विज्ञापन

बिल गेट्स की बेटी पर लगा 'कूकी स्टफिंग' फ्रॉड का आरोप, हो सकती है 20 साल तक की जेल, जानिए पूरा मामला

Bill Gates Daughter Scam: बिल गेट्स की बेटी फोबे गेट्स के स्टार्टअप 'फिया' पर फर्जी तरीके से कमाई करने का आरोप है.आखिर क्या होता है 'कूकी स्टफिंग' फ्रॉड, जिसमें फंसी बिल गेट्स की बेटी फोबे गेट्स?

बिल गेट्स की बेटी पर लगा 'कूकी स्टफिंग' फ्रॉड का आरोप, हो सकती है 20 साल तक की जेल, जानिए पूरा मामला
Bill Gates Daughter Phoebe Gates: फोबे गेट्स माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स की बेटी हैं.

Phoebe Gates Startup Fraud Case: माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स (Bill Gates) की 23 साल की बेटी फोबे गेट्स (Phoebe Gates) इन दिनों अपने शॉपिंग स्टार्टअप फिया (Phia) को लेकर चर्चा में हैं. फोबे और उनकी को-फाउंडर सोफिया कियानी पर कंपनी में ‘कूकी स्टफिंग' नाम की डिजिटल स्कैम से जुड़े आरोप लगे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी कानून के तहत इस कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को 20 साल तक की जेल हो सकती है.

क्या है कूकी स्टफिंग फ्रॉड?

सबसे पहले समझते हैं कि आखिर कूकी स्टफिंग होता क्या है. आसान भाषा में कहें तो जब कोई व्यक्ति किसी वेबसाइट पर खरीदारी करता है, तब उसके ब्राउजर में एक छोटी ट्रैकिंग फाइल यानी ‘कूकी' डाली जाती है. फिया एक ब्राउजर एक्सटेंशन है, जो अलग-अलग ऑनलाइन स्टोर पर डिस्काउंट और कूपन कोड खोजने में मदद करता है. अगर ग्राहक फिया के कूपन का इस्तेमाल करके खरीदारी करता है, तो फिया को उस बिक्री का कमीशन मिल सकता है.

लेकिन आरोप है कि कुछ मामलों में ग्राहक ने फिया की मदद या कूपन का इस्तेमाल नहीं किया, फिर भी उसके ब्राउजर में ऐसी कूकी डाल दी गई. इससे ऐसा दिखता है कि खरीदारी फिया की वजह से हुई और कंपनी को कमीशन मिल सकता है. इसी तरीके को कूकी स्टफिंग कहा जाता है.

फिया पर क्या आरोप लगे हैं?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, फिया के सिस्टम में यह गड़बड़ी कम से कम दिसंबर 2025 से चल रही थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि नाइकी, गैप और नॉर्डस्ट्रॉम जैसी कंपनियों की वेबसाइट पर खरीदारी के दौरान भी ऐसे कूकी डाले गए, जबकि ग्राहक ने फिया का इस्तेमाल नहीं किया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, इस तरीके से मिलने वाली रकम फिया की कमाई का बड़ा हिस्सा थी. जून में कूकी स्टफिंग से जुड़ी बिक्री कंपनी द्वारा दावा किए गए कुल मर्चेंडाइज वैल्यू का करीब 51 फीसदी थी.

जुलाई में सामने आया मामला

फिया ने जुलाई में कहा था कि उसे इस समस्या के बारे में पिछले 24 घंटे में ही पता चला और इसे एक टेक्निकल इशू बताया था. लेकिन ब्लूमबर्ग ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से दावा किया कि कंपनी के फाउंडर को इस गड़बड़ी के बारे में कम से कम सात महीने से  पता था.

फोबे गेट्स की चैट भी चर्चा में

रिपोर्ट के मुताबिक, 18 दिसंबर को फोबे गेट्स ने एक स्लैक चैनल में चिंता जताई थी कि क्या यह समस्या सभी वेबसाइटों पर है. उन्होंने यह भी पूछा था कि सभी साइटों पर कूपन के साथ ऑटो पॉप और कूकी ड्रॉप चालू है या नहीं, ताकि कंपनी सभी बिक्री पर कमाई कर सके. को-फाउंडर सोफिया कियानी ने कथित तौर पर यूजर द्वारा फिया का पॉप-अप बंद करने पर भी कूकी डालने का सुझाव दिया था. 

हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक क्रोम की पाबंदी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने माना कि ऐसा करना मुश्किल था. फिया ने कहा है कि यह फीचर कभी लागू नहीं किया गया.

फिया ने क्या  दी सफाई?

फिया के प्रवक्ता ने कहा कि गलत तरीके से बिक्री  वाले फीचर 7 जुलाई को तुरंत हटा दिए गए थे. कंपनी हर लेनदेन को रिव्यू कर रही है और गलत तरीके से दिए गए कमीशन को ब्रांड पार्टनर्स को वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है. कंपनी ने यह भी कहा है कि वह आगे ऐसी समस्या रोकने के लिए कंप्लायंस हेड की नियुक्ति कर रही है.

रिपोर्ट के मुताबिक, एफिलिएट नेटवर्क इम्पैक्ट डॉट कॉम ने फिया को सस्पेंड कर दिया है और उसके कमीशन को दूसरी जगह भेज दिया है.

फिया ने कितना पैसा जुटाया था?

फिया ने 2025 में 3 करोड़ डॉलर यानी करीब 250 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी. इसके निवेशकों में हैली बीबर, क्रिस जेनर और सारा ब्लेकली जैसे नाम शामिल थे.फोबे गेट्स माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स की बेटी हैं. फोर्ब्स के मुताबिक, बिल गेट्स की संपत्ति करीब 108.4 अरब डॉलर है. अब फिया से जुड़े इन आरोपों के बाद कंपनी और फोबे गेट्स दोनों पर लोगों की नजर बनी हुई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bill Gates, Bill Gates Daughter, Phoebe Gates, Phoebe Gates Startups
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com