पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ATF की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर पड़ने लगा है. इंडिगो एयरलाइन के बाद एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने घरेलू और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने या लागू करने का फैसला किया है. नई दरें 9 अक्टूबर 2026 से की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होंगी.
एयर इंडिया एक्सप्रेस में संशोधित फ्यूल सरचार्ज 9 अक्टूबर की रात 12 बजे से की गई नई बुकिंग पर लागू होगा. वहीं, एयर इंडिया में 9 अक्टूबर सुबह 11 बजे से की गई नई बुकिंग पर नई दरें लागू होंगी.
एयर इंडिया में घरेलू उड़ानों पर कितना सरचार्ज?
एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों में यात्रा की दूरी के आधार पर फ्यूल सरचार्ज तय किया है.
दूरी: वन-वे फ्यूल सरचार्ज
- 0-500 किमी: 400 रुपये
- 501-1,000 किमी: 600 रुपये
- 1,001-1,500 किमी: 850 रुपये
- 1,501-2,000 किमी: 1,200 रुपये
- 2,000 किमी से ज्यादा: 1,200 रुपये
यानी सबसे लंबी घरेलू उड़ानों पर यात्रियों को एक तरफ की यात्रा के लिए 1,200 रुपये तक अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज देना होगा.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर कितना बढ़ा खर्च?
एयर इंडिया ने चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी नया फ्यूल सरचार्ज तय किया है.
कहां के लिए: वन-वे सरचार्ज
- नॉर्थ अमेरिका: 215 अमेरिकी डॉलर
- ऑस्ट्रेलिया: 210 अमेरिकी डॉलर
- यूरोप और UK: 135 अमेरिकी डॉलर
- वेस्ट एशिया/मिडिल ईस्ट: 55 अमेरिकी डॉलर
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, फ्यूल सरचार्ज में ये बढ़ोतरी बढ़ी हुई ईंधन लागत के असर को आंशिक रूप से कम करने के लिए की गई है.
अकासा एयर ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज
अकासा एयर ने भी घरेलू उड़ानों पर नया फ्यूल सरचार्ज लगाने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर मौजूदा सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है.
एयरलाइन के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण एटीएफ की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इससे एयरलाइंस की परिचालन लागत पर दबाव बढ़ा है.
अकासा एयर का नया सरचार्ज 9 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे से की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर लागू होगा.
अकासा की घरेलू उड़ानों पर कितना सरचार्ज?
अकासा एयर घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से 375 रुपये से 1,150 रुपये तक फ्यूल सरचार्ज लेगी.
- 0-500 किमी: 375 रुपये
- 501-1,000 किमी: 600 रुपये
- 1,001-1,500 किमी: 900 रुपये
- 1,501 किमी या उससे ज्यादा: 1,150 रुपये
वहीं, भारत से कुवैत, कतर, सऊदी अरब, यूएई, थाईलैंड और वियतनाम जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 2,500 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया गया है.
नई बुकिंग पर लागू होंगी दरें
यात्रियों के लिए सबसे अहम बात ये है कि संशोधित फ्यूल सरचार्ज नई बुकिंग पर लागू होगा. यानी 9 अक्टूबर से टिकट बुक करने वाले यात्रियों को संबंधित एयरलाइन और उड़ान के हिसाब से बढ़ा हुआ सरचार्ज देना होगा.
एटीएफ की बढ़ती लागत का असर एयरलाइंस की परिचालन लागत पर पड़ रहा है और कंपनियां उसका एक हिस्सा फ्यूल सरचार्ज के जरिए यात्रियों से वसूल रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं