एयर इंडिया ने भारत से अमेरिका के न्यूयॉर्क के लिए अपनी सभी नॉन-स्टॉप उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं. अब दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाले यात्रियों को बीच रास्ते में रोम में रुकने की जरूरत नहीं होगी. इससे यात्रियों का सफर करीब 5 घंटे तक कम हो जाएगा.
दरअसल, पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर पाबंदियां लगने के कारण एयर इंडिया को अपनी उड़ानों के रूट में बदलाव करना पड़ा था. इसके चलते विमानों को रोम में रुककर ईंधन भरना पड़ता था. अब हवाई क्षेत्र खुलने के बाद एयर इंडिया ने अपनी सीधी उड़ानें बहाल कर दी हैं.
अब 17 घंटे में पूरा होगा सफर
पहले दिल्ली या मुंबई से न्यूयॉर्क पहुंचने में करीब 22 घंटे लगते थे. लेकिन नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू होने के बाद यह समय घटकर लगभग 17 घंटे रह जाएगा। यानी यात्रियों के करीब 5 घंटे बचेंगे.
दिल्ली और मुंबई से कितनी उड़ानें चलेंगी?
एयर इंडिया के शेड्यूल के मुताबिक, दिल्ली से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी (JFK) एयरपोर्ट के लिए रोजाना एक सीधी उड़ान संचालित होगी. मुंबई से भी JFK एयरपोर्ट के लिए हर दिन एक उड़ान उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा दिल्ली से न्यूयॉर्क के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट के लिए सप्ताह में चार उड़ानें चलाई जाएंगी. वहीं, मुंबई से न्यूयॉर्क एयरपोर्ट के लिए हफ्ते में 3 फ्लाइट्स ऑपरेट होंगी.
इन विमानों से होगा सफर
दिल्ली से JFK और न्यूयॉर्क एयरपोर्ट के लिए एयर इंडिया Airbus A350-900 विमान ऑपरेट करेगी. वहीं, मुंबई से न्यूयॉर्क के दोनों रूट पर Boeing 777-300ER विमानों का इस्तेमाल किया जाएगा. इन विमानों में यात्रियों को बिजनेस क्लास, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी क्लास की सुविधा मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं