- कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट को हाईजैक की धमकी देने वाला गिरफ्तार
- धमकी भरा नोट फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर लिखा हुआ पाया गया था, जिसके बाद यात्री घबरा गए थे
- पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और फ्लाइट को आइसोलेशन बे में ले जाया गया
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मामले में एक यात्री को पकड़ लिया गया है. उसे NSCBI एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है. आरोप है कि बुधवार को फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी भरा नोट टॉयलेट के शीशे पर उसी ने लिखा था. इस घटना से बुधवार को फ्लाइट में हड़कंप मच गया था. जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी को अलर्ट किया और सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर आ गईं थीं. पूरी फ्लाइट की तुरंत तलाशी शुरू की गई.
फ्लाइट हाईजैक की धमकी से मचा था हड़कंप
ये पूरा बवाल तब हुआ जब फ्लाइट सुबह 10:20 बजे टेक-ऑफ की तैयारी कर रही थी. तब पायलट को धमकी मिली और उसने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी. जिसके बाद फ्लाइट को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सुरक्षा कर्मियों ने विमान के अंदर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. हालांकि कोई भी संदिग्ध वस्तु वहां नहीं मिली.

यात्री काफी डर गए थे, चेहरे पर घबराहट थी
जानकारी के मुताबिक, मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की इस फ्लाइट में 92 यात्री सवार थे. फ्लाइट बस टेक-ऑफ का इंतजार ही कर रही थी, तभी पायलट को धमकी के बारे में पता चला. फ्लाइट के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिला था, जिसमें उसे हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी. पायलट ने एटीसी के निर्देशों का पालन करते हुए विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में पहुंचाया. वहीं सभी यात्रियों को भी बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. इस घटना से यात्री काफी डर गए थे. उनके चेहरों पर घबराहट साफ दिखाई दे रही थी.
कोलकाता एयरपोर्ट पर पहले भी मिलीं बम की धमकी
कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट को लेकर ये कोई पहली धमकी नहीं थी. पिछले महीने के कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार दो बार बम की झूठी धमकियां मिली चुकी हैं. 3 अक्टूबर को कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की एक धमकी टिश्यू पेपर पर लिखी मिली थी. इसके बाद, 24 अक्टूबर को थाईलैंड के फुकेत से कोलकाता आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के वॉशरूम के शीशे पर बम की धमकी लिखी मिली थी, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई थी. हालांकि, दोनों ही मामलों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और ये धमकियां झूठी साबित हुईं थीं.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-मुंबई-कोलकाता एअर इंडिया फ्लाइट से हाईजैक अलर्ट, दमदम एयरपोर्ट पर मची अफरातफरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं