- यूपी कैबिनेट में 30 प्रस्तावों पर फैसला लिया गया.
- नोएडा में डीप टेक यू-हब के लिए 281 करोड़ मंजूर.
- आगरा के बाह में बनेगा नया स्टेडियम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय कैबिनेट बैठक में कुल 30 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई. नोएडा में 'डीप टेक यू-हब' और आगरा में खेल स्टेडियम के निर्माण के अलावा, राज्य सरकार ने बुनियादी ढांचे, निवेश प्रोत्साहन और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कई अन्य अहम फैसले भी लिए हैं. इसके अलावा तकनीकी शिक्षा से लेकर खेल सुविधाओं, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और हवाई कनेक्टिविटी तक कई अहम मुद्दों पर निर्णय लिए गए. कैबिनेट के फैसलों में सबसे खास आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में डीप टेक यू-हब बनाने का प्रस्ताव है. इसके निर्माण पर 281.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस केंद्र के बनने से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में शोध तथा नए उद्यमों को तेजी से बढ़ावा मिलेगा, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
आगरा में बनेगा नया खेल स्टेडियम
ग्रामीण इलाकों के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कैबिनेट ने खेल बुनियादी ढांचे के विस्तार को मंजूरी दी है. इसके तहत आगरा जिले के बाह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत उगनपुरा में एक आधुनिक खेल स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. इस स्टेडियम के बन जाने से स्थानीय स्तर पर युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
अन्य महत्वपूर्ण फैसले
लखनऊ में राज्य सहकारी महाविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है. इसके लिए 4.51 हेक्टेयर जमीन निःशुल्क दी जाएगी.
महिला एवं बाल सम्मान कोष की नई नियमावली-2026 लागू करने का फैसला लिया गया है. इसके तहत महिला उत्पीड़न और दूसरे अपराधों की पीड़िताओं को मुआवजा देने की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.
आशा कार्यकर्ताओं, शहरी आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई.
सेमीकंडक्टर और डीप टेक सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए भी प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं.
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास लॉजिस्टिक्स क्लस्टर बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है.
कैबिनेट ने 102 और 108 एंबुलेंस सेवा के संचालन से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
बागपत में योग केंद्र बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है
कैबिनेट बैठक में राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई अन्य नीतिगत निर्णय भी लिए गए हैं. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने तथा सरकारी योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से जुड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई है.
ये भी पढ़ें - यूपी पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद मई में होंगे, योगी कैबिनेट ने अध्यादेश को दी मंजूरी
यह भी पढ़ें | UP को गंगा एक्सप्रेसवे समेत 7 बड़े एक्सप्रेसवे ने दी रफ्तार, 4 अन्य की तैयारी, गोरखपुर से निकलेंगे 2 बड़े रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं