरों में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया है. इसके मुताबिक जुलाई 2023 में केंद्रीय कर्मचारियों का DA 46% था. जनवरी 2024 में ये बढ़कर 50%, जुलाई 2024 में 53%, जनवरी 2025 में 55%, जुलाई 2025 में 58% और जनवरी 2026 से 60% हो गया. यानी जुलाई 2023 से जनवरी 2026 के बीच DA में कुल 14 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है.

देश में अभी 7वां केंद्रीय वेतन आयोग (7th Pay Commission) लागू है और इसके नियमों के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले DA का निर्धारण पिछले 12 महीनों (जुलाई 2025 से जून 2026) के औसत AICPI-IW सूचकांक के आधार पर किया जाता है.

केंद्र सरकार के कर्मियों के लिए तय फॉर्मूला ये है- 

DA% =  [(12 महीनों का औसत AICPI-IW × 2.88) − 261.33] / 261.33 × 100

इस कैलकुलेशन पर DA करीब 63.82% बनता है. यानी राउंड फिगर में ये 63 या 64 फीसदी हो सकता है. यानी मौजूदा DA-DR से 3-4% बढ़ोतरी की उम्‍मीद की जा रही है.  

यह भी पढ़ें | सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 6 फीसदी से ज्‍यादा बढ़ा, DA की 2 किस्‍तें मंजूर, बंपर एरियर का भी ऐलान

यह भी पढ़ें | सरकारी कर्मचारियों का DA तीन फीसदी बढ़ा, सरकार ने HRA भी बढ़ाया, यहां अक्टूबर से ही मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DA Hike 3 To 4 Percent, DA Hike Announcement, DA Hike Calculator, DA Hike Salary Hikes, Cabinet Meeting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com